RRB ALP Jobs : रेलवे ने खोला नौकरियों का पिटारा, एपीएल के 11127 पदों पर भर्ती; आवेदन आज से शुरू

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share

रेलवे भर्ती बोर्ड ने सहायक लोको पायलट के 11,127 पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन प्रक्रिया 15 मई से शुरू हो गई है। जानिए योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न की पूरी जानकारी।

RRB ALP Jobs : रेलवे ने खोला नौकरियों का पिटारा, एपीएल के 11127 पदों पर भर्ती; आवेदन आज से शुरू

रेलवे की नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी राहत वाली खबर आई है। लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के बीच अब उत्साह का माहौल है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने सहायक लोको पायलट यानी एएलपी के 11,127 पदों पर भर्ती का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि बिहार समेत देशभर के युवाओं को इस भर्ती में आवेदन का मौका मिलेगा। पटना रेलवे भर्ती बोर्ड के जरिए भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की जाएंगी।

आज से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया

रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से जारी सूचना के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 14 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन रेलवे भर्ती बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन भरना होगा। भर्ती प्रक्रिया देश के अलग-अलग रेलवे भर्ती बोर्डों के माध्यम से पूरी की जाएगी।

आईटीआई और डिप्लोमा वालों को मिलेगा मौका

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट होना जरूरी है। इसके अलावा इंजीनियरिंग डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। रेलवे की यह भर्ती तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है।

आयु सीमा और आरक्षण का क्या नियम

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र सीमा में छूट भी मिलेगी।

इतनी मिलेगी शुरुआती सैलरी

एएलपी पदों पर चयनित उम्मीदवारों को वेतनमान स्तर-2 के तहत नौकरी मिलेगी। शुरुआती मूल वेतन 19,900 रुपये रखा गया है। इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों को मिलने वाले अन्य भत्तों का फायदा भी मिलेगा। इसी वजह से रेलवे की नौकरी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय मानी जाती है।

कई चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

रेलवे भर्ती बोर्ड ने चयन प्रक्रिया को कई चरणों में बांटा है। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी-1 आयोजित होगी। इसमें गणित, सामान्य विज्ञान, तर्कशक्ति और सामान्य ज्ञान से जुड़े 75 सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए 60 मिनट का समय मिलेगा।

गलत जवाब देने पर नेगेटिव मार्किंग भी होगी। हर गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे। इसके बाद सीबीटी-2 परीक्षा, कंप्यूटर आधारित अभिरुचि परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच होगी।

ऐसे तैयार होगी फाइनल मेरिट

अंतिम मेरिट सूची सीबीटी-2 के भाग-ए और अभिरुचि परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। जिन उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहतर रहेगा, उन्हें रेलवे में नियुक्ति का मौका मिलेगा।

बिहार के युवाओं में बढ़ी उम्मीद

बिहार में रेलवे भर्ती को लेकर हमेशा से युवाओं में खास उत्साह रहता है। बड़ी संख्या में छात्र वर्षों तक रेलवे परीक्षा की तैयारी करते हैं। ऐसे में 11 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती निकलने के बाद प्रतियोगी छात्रों के बीच खुशी का माहौल देखा जा रहा है। खासकर पटना आरआरबी से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को इस भर्ती से काफी उम्मीदें हैं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।