
RRB Group D New Vacancy 2025: रेलवे में ग्रुप डी के 62000 से ज्यादा पदों पर नई भर्ती का नोटिस वायरल, क्या है सच
RRB Group D Vacancy 2025: सोशल मीडिया पर वायरल नोटिस के मुताबिक रेलवे में ग्रुप डी के 62,460 पदों पर भर्ती निकलेगी। इस नोटिस में लेवल 1 पद के लिए मेडिकल स्टैंडर्ड, आयु सीमा और कुल वैकेंसी की जानकारी दी गई है।
RRB Group D Vacancy 2025: रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 2024 के आयोजन के बीच नई रेलवे ग्रुप डी भर्ती निकलने का नोटिस तेजी से वायरल हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल नोटिस के मुताबिक रेलवे में ग्रुप डी (लेवल-1) के 62,460 पदों पर भर्ती निकलेगी। इस नोटिस में लेवल 1 पद के लिए मेडिकल स्टैंडर्ड, आयु सीमा (18–33 वर्ष) और कुल वैकेंसी की जानकारी दी गई है। कुल वैकेंसी 62460 बताई गई है। लेकिन सच यह है कि अभी रेलवे भर्ती बोर्ड की तरफ से ऐसा कोई नोटिस आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया है। किसी भी आरआरबी की वेबसाइट पर इस तरह का नोटिस जारी नहीं किया गया है।
हालांकि सभी अभ्यर्थियों को नई रेलवे ग्रुप डी भर्ती निकलने का इंतजार है। वर्तमान में 32000 पदों के लिए परीक्षा ली जा रही है। वर्ष 2025 की एनटीपीसी 12वीं लेवल और ग्रेजुएट लेवल की भर्ती निकल चुकी है। एएलपी और टेक्निशियन एवं आइसोलेटेड पोस्ट की भर्तियां भी निकल चुकी है। अब ग्रुप डी (लेवल-1) की भर्तियों का इंतजार है।
कौन से हो सकते हैं पद
ग्रुप डी भर्ती के जरिए रेलवे में असिस्टेंट (एस एंड टी), सहायक (वर्कशॉप), असिस्टेंट ब्रिज, असिस्टेंट कैरिज और वैगन, असिस्टेंट लोको शेड (डीजल), असिस्टेंट लोको शेड (इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट ऑपरेशन (इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट पी.वे, असिस्टेंट टीएल और एसी (वर्कशॉप), असिस्टेंट टीएल और एसी, असिस्टेंट ट्रैक मशीन, असिस्टेंट टीआरडी, पॉइंट्समैन बी ट्रैकमेंटेनर-IV के पद भरे जाएंगे।
यहां पढ़ें ग्रुप डी भर्ती की खास बातें (संभावित शर्तें, पिछली भर्ती के आधार पर)
शैक्षणिक योग्यता
10वीं पास (या आईटीआई) उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा
इस भर्ती के लिए 18 से 36 आयु के लोग आवेदन कर सकते हैं। ओबीसी के लिए 3 वर्ष और एससी, एसटी कैटेगरी के लिए 5 वर्ष की छूट दी गई है। 10वीं पास (या आईटीआई) उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आयु की गणना 1 जनवरी 2025 से होगी।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में सफल उम्मीदवारों को पीईटी में बुलाया जाएगा। सीबीटी सिर्फ एक चरण में होगा। पीईटी के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल होगा।
सीबीटी पैटर्न
सीबीटी 90 मिनट का होगा। इसमें कुल 100 प्रश्न होंगे। जनरल साइंस व मैथमेटिक्स से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। 30 प्रश्न जनरल इंटेलिजेंसी व रीजनिंग और 20 प्रश्न जनरल अवेयरनेस व करेंट अफेयर्स से आएंगे।
सीबीटी में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक काटा जाएगा।
सीबीटी में मार्क्स नॉर्मलाइजेशन की पद्धति अपनाई जाएगी। कुल वैकेंसी के तीन गुना उम्मीदवारों को पीईटी के लिए बुलाया जाएगा।
सीबीटी में सभी वर्गों का न्यूनतम पासिंग प्रतिशत: यूआर-40 फीसदी, ईडब्ल्यूएस-40 फीसदी, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर)-30 फीसदी, एससी-30 फीसदी, एसटी-30 फीसदी।
पुरुषों के लिए फिजिकल टेस्ट की शर्तें
- एक बार में 35 किलोग्राम वजन के साथ 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में कवर करनी होगी।
- 4 मिनट 15 सेकेंड में 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
महिलाओं के लिए फिजिकल टेस्ट की शर्तें
- एक बार में 20 किलोग्राम वजन के साथ 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में कवर करनी होगी।
- 5 मिनट 40 सेकेंड में 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
एक ही आवेदन भर सकते हैं
रेलवे भर्ती बोर्ड ने कहा है कि उम्मीदवार केवल एक ही रेलवे (आरआरबी) के लिए आवेदन कर सकते हैं। एक से अधिक रेलवे के लिए आवेदन करने पर फॉर्म रिजेक्ट कर दिया जाएगा। जिस रेलवे के लिए आप आवेदन कर रहे हैं, आप उसी रेलवे में एक से अधिक पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। सेम आरआरबी में अगर आप एक से अधिक पदों के लिए आवेदन करते हैं तो आपको अलग अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं है, ऐसा करने से फॉर्म रिजेक्ट हो जाएगा। एक ही ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म में कई पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा है।
चयनितों कों 18000/- रुपये (लेवल-1) का पे स्केल मिलेगा।
आवेदन शुल्क
जनरल, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस वर्ग को आवेदन के लिए 500 रुपये का शुल्क देना होगा। हालांकि अगर फर्स्ट स्टेज सीबीटी परीक्षा में आप बैठते हैं तो 400 रुपये रिफंड कर दिए जाएंगे।





