
RPSC : राजस्थान लोक सेवा आयोग की भर्ती में 181 पदों के लिए सिर्फ 4 का चयन, खाली रह गईं वैकेंसी
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सहायक अभियोजन अधिकारी (गृह विभाग-अभियोजन) प्रतियोगी परीक्षा 2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में 181 पदों के लिए केवल 4 ही अभ्यर्थी क्लियर कर पाए हैं।
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सहायक अभियोजन अधिकारी (गृह विभाग-अभियोजन) प्रतियोगी परीक्षा 2024 का रिजल्ट जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में 181 पदों के लिए केवल 4 ही अभ्यर्थी क्लियर कर पाए हैं। ऐसे में इस भर्ती में भी पद खाली रहेंगे। आयोग द्वारा गृह विभाग (अभियोजन) के लिए गैर अनुसूचित क्षेत्र एवं अनुसूचित क्षेत्र के लिए कुल 181 पदों के लिए विज्ञापित सहायक अभियोजन अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा का आयोजन 1 जून को किया गया था।

इस परीक्षा के दोनों प्रश्न-पत्रों की परीक्षा में उपस्थित एवं सम्बन्धित सेवा नियमानुसार न्यूनतम पासिंग मार्क्स हासिल करने पर 4 अभ्यर्थियों को नॉन टीएसपी क्षेत्र के लिए पात्रता की जांच के लिए विचारित सूची में सम्मिलित किया गया है।
न्यूनतम पासिंग मार्क्स हासिल नहीं कर पाए अभ्यर्थखी
इस भर्ती में प्रत्येक पेपर के लिए न्यूनतम योग्यता अंक 40 फीसदी तय किए गए थे। जबकि एससी व एसटी के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रतिशत में 5 फीसदी की छूट दी गई। जो अभ्यर्थी पासिंग मार्क्स के इस रूल पर खरे उतरे, वे ही विचारित सूची में शामिल हो सके।
विचारित सूची चयन सूची अथवा वरीयता सूची नहीं है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन कराए जाने के पश्चात आयोग द्वारा जारी की जाएगी। विचारित सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरने होंगे। विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने का लिंक 16 से 22 दिसंबर 2025 (रात्रि 11.59) तक खोला जाएगा। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन तथा दस्तावेज सत्यापन के संबंध में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित करनी होगी।
गृह विभाग द्वारा की जाएगी विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच-
विचारित सूची में अस्थाई रूप से सम्मिलित किए गए सभी अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरें। विस्तृत आवेदन-पत्र व दस्तावेजों की जांच संबंधित विभाग (गृह विभाग राजस्थान जयपुर) द्वारा ही की जायेगी।
कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) भर्ती-2025 पाठ्यक्रम में संशोधन, आयोग ने जारी किया शुद्धि पत्र
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) भर्ती-2025 के अंतर्गत पाठ्यक्रम संशोधन संबंधी शुद्धि पत्र जारी किया गया है। आयोग सचिव ने बताया कि उक्त भर्ती के तहत कनिष्ठ विधि अधिकारी के कुल 12 पदों हेतु विज्ञापन संख्या 08/2025-26 दिनांक 19 अगस्त 2025 को जारी किया गया था।
जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा दिनांक 3 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना में पाठ्यक्रम संशोधन किए जाने कारण विज्ञापन में उल्लिखित परीक्षा स्कीम और पाठ्यक्रम को प्रतिस्थापित कर दिया गया है। इस संबंध में आयोग की वेबसाइट पर शुद्धि पत्र संख्या 14/2025-26 जारी कर दिया गया है। विस्तृत सूचना एवं पाठ्यक्रम का अवलोकन आयोग की वेबसाइट पर किया जा सकता है। विज्ञापन की शेष शर्तें यथावत रहेंगी।





