बीटीएससी भर्ती में जून 2025 तक के SC, ST, OBC NCL EWS आरक्षण सर्टिफिकेट होंगे मान्य
कोर्ट ने बीटीएससी स्टाफ नर्स भर्ती में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी। अदालत ने 13 जून 2025 तक जारी जाति, नॉन-क्रीमी लेयर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के प्रमाण-पत्रों को मान्य करने का आदेश दिया है।

पटना हाई कोर्ट ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) की स्टाफ नर्स भर्ती में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी। अदालत ने 13 जून 2025 तक जारी जाति, नॉन-क्रीमी लेयर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के प्रमाण-पत्रों को मान्य करने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति पार्थ सारथी की एकलपीठ ने शाहिद अख्तर सहित दस अन्य की ओर से दायर अर्जी पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक प्रमाण-पत्र जमा करने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित आरक्षित श्रेणी में ही रखते हुए परिणाम प्रकाशित किया जाए।
बीटीएससी ने स्टाफ नर्स के 11,389 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अप्रैल से 23 मई 2025 रखी गई थी। बिहार नर्सिंग कैडर नियमावली, 2024 के तहत बिहार के बाहर से जीएनएम करने वाले अभ्यर्थियों के लिए भारतीय नर्सिंग परिषद से उपयुक्तता प्रमाण-पत्र अनिवार्य किया गया था। इस शर्त को चुनौती देने पर कोर्ट ने 16 मई 2025 को आदेश देते हुए संबंधित प्रमाण-पत्र व नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण के बिना आवेदन करने की अनुमति दी थी।
इसके बाद आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 जून 2025 कर दी। अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली, लेकिन दस्तावेज सत्यापन के दौरान आयोग ने 23 मई के बाद जारी आरक्षण संबंधी प्रमाण-पत्रों को अमान्य मानकर संबंधित अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में रख दिया। कोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग की मुख्य निदेशक (नर्सिंग) के 21 मई 2026 के पत्र का भी संज्ञान लिया, जिसमें 13 जून तक अपलोड प्रमाण-पत्र स्वीकार करने की बात कही गई थी। इसके बाद आयोग को 13 जून 2025 तक जारी प्रमाण-पत्रों के आधार पर आरक्षित श्रेणी में परिणाम प्रकाशित करने का निर्देश दिया।
बीपीएससी 72वीं की 25 को होने वाली पीटी स्थगित
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने एकीकृत 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा 25 अक्तूबर को होनी थी। इस परीक्षा से 1187 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग की सूचना में कहा गया है कि अपरिहार्य कारणों से परीक्षा स्थगित की गई है। परीक्षा की नई तिथि की घोषणा बाद में होगी। इस संबंध में आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने अधिसूचना जारी कर दी है। परीक्षा स्थगित होने के पीछे चुनावी तैयारियों को भी एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। 23 अक्तूबर को मतदान और 27 अक्तूबर को मतगणना होनी है। ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती और परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता को लेकर परेशानी हो सकती थी।
पटना के कई कॉलेजों में भी चुनाव के लिए मतदान केंद्र बनाए जाते हैं। वहीं कई इलाकों में बाढ़ से लोग प्रभावित हैं। ऐसे में संबंधित क्षेत्रों में परीक्षा आयोजित कराने में कठिनाई हो सकती थी।

