
रेलवे में 3058 क्लर्क पदों पर बंपर वैकेंसी, 12वीं पास युवा न चूकें मौका; आवेदन की आखिरी तारीख करीब
RRB NTPC Bharti 2025: रेलवे भर्ती बोर्ड ने NTPC अंडरग्रेजुएट लेवल के तहत 3058 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए रेलवे में नौकरी पाने का यह शानदार अवसर है।
RRB NTPC Bharti 2025: रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के लिए साल 2025 बेहतरीन अवसर लेकर आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB NTPC) ने अंडरग्रेजुएट लेवल के तहत कुल 3058 पदों पर नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों पर आवेदन के लिए न्यूनतम योग्यता सिर्फ 12वीं पास तय की गई है। RRB ने पहले अंतिम तिथि 27 नवंबर रखी थी, जिसे बढ़ाकर अब 4 दिसंबर 2025 कर दिया गया है। इससे उन उम्मीदवारों को राहत मिली है जिन्हें आवेदन पूरा करने में दिक्कत आ रही थी। ऐसे में उम्मीदवार जल्द से जल्द अपना आवेदन फॉर्म जरूर भर लें।
RRB NTPC Bharti 2025: कौन कौन से पदों पर भर्ती?
इस भर्ती अभियान में रेलवे ने चार अलग अलग पदों पर वैकेंसी जारी की है। सबसे ज्यादा पद कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के हैं, जो 2424 हैं। इसके अलावा अकाउंट्स क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के लिए 394, जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के लिए 163 और ट्रेन्स क्लर्क के लिए 77 पद शामिल हैं। ये सभी पद अंडरग्रेजुएट लेवल के हैं और इन पर विभिन्न जोन के आधार पर चयन किया जाएगा।
RRB NTPC Bharti 2025: योग्यता के साथ जानें जरूरी शर्तें
सभी पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास (50% अंकों के साथ) रखी गई है। हालांकि SC/ST, PwBD, एक्स सर्विसमेन और उच्च योग्यता वाले उम्मीदवारों के लिए 50% की अनिवार्यता नहीं है। जिन पदों पर टाइपिंग आवश्यक है, जैसे अकाउंट्स क्लर्क-कम-टाइपिस्ट और जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट, उनमें उम्मीदवार को कंप्यूटर पर हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग में दक्ष होना जरूरी है।
RRB NTPC Bharti 2025: उम्र सीमा क्या है?
RRB की नोटिफिकेशन के अनुसार, 01 जनवरी 2026 को उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
RRB NTPC Bharti 2025: क्या रहेगा वेतनमान
रेलवे में क्लर्क स्तर के इन पदों का वेतन भी आकर्षक है।
- कमर्शियल कम टिकट क्लर्क - 21,700 रुपये
- अकाउंट्स क्लर्क-कम-टाइपिस्ट - 19,900 रुपये
- जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट - 19,900 रुपये
- ट्रेन्स क्लर्क - 19,900 रुपये
सैलरी के अलावा रेलवे कर्मचारियों को अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलती हैं।
RRB NTPC Bharti 2025: आवेदन फीस और भुगतान तिथियां
- सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 है।
- एससी/एसटी, दिव्यांग, महिलाएं, ट्रांसजेंडर, ईबीसी और अल्पसंख्यक वर्ग के लिए फीस 250 रखी गई है।
- फीस भुगतान की अंतिम तिथि बढ़ाकर 6 दिसंबर 2025 कर दी गई है।
RRB NTPC Bharti 2025: इन बातों का रखें ध्यान
रेलवे भर्ती प्रक्रिया के महत्वपूर्ण तिथियाँ संशोधित कर दी गई हैं: ऑनलाइन आवेदन 28 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुके हैं और आवेदन भरने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। आवेदन के साथ जुड़ी फीस का भुगतान करने की अंतिम तारीख 6 दिसंबर 2025 है। अगर किसी उम्मीदवार को अपने सबमिशन में सुधार करना हो तो इसके लिए संशोधन विंडो 7 दिसंबर 2025 से 16 दिसंबर 2025 के बीच उपलब्ध रहेगी। जिन अभ्यर्थियों को स्क्राइब की आवश्यकता है, उन्हें अपनी स्क्राइब से जुड़ी जानकारी 17 दिसंबर 2025 से 21 दिसंबर 2025 के बीच आवेदन पोर्टल पर भरनी होगी।
चयन प्रक्रिया चार चरणों में संपन्न की जाएगी। पहले चरण में CBT-1 (पहला कंप्यूटर आधारित टेस्ट) होगा, सफल अभ्यर्थी दूसरे चरण CBT-2 के लिए पात्र माने जाएंगे। जहाँ पद के लिए आवश्यक हो, वहां कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट लिया जाएगा। अंतिम चरण में दस्तावेज़ सत्यापन और चिकित्सा परीक्षा (मेडिकल) कर के फाइनल चयन तय किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा की तिथि, समय और केंद्र की जानकारी रेलवे भर्ती बोर्ड समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करेगा, इसलिए उम्मीदवारों को सूचनाओं पर लगातार नज़र बनाए रखनी चाहिए।
ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को RRB की आधिकारिक साइट rrbchennai.gov.in पर जाना होगा। नए आवेदनकर्ता पहले पोर्टल पर अपना अकाउंट बनाकर रजिस्ट्रेशन करें, जबकि पहले से अकाउंट रखने वाले उम्मीदवार अपने पुराने लॉगिन का उपयोग कर सकते हैं। ध्यान रखें कि किसी भी उम्मीदवार द्वारा एक से अधिक आवेदन करने का प्रयास अस्वीकृत और अयोग्य करने का कारण बन सकता है। आवेदन भरने के बाद सबमिट करने से पहले सभी विवरण सावधानीपूर्वक जाँच लें, क्योंकि जमा कर देने के पश्चात् सामान्यतः फॉर्म में परिवर्तन संभव नहीं होगा।





