
राजस्थान VDO रिजल्ट पर ब्रेक, तैयार होने के बावजूद बोर्ड मीटिंग में अटका परिणाम
rajasthan vdo result 2025 : राजस्थान वीडीओ भर्ती परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार और लंबा हो गया है, बोर्ड अध्यक्ष ने रिजल्ट को लेकर अहम जानकारी साझा की है।
rajasthan vdo result 2025 : राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा 2025 में शामिल उम्मीदवारों के लिए एक बार फिर इंतजार की घड़ियां बढ़ गई हैं। 2 नवंबर 2025 को आयोजित हुई इस परीक्षा के नतीजों को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थी उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन अब राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आई ताजा जानकारी ने साफ कर दिया है कि रिजल्ट अभी जारी नहीं होगा। आरएसएसबी के अध्यक्ष अलोक राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर जानकारी दी है कि राजस्थान वीडीओ भर्ती का रिजल्ट पूरी तरह तैयार हो चुका है, लेकिन किसी कारणवश इसे बोर्ड मीटिंग में कंसीडर नहीं किया जा सका। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगली बोर्ड मीटिंग में रिजल्ट को मंजूरी देने का प्रयास किया जाएगा।
क्या बोले अध्यक्ष आलोक राज
अलोक राज के ट्वीट के मुताबिक, आज की बोर्ड मीटिंग में जूनियर इंस्ट्रक्टर 16 ट्रेड्स और एनएचएम व राजमेश की 7 ट्रेड्स के परिणामों को मंजूरी दी गई, लेकिन ग्राम विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट एजेंडे में होने के बावजूद पास नहीं हो सका। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि बिना जानकारी के वेबसाइट पर बार बार लोड न करें, जैसे ही परिणाम अपलोड होगा, इसकी सूचना आधिकारिक रूप से दे दी जाएगी।
5 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने किया था आवेदन
इस भर्ती परीक्षा के लिए प्रदेश भर से 5 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। परीक्षा के बाद से ही अभ्यर्थी लगातार रिजल्ट की तारीख को लेकर असमंजस में थे। पहले यह उम्मीद की जा रही थी कि 15 दिसंबर को परिणाम जारी हो जाएगा, लेकिन अब साफ हो गया है कि आज रिजल्ट जारी नहीं किया जाएगा।
आरएसएसबी की ओर से जब भी राजस्थान VDO रिजल्ट 2025 जारी किया जाएगा, उसी समय श्रेणीवार कटऑफ अंक भी घोषित किए जाएंगे। केवल वही अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में सफल माने जाएंगे, जो अपनी अपनी कैटेगरी के अनुसार तय कटऑफ अंक प्राप्त करेंगे। इसके बाद आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कुल 850 पदों पर होनी है नियुक्तियां
ग्राम विकास अधिकारी भर्ती के तहत कुल 850 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। चयनित उम्मीदवारों को ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ऐसे में इस भर्ती को लेकर प्रतियोगिता काफी कड़ी मानी जा रही है।
फिलहाल करना होगा इंतजार
फिलहाल उम्मीदवारों को अगली बोर्ड मीटिंग का इंतजार करना होगा। बोर्ड अध्यक्ष के बयान से यह साफ है कि परिणाम में ज्यादा देरी नहीं होगी, लेकिन आधिकारिक घोषणा तक अभ्यर्थियों को धैर्य बनाए रखना पड़ेगा।





