
REET Mains Admit Card date : RSMSSB ने बताया, कब आएंगे राजस्थान शिक्षक भर्ती एडमिट कार्ड
RSSB RSMSSB Rajasthan 3rd grade teacher admit card : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा है कि थर्ड ग्रेड अध्यापक भर्ती लेवल 1 और लेवल 2 परीक्षा के एडमिट कार्ड 12 जनवरी 2026 को जारी किए जाएंगे।
RSSB RSMSSB Rajasthan 3rd grade teacher admit card : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा है कि थर्ड ग्रेड अध्यापक भर्ती लेवल 1 और लेवल 2 परीक्षा के एडमिट कार्ड 12 जनवरी 2026 को जारी किए जाएंगे। परीक्षार्थी RSSB की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे। थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा दो शिफ्टों में होगी। परीक्षा 17, 18, 19 और 20 जनवरी 2026 को होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से 12.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से साढ़े पांच बजे तक होगी। प्राइमरी टीचर लेवल-1 सामान्य का पेपर 17 जनवरी 2026 को सुबह 10 से 12.30 बजे तक और 20 जनवरी 2026 को सुबह 10 से 12.30 बजे तक प्राइमरी टीचर लेवल-1 संस्कृत का पेपर होगा। शेष दिन उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती लेवल-2 का पेपर होगा। थर्ड ग्रेड लेवल-1 (कक्षा 1 से 5 तक) और लेवल-2 (कक्षा 6 से 8 तक) के 7759 पदों के लिए आवेदन नवंबर माह में लिए गए थे।
राजस्थान थर्ड ग्रेड लेवल-1 में 5636 जबकि लेवल-2 में 2123 पदों पर भर्ती निकाली गई है। दोनों लेवल के लिए रीट पात्रता परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थी आवेदन कर सकते थे। इस परीक्षा का रिजल्ट 10 जुलाई 2026 को घोषित किया जाएगा। रिजल्ट आने पर मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को फाइनल पोस्टिंग दी जाएगी।
लेवल-2 अध्यापक भर्ती में सबसे अधिक विज्ञान-गणित के 1043 पद जबकि संस्कृत के 389 पद, हिंदी के 174 पद, अंग्रेजी के 221 पद और एसएसटी के 296 पद हैं। लेवल-1 में संस्कृत शिक्षा में 636 पदों और सामान्य शिक्षा में 5 हजार पदों पर भर्ती होगी।
क्या दी गई गाइडलाइंस
- अभ्यर्थी अपने पहचान पत्र में फोटो यदि 03 वर्ष या उससे अधिक पुरानी है तो उसे अपडेट करा लिया जाना सुनिश्चित करें ताकि परीक्षा आयोजन के समय परीक्षा प्रवेश पत्र में प्रिंट फोटो का मिलान आपके मूल पहचान पत्र में फोटो से हो सके तथा आपको प्रवेश के समय कोई कठिनाई न हो। आपके मूल पहचान पत्र की फोटो का आपके चेहरे, प्रवेश पत्र की फोटो से मिलान होना आवश्यक है अन्यथा आपको परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।
- परीक्षा के अन्तर्गत प्रत्येक प्रश्न के आगे पाँच विकल्प/गोले दिये जायेंगे। पहले चार विकल्प/गोला A,B,C और D उपयुक्त उत्तर से संबंधित तथा पाँचवा विकल्प/गोला 'E' अनुत्तरित प्रश्न से संबंधित होगा।
- अभ्यर्थी को ओ.एम.आर. उत्तर-पत्रक पर, संबंधित प्रश्न क्रमांक के लिए सही उत्तर निर्देशित करने हेतु A,B,C या D अर्थात पहले चार में से केवल एक विकल्प/गोला नीले बॉल पॉइंट पेन से गहरा कर भरना होगा। यदि अभ्यर्थी कोई प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है तो पाँचवा विकल्प/गोला 'E' को गहरा करना होगा।
- यदि पाँचों विकल्पों में से कोई भी विकल्प/गोला गहरा नहीं किया गया तो उस प्रश्न के अंक का 1/3 भाग काट लिया जायेगा।
- 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में किसी भी विकल्प/गोले को अभ्यर्थी द्वारा गहरा नहीं किया गया तो उसे परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
- प्रत्येक प्रश्न के लिए कोई एक विकल्प/गोला भरा है या नहीं, यह सुनिश्चित करने के लिए उम्मीदवार को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जायेगा।
एडमिट कार्ड पर क्या कहा गया
रीट मेन्स परीक्षाओं के लिए “प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र” बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड करने की दिनांक यथासमय सूचित कर दी जायेगी। बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों को अलग से प्रवेश पत्र प्रेषित नहीं किये जायेंगे।
ड्रेस कोड
ड्रेस कोड के बारे में समय-समय पर निर्देश अपडेट किए जाते हैं जो बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए जाते हैं। प्रवेश-पत्र के जारी करने के कार्यक्रम की विज्ञप्ति में ड्रेस कोड अंतिमांक तक अंकित किया जाता है। अतः उसके अनुसार ड्रेस कोड की पालना आवश्यक रूप से की जाये ताकि परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश हेतु कोई समस्या उत्पन्न ना हो।
पदों का ब्योरा
राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती- लेवल-1
विभाग- पद
संस्कृत शिक्षा विभाग- 636
प्रारम्भिक शिक्षा विभाग - 5000
राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती- लेवल-2
विभाग व पद
एसएसटी - 296
हिंदी - 174
इंग्लिश - 221
संस्कृत- 389
गणित-विज्ञान - 1043
न्यूनतम पासिंग मार्क्स
नॉन टीएसपी एरिया
सामान्य श्रेणी - 60 अंक
एससी-एसटी, ओबीसी, एमबीसी, EWS - 55 अंक
विधवा, परित्यकता, एक्स सर्विसमैन - 50 अंक
निशक्तजन श्रेणी - 40 अंक
सहारिया जनजाति - 36 अंक
टीएसपी एरिया
सामान्य श्रेणी - 60 अंक
एससी, ओबीसी, एमबीसी, EWS -55 अंक
एसटी और विधवा परित्यकता - 36 अंक





