
RSSB Rajasthan 4th Grade Exam: राजस्थान ग्रेड 4 भर्ती परीक्षा से जुड़ा अहम नोटिस जारी, इंतजार बढ़ा
संक्षेप: RSMSSB Rajasthan 4th Grade Exam : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित की गई क्लास-IV भर्ती परीक्षा की आंसर-की पर आपत्ति की विंडो खोलने का कार्यक्रम टाल दिया गया है।
RSMSSB Rajasthan 4th Grade Exam : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित की गई क्लास-IV भर्ती परीक्षा की आंसर-की पर आपत्ति की विंडो खोलने का कार्यक्रम टाल दिया गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार आपत्ति दर्ज कराने की विंडो 8 नवंबर से खुलने वाली थी। लेकिन इससे अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। परीक्षार्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी जाने के लिए संशोधित दिनांक की जानकारी बोर्ड द्वारा बाद में अलग से विज्ञप्ति जारी कर उपलब्ध करवाई जाएगी। चयन बोर्ड चेयरमैन आलोक राज ने कहा है कि ऑब्जेक्शन लेने के फॉर्मेट में कुछ बदलाव का प्रयास कर रहे हैं, सफल हुए तो प्रूफ अपलोड डाउनलोड में काफी बचत होगी, प्रक्रिया भी तेज होगी। भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर चयन बोर्ड के चेयरमैन आलोक राज कह चुके हैं कि रिजल्ट को लेकर हमको बहुत जल्दी नहीं करनी चाहिए, इसी में इस भर्ती के अभ्यर्थियों का हित होगा।

परीक्षा में उम्मीदवारों से 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे, जिनमें सामान्य हिंदी, अंग्रेजी, राजस्थान सामान्य ज्ञान, गणित और बेसिक कंप्यूटर जैसे विषय शामिल थे। इसमें गलत उत्तर पर 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी तय की गई है।
आपको बता दें कि बोर्ड द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती–2024 के लिए इसी साल मार्च अप्रैल माह में आवेदन लिए गए थे। परीक्षा 19 सितंबर 2025 से 21 सितंबर 2025 तक आयोजित करवाई जा चुकी है। राजस्थान ग्रेड 4 भर्ती परीक्षा के जरिए राज्य में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 53749 पदों पर बहाली होगी। रिक्तियों में 48199 पद नॉन टीएसपी और 5550 पद टीएसपी के लिए हैं। इस भर्ती में 24 लाख 76 हजार आवेदन आए थे। इसमें से 85.9 फीसदी यानी 21.17 लाख अभ्यर्थियों ने एग्जाम दिया।
एप्लीकेशन फॉर्म में करेक्शन करने का दिया गया था मौका
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती 2024 के अभ्यर्थियों के अपने एप्लीकेशन फॉर्म में करेक्शन करने का मौका दिया था। आरएसएमएसएसबी ने फॉर्म में करेक्शन करने की विंडो खोली थी। चयन बोर्ड ने इसके लिए अभ्यर्थियों को 16 अक्टूबर तक की मोहलत दी थी।





