रेलवे एनटीपीसी ग्रेजुएट सीबीट-1 परीक्षा की तारीख घोषित, दिसंबर के आखिरी हफ्ते में शुरू होंगे एग्जाम
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC ग्रेजुएट पदों के लिए पहले स्टेज CBT परीक्षा की संभावित तारीख जारी कर दी है। परीक्षा दिसंबर 2026 के चौथे सप्ताह से शुरू हो सकती है।

रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRBs) ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरीज यानी NTPC (ग्रेजुएट पदों) की भर्ती परीक्षा को लेकर एक नया आधिकारिक नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) की संभावित तारीखों की जानकारी दी गई है।
कब शुरू होगी परीक्षा?
रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक, NTPC ग्रेजुएट पदों के लिए पहले चरण की परीक्षा (CBT) दिसंबर 2026 के चौथे हफ्ते से शुरू होने की संभावना है।
रेलवे ने बताया है कि परीक्षा की पक्की तारीखों के लिए एक अलग से नोटिस जल्द ही जारी किया जाएगा। फिलहाल अभ्यर्थियों को यह जानकारी इसलिए दी गई है ताकि वे अपनी पढ़ाई और तैयारी का सही टाइम-टेबल बना सकें और अगर परीक्षा केंद्र के लिए ट्रैवल प्लान बनाना हो, तो वे उसकी तैयारी पहले से कर सकें।
3,548 पदों पर होगी भर्ती
इस बड़े भर्ती अभियान के माध्यम से रेलवे के विभिन्न जोनों में कुल 3,548 रिक्त पदों को भरा जाना है। आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 तक अपना ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं। शुल्क का भुगतान 8 नवंबर 2026 तक किया जा सकता है, वहीं फॉर्म में संशोधन 9 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा।
कौन-कौन से पदों पर होगी बहाली?
इस भर्ती के जरिए रेलवे के कई अहम और आकर्षक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
गुड्स ट्रेन मैनेजर : सबसे अधिक पद इसी केटेगरी में हैं।
चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर : टिकट और पैसेंजर मैनेजमेंट से जुड़ा प्रतिष्ठित पद।
जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट : क्लेरिकल व ऑफिस वर्क से जुड़ी पोस्ट।
अन्य पद: सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और स्टेशन मास्टर जैसे अन्य ग्रेजुएट लेवल पद भी इसमें शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
शैक्षणिक योग्यता: आवेदक के पास भारत के किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी अनिवार्य है।
आयु सीमा: 1 जनवरी 2027 के आधार पर अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष तय की गई है। सरकारी नियमों के अनुसार एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क और फीस रिफंड की खास सुविधा
रेलवे भर्ती बोर्ड ने आवेदन शुल्क में परीक्षा में शामिल होने पर रिफंड का प्रावधान रखा है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है। पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-I) में शामिल होने के बाद 400 रुपये बैंक खाते में वापस कर दिए जाएंगे। एससी, एसटी, दिव्यांग, महिला व अन्य आरक्षित वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये है। परीक्षा में बैठते ही पूरा का पूरा 250 रुपये शुल्क रिफंड कर दिया जाएगा।
चयन प्रक्रिया और आवेदन का तरीका
भर्ती की चयन प्रक्रिया में दो चरणों की ऑनलाइन परीक्षा (CBT-1 और CBT-2), स्किल टेस्ट/टाइपिंग टेस्ट (पद के अनुसार), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और मेडिकल टेस्ट शामिल है। अभ्यर्थी रेलवे के आधिकारिक आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in या क्षेत्रीय आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर CEN 06/2026 लिंक के जरिए आसानी से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।

