राजस्थान में परीक्षाओं के लिए NTA जैसी एग्जाम एजेंसी, नई भर्ती का ऐलान, होनहारों को 20 हजार रु, बजट में बड़ी घोषणाएं
राजस्थान में भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की तर्ज पर राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी (आरटीए) की स्थापना की जाएगी। ऑनलाइन टेस्टिंग सेंटर्स का निर्माण किया जाएगा।

राजस्थान में भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ कराने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की तर्ज पर राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी (आरटीए) की स्थापना की जाएगी। ऑनलाइन टेस्टिंग सेंटर्स का निर्माण किया जाएगा। वित्त मंत्री दीया कुमारी ने साल 2026-27 का बजट पेश करते हुए यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए भर्ती परीक्षाओं का पारदर्शिता से आयोजन कराकर रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। भर्ती परीक्षाओं को बिना किसी पेपर लीक के योजनाबद्ध तरीके से कराए जाने के लिए राज्य में नई एजेंसी बनाई जाएगी।
बजट में युवाओं व छात्रों के लिए अन्य अहम ऐलान
-10वीं 12वीं के मेधावियों को 20,000 रुपये
10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को टैबलेट/लैपटॉप खरीदने के लिए 20,000 रुपये का ई-वाउचर दिया जाएगा। हर जिले में 'स्कूल ऑन व्हील्स' (चलता-फिरता स्कूल) शुरू होगा, जो घुमंतू और मजदूरों के बच्चों को शिक्षा देगा
- सरकार 30 हजार युवाओं को 10 लाख तक का ब्याज मुक्त लोन देगी।
- 2000 पदों पर अतिरिक्त संविदा भर्ती
2000 पदों पर अतिरिक्त संविदा भर्ती का ऐलान किया गया। आमजन को पेयजल उपलब्ध कराने तथा पेयजल योजनाओं के समुचित ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस के लिए हमारे द्वारा पिछले बजट में घोषित 1050 तकनीकी अधिकारियों कर्मचारियों के संविदा काडर में वृद्धि करते हुए 3000 पदों पर भर्ती की जाएगी।
रानी लक्ष्मीबाई केंद्रों का दायरा 50 हजार छात्राओं तक बढ़ेगा
सरकार ने 'ड्रीम डिजिटल रेजिडेंस एंड एंपावरमेंट मेंटरिंग प्रोग्राम' का ऐलान किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि बालिकाओं में आत्मरक्षा और स्वाभिमान की भावना जगाने की दृष्टि से 300 से ज्यादा कॉलेज में स्थापित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रों में करीब 15 हजार छात्राओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। 150 अतिरिक्त महाविद्यालय में इन केंद्रों की स्थापना की जाएगी, इससे यह छात्राओं की ट्रेनिंग का दायरा 50000 तक बढ़ जाएगा।
- विभिन्न विभागों और अस्पतालों में लगभग 1,000 नए पदों का सृजन किया जाएगा
- जोधपुर में मेजर शैतान सिंह कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र खोला जाएगा। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रत्येक जिले में इंडस्ट्री पार्टनर के साथ मिलकर सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
- 1,000 युवाओं को अंग्रेजी, जापानी और कोरियन भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- अगले साल 2,500 से अधिक स्कूलों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के लिए 500 करोड़ रुपये और जर्जर स्कूली भवनों के निर्माण के लिए 450 करोड़ रुपये का प्रावधान।
- कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख छात्रों को फ्री यूनिफॉर्म देने के लिए 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
- स्कूली बच्चों को खेल किट और 'जादुई पिटारा' (लर्निंग मटेरियल) देने के लिए सरकार 323 करोड़ रुपये खर्च करेगी
-शहीद सैनिकों की बेटियों की स्कॉलरशिप को बढ़ाकर 2,000 रुपये सालाना कर दिया गया है




