रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती अब अलग से, RRB सिर्फ एक चरण में कराएगा CBT लिखित परीक्षा
रेलवे स्टेशन मास्टर की भर्ती अब अलग से होगी। परीक्षा भी एक चरण में होगी। पहले यह भर्ती आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल की वैकेंसी में शामिल होती थी लेकिन 2026 से इस पद को हटा लिया गया है।

रेलवे में स्टेशन मास्टर (एसएम) बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया आसान होने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर पद की भर्ती के लिए अलग केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने और दो चरणों की लिखित परीक्षा खत्म करने का फैसला किया है। अब अभ्यर्थियों को सीबीटी-1 और सीबीटी-2 के बजाय सिर्फ एक सिंगल स्टेज कंप्यूटर आधारित परीक्षा देनी होगी। नई व्यवस्था में लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए दो घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में बेसिक साइंस, गणित एवं डेटा विश्लेषण से 60, लॉजिकल कैपेबिलिटी से 20 और मेंटल रीजनिंग से 20 अंक के सवाल होंगे। लिखित परीक्षा के आधार पर रिक्तियों के आठ गुना अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी) के लिए बुलाया जाएगा। आपको बता दें कि पहले रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल की वैकेंसी में शामिल होती थी लेकिन 2026 से इस पद को हटा लिया गया है।
अंतिम मेरिट में लिखित परीक्षा के 70 और सीबीएटी के 30 प्रतिशत अंक जोड़े जाएंगे। इसके बाद एक-एक अनुपात में अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा। स्नातक योग्यता वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। पद का वेतन लेवल-6 और मेडिकल मानक ए-2 रहेगा।
रेलवे जेई भर्ती के आवेदनों का स्टेटस जारी
आरआरबी ने कनिष्ठ अभियंता (जेई), डिपो सामग्री अधीक्षक और रासायनिक एवं धातुकर्म सहायक भर्ती के आवेदनों की जांच पूरी कर ली है। अभ्यर्थी आरआरबी की वेबसाइट पर लॉगिन कर आवेदन का स्टेटस देख सकते हैं। इसमें आवेदन स्वीकृत, सशर्त स्वीकार या अस्वीकृत होने की जानकारी मिलेगी। पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर भी सूचना भेजी जा रही है। भर्ती के तहत 3993 पद हैं, जिनमें आरआरबी प्रयागराज के 340 पद शामिल हैं। सहायता के लिए हेल्पडेस्क नंबर 9592-001-188 जारी किया गया है।
ट्रेन मैनेजर समेत 3548 पदों पर भर्ती शुरू
रेलवे भर्ती बोर्ड ने एनटीपीसी ग्रेजुएट के तहत 3548 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी आठ अक्तूबर से छह नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आरआरबी प्रयागराज के 265 पदों में गुड्स ट्रेन मैनेजर के 196, चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 42 और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 27 पद शामिल हैं। आयु सीमा 18 से 33 वर्ष है।
कनिष्ठ अनुवादक परीक्षा में 143 सफल
रेलवे भर्ती बोर्ड ने वर्ष 2025 की आइसोलेटेड कैटेगरी भर्ती में कनिष्ठ अनुवादक (हिंदी) पद के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। कुल 143 अभ्यर्थियों को अनुवाद परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। देशभर में इस पद के 202 पद हैं, जबकि आरआरबी प्रयागराज के हिस्से में 15 पद हैं। अगले चरण के लिए अभ्यर्थियों का चयन विज्ञापित पदों के 10 गुना अनुपात में किया गया है। अभ्यर्थी आठ अक्तूबर से 15 दिन तक वेबसाइट पर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि से स्कोरकार्ड व उत्तर कुंजी देख सकेंगे।

