दुनिया के सबसे बड़ा कौन सा, SBI की रिपोर्ट में किसका जलवा, भारत की नीट परीक्षा कितने नंबर पर?
एसबीआई की ताजा रिपोर्ट में दुनिया के सबसे बड़े एग्जाम्स की लिस्ट जारी हुई है। चीन का गाओकाओ पहले तो भारत का नीट पांचवें नंबर पर है। पढ़ें पूरी खबर।

मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे कोर्सेज में दाखिला पाने का ख्वाब इस देश का लगभग हर नौजवान देखता है। लेकिन जब सालों की जी-तोड़ मेहनत के बाद पेपर लीक जैसी खबरें सामने आती हैं तो लाखों छात्रों के सपनों का महल एक झटके में ढह जाता है। हाल ही में भारत में नीट यूजी परीक्षा में हुई धांधली और उसके बाद मचे सियासी बवाल ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इसी गरमागरम माहौल के बीच स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की एक बेहद दिलचस्प रिसर्च रिपोर्ट आई है। 30 सितंबर को जारी हुई इस रिपोर्ट में दुनिया भर में होने वाले सबसे बड़े कॉम्पिटिटिव एग्जाम्स का कच्चा-चिट्ठा खोला गया है। इसमें उन देशों और वहां की परीक्षाओं की लिस्ट दी गई है जहां सबसे ज्यादा तादाद में छात्र फॉर्म भरते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस ग्लोबल लिस्ट में हमारा नीट यूजी पांचवें नंबर पर मौजूद है।
क्या कहती है दुनिया के सबसे बड़े एग्जाम्स की लिस्ट?
SBI की इस रिसर्च के मुताबिक, दुनिया का सबसे बड़ा इम्तिहान चीन का गाओकाओ (Gaokao) है। यह वहां का नेशनल कॉलेज-एंट्रेंस एग्जाम है, जिसके लिए करीब 1.29 करोड़ छात्र अप्लाई करते हैं। इसके बाद ब्राजील के ईएनईएम एग्जाम का नंबर आता है, जिसमें 48 लाख से ज्यादा फॉर्म भरे जाते हैं। लिस्ट में तीसरे और चौथे नंबर पर भी चीन का ही दबदबा है, जहां सेंट्रल सिविल सर्विस एग्जाम (गुओकाओ) में 37 लाख और नेशनल मास्टर्स एंट्रेंस एग्जाम में 34 लाख कैंडिडेट बैठते हैं।
इसके बाद पांचवें पायदान पर भारत का नीट यूजी है जिसके लिए हर साल करीब 25 लाख से ज्यादा बच्चे आवेदन करते हैं। अगर भारत के बाकी बड़े एग्जाम्स की बात करें, तो संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी सीएसई) में करीब 12 लाख, जेईई मेन्स में लगभग 10 लाख और यूजीसी नेट में 8 लाख के आसपास फॉर्म भरे जाते हैं। लिस्ट में तुर्की का वाईकेएस, नाइजीरिया का यूटीएमई और अमेरिका का एसएटी एग्जाम भी शामिल है।
चीन में परीक्षा मानो कोई मिलिट्री ऑपरेशन हो
इस रिपोर्ट का सबसे रोमांचक और हैरान करने वाला हिस्सा चीन के 'गाओकाओ' एग्जाम की सुरक्षा व्यवस्था है। चीन इस परीक्षा को जिस तरह कंडक्ट कराता है, वह किसी हॉलीवुड फिल्म के एक्शन सीन से कम नहीं लगता। साल 2026 में 1.29 करोड़ बच्चों के लिए 7,981 एग्जाम सेंटर और 3 लाख 48 हजार कमरे बनाए गए। लेकिन असली खेल पेपर की सुरक्षा का है।
चीन में क्वेश्चन पेपर किसी आम प्रिटिंग प्रेस में नहीं बल्कि कड़ी सुरक्षा वाली सरकारी जेलों के अंदर छापे जाते हैं, जहां 24 घंटे कैमरों की निगरानी रहती है। जब इन पेपर्स को एग्जाम सेंटर तक भेजना होता है, तो हथियारों से लैस पुलिस और SWAT कमांडो की टीमें साथ चलती हैं। पेपर ले जाने वाली गाड़ियां बख्तरबंद और जीपीएस से लैस होती हैं। रास्ते की लाइव-स्ट्रीमिंग होती है और अगर गाड़ी अपने तय रूट से जरा भी भटकती है, तो तुरंत अलार्म बजने लगता है। सेंटर पर पहुंचने के बाद पेपर्स को ऐसे कमरों में रखा जाता है जो पूरी तरह स्टील से बने होते हैं। इन कमरों में मोशन सेंसर लगे होते हैं जिनका सीधा कनेक्शन लोकल पुलिस स्टेशन से होता है। हालांकि, इतनी तगड़ी और हाई-टेक सिक्युरिटी के बावजूद चीन का यह सिस्टम पूरी तरह फुलप्रूफ नहीं है और वहां भी कभी-कभार चीटिंग या पेपर चोरी की छिटपुट वारदातें सामने आ ही जाती हैं।
भारत का नीट विवाद काफी आम
चीन की इस कड़ी निगहबानी की तुलना जब हम अपने सिस्टम से करते हैं, तो तस्वीर थोड़ी निराश करती है। भारत में अंडरग्रेजुएट लेवल के मेडिकल एडमिशन के लिए नीट यूजी की परीक्षा है। बीते 3 मई 2026 को हुए इस इम्तिहान के कुछ ही दिनों बाद पेपर लीक की खबरों ने पूरे देश में तहलका मचा दिया। छात्र सड़कों पर उतर आए। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के समर्थन से छात्रों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। इस पूरी धांधली और चौतरफा दबाव का ही नतीजा था कि 25 जुलाई को पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा तक देना पड़ गया। यह पूरा विवाद इस बात का सबूत है कि हमारे एजुकेशन और एग्जामिनेशन सिस्टम में कई बड़ी खामियां मौजूद हैं, जिन्हें तुरंत दूर करने की जरूरत है।

