
RRB Group D Exam date OUT : रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की नई तिथि घोषित, जानें एग्जाम सिटी व एडमिट कार्ड डेट कब
RRB Group D Exam date OUT : रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा सीबीटी-1 की तिथि घोषित कर दी है। आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का आयोजन 27 नवंबर 2025 से होगा। इस बाबत रेलवे भर्ती बोर्ड ने नोटिस जारी कर दिया है।
RRB Group D Exam date OUT : रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा सीबीटी-1 की तिथि घोषित कर दी है। आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का आयोजन 27 नवंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक होगा। इस बाबत रेलवे भर्ती बोर्ड ने नोटिस जारी कर दिया है। आरआरबी ने कहा है कि परीक्षार्थियों की एग्जाम सिटी व डेट की डिटेल्स कल 19 नवंबर 2025 तक जारी कर दी जाएगी। एग्जाम सिटी के साथ एससी एसटी ट्रैवलिंग अथॉरिटी भी जारी होगी। परीक्षार्थी एग्जाम डेट से चार चार दिन पहले अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। यानी जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 27 नवंबर को है उनके एडमिट कार्ड 23 या 24 नवंबर को जारी होंगे। आपको बता दें रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा पहले 17 नवंबर से शुरू होनी थी लेकिन कोर्ट में इस भर्ती से जुड़ा केस लंबित होने के चलते इसमें देरी हुई। बीते सप्ताह कोर्ट द्वारा फैसला सुनाए जाने के बाद रेलवे ने इसका नया शेड्यूल जारी कर दिया है।
ऑरिजनल आधार कार्ड या ई वेरिफाइड आधार कार्ड का प्रिंट आउट लाना जरूरी
परीक्षा केंद्र पर आधार लिंक्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। ऐसे में एग्जाम सेंटर पर उम्मीदवारों को अपना ऑरिजनल आधार कार्ड या ई वेरिफाइड आधार कार्ड का प्रिंट आउट भी साथ लेना जाना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि यदि उन्होंने पहले से आधार वेरिफिकेशन नहीं किया है, तो वे rrbapply.gov.in पर अपने क्रेडेंशियल्स के साथ लॉग इन करके अपनी पहचान ऑथेंटिकेट करें ताकि परीक्षा केंद्र में आसानी से प्रवेश हो सके। जिन्होंने आवेदन जमा करने के दौरान अपना आधार सत्यापित किया है, वे परीक्षा केंद्र पर आने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उनका आधार UIDAI सिस्टम में अनलॉक स्थिति में हो ताकि असुविधा से बचा जा सके।
ग्रुप डी भर्ती के जरिए रेलवे में
असिस्टेंट (एस एंड टी), सहायक (वर्कशॉप), असिस्टेंट ब्रिज, असिस्टेंट कैरिज और वैगन, असिस्टेंट लोको शेड (डीजल), असिस्टेंट लोको शेड (इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट ऑपरेशन (इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट पी.वे, असिस्टेंट टीएल और एसी (वर्कशॉप), असिस्टेंट टीएल और एसी, असिस्टेंट ट्रैक मशीन, असिस्टेंट टीआरडी, पॉइंट्समैन बी ट्रैकमेंटेनर-IV के पद भरे जाएंगे।
सीबीटी पैटर्न
सीबीटी 90 मिनट का होगा। इसमें कुल 100 प्रश्न होंगे। जनरल साइंस व मैथमेटिक्स से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। 30 प्रश्न जनरल इंटेलिजेंसी व रीजनिंग और 20 प्रश्न जनरल अवेयरनेस व करेंट अफेयर्स से आएंगे।सीबीटी में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक काटा जाएगा। सीबीटी में मार्क्स नॉर्मलाइजेशन की पद्धति अपनाई जाएगी। कुल वैकेंसी के तीन गुना उम्मीदवारों को पीईटी के लिए बुलाया जाएगा।
सीबीटी में सभी वर्गों का न्यूनतम पासिंग प्रतिशत
यूआर-40 फीसदी, ईडब्ल्यूएस-40 फीसदी, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर)-30 फीसदी, एससी-30 फीसदी, एसटी-30 फीसदी।
ग्रुप डी चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में सफल उम्मीदवारों को पीईटी में बुलाया जाएगा। सीबीटी सिर्फ एक चरण में होगा। पीईटी के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल होगा।
पुरुषों के लिए फिजिकल टेस्ट की शर्तें
- एक बार में 35 किलोग्राम वजन के साथ 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में कवर करनी होगी।
- 4 मिनट 15 सेकेंड में 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
महिलाओं के लिए फिजिकल टेस्ट की शर्तें
- एक बार में 20 किलोग्राम वजन के साथ 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में कवर करनी होगी।
- 5 मिनट 40 सेकेंड में 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
पदों का ब्योरा- ग्रुप-डी, कुल पद : 32,438
क्या था विवाद, क्यों हुई देरी
आपको बता दें कि आईटीआई या 10वीं पास योग्यता को लेकर कोर्ट में केस चल रहा था। रेलवे ने 28 दिसंबर 2024 को ग्रुप डी भर्ती का शॉर्ट नोटिस (इंडिकेटिव नोटिफिकेशन) जारी किया था। उस वक्त रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर बताया गया था कि ग्रुप डी भर्ती के लिए केवल आईटीआई वाले ही पात्र होंगे, सिंपल 10वीं पास नहीं। लेकिन 02 जनवरी 2025 को रेलवे ने इस पात्रता को बदल दिया (10वीं पास + आईटीआई से बदलकर 10वीं पास या आईटीआई)। इसके बाद रेलवे ने 22 जनवरी 2025 को मुख्य नोटिफिकेशन जारी किया। याचिकाकर्ता आईटीआई अभ्यर्थी का कहना था कि शॉर्ट नोटिस 28 दिसंबर को जारी हो चुका था इसके बाद भर्ती नियम बदलने नहीं जा सकते। 2 जनवरी को पात्रता नियम बदलना गलत है। जबकि रेलवे का कहना था कि 28 दिसंबर का नोटिस महज इंडिकेटिव था। मुख्य नोटिफिकेशन 22 जनवरी को आया था। मेन नोटिफिकेशन आने से पहले पात्रता नियम बदले गए। कोर्ट ने बीते सप्ताह फैसला सुनाते हुए रेलवे की नीति को सही ठहराया है।
अदालत के इस फैसले से उन लाखों अभ्यर्थियों को राहत मिली जो लंबे समय से परीक्षा की तारीख का इंतजार कर रहे थे। परीक्षा आयोजन पर स्टे लगने के कारण परीक्षा कराना संभव नहीं हो पाया।





