लखनऊ में 16 अक्टूबर को रोजगार मेला, 2 कंपनियां करेंगी 800 पदों पर भर्ती, कानपुर में जॉब फेयर कल
यूपी में लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज में 16 अक्टूबर को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में दो कंपनियां कुल 800 पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। कानपुर में जॉब मेला कल होगा।

यूपी में लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज में 16 अक्टूबर को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस मेले में दो कंपनियां कुल 800 पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। इनमें हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड के 300 और बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के 500 पद हैं।
हीरो मोटोकॉर्प में 300 पदों पर चयन
हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड अप्रेंटिसशिप योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत भर्ती करेगी। आईटीआई अप्रेंटिस के 150 पदों पर फिटर, टर्नर, एमएमवी, मशीनिस्ट, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष के अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इन पदों पर 50 पुरुष और 100 महिला अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को 17,060 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 10वीं और 12वीं पास गैर-आईटीआई अभ्यर्थियों के लिए 150 पद हैं। इनमें 50 पुरुष और 100 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। प्रतिमाह कुल 23,321 रुपये मिलेंगे।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खां ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक अंकपत्र और प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और चार पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा।
बैक्स एनर्जी में 500 पदों पर भर्ती
बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के 500 पुरुष अभ्यर्थियों का चयन करेगी। आईटीआई और बीएससी पास युवाओं को टेक्नीशियन या हेल्पर के पद पर 17,000 मासिक सीटीसी दिया जाएगा।
कानपुर में 13 अक्टूबर को रोजगार का बड़ा मेला
कानपुर में 13 अक्टूबर को शहर में बड़ा रोजगार मेला लगने जा रहा है। यहां एक-दो नहीं पूरे 1628 पदों पर भर्ती होनी है। मेला विकास नगर के राजकीय पॉलिटेक्निक में लगेगा। सुबह 10 बजे से कंपनियों के स्टॉल सज जाएंगे। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत हो रहा है। खास बात यह है कि फ्रेशर्स भी बेझिझक आ सकते हैं। पांच साल तक का तजुर्बा रखने वालों के लिए भी यहां जगह है। इस बार पदों की भरमार है। सबसे ज्यादा मौके फैक्ट्री और सिक्योरिटी सेक्टर में हैं। मशीन ऑपरेटर के कुल 300 पद हैं। सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सर्विसेज के कुल 390 पद हैं। पूरी सूची नीचे देखिए।
हेल्पर: 20
वेलनेस एडवाइजर: 50
लोन एडवाइजर टेली कॉलिंग फील्ड ऑफिसर: 70
मशीन ऑपरेटर (इंडिया स्टील): 50
मशीन ऑपरेटर (सीएनएच): 50
अप्रेंटिस ट्रेनी (स्पार्क मिंडा): 100
सिक्योरिटी गार्ड (राक्सा सिक्योरिटी सर्विसेज): 65
इंश्योरेंस एडवाइजर (एसबीआई इंश्योरेंस नवाबगंज): 55
एयरटेल फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव: 150
सिक्योरिटी सर्विसेज: 100
एटीएम ऑफिसर: 50
सेल्स एंड मार्केटिंग रिप्रजेंटेटिव: 20
मशीन ऑपरेटर: 200
असेंबली ऑपरेटर: 300
सिक्योरिटी गार्ड (जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन): 225
कंस्ट्रक्शन अप्रेंटिस: 123
सारे आंकड़े जोड़ें तो कुल 1628 पद बनते हैं।


