ठंड-प्रदूषण का कहर; दिल्ली के स्कूलों में एयर प्यूरीफायर, पटना में बदला समय, UP का क्या हाल

Dec 19, 2025 07:37 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

pollution winter school closure update : दिल्ली की जहरीली हवा के बीच सरकार ने सरकारी स्कूलों के बच्चों की सेहत को प्राथमिकता दी है, वहीं उत्तर भारत में ठंड और कोहरे से स्कूलों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

ठंड-प्रदूषण का कहर; दिल्ली के स्कूलों में एयर प्यूरीफायर, पटना में बदला समय, UP का क्या हाल

pollution winter school closure update : दिल्ली से लेकर पटना और उत्तर प्रदेश तक मौसम और पर्यावरण ने स्कूलों की पढ़ाई को सीधा प्रभावित किया है। राजधानी दिल्ली में जहरीली हवा बच्चों की सांसों पर भारी पड़ रही है, जिसके चलते सरकार को सरकारी स्कूलों की कक्षाओं में एयर प्यूरीफायर लगाने का फैसला लेना पड़ा। वहीं बिहार की राजधानी पटना में गिरता तापमान और घना कोहरा बच्चों की सेहत के लिए खतरा बन गया है, जिससे स्कूलों की टाइमिंग सीमित कर दी गई है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर और कम दृश्यता के कारण स्कूलों को बंद करना पड़ा है या समय में बदलाव किया गया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच दिल्ली सरकार ने एक बड़ा और अहम कदम उठाया है। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को प्रदूषण से बचाने के लिए सरकार ने पहले चरण में 10 हजार कक्षाओं में एयर प्यूरीफायर लगाने का फैसला किया है। इस योजना की घोषणा दिल्ली के शिक्षा मंत्री अशिष सूद ने 18 दिसंबर 2025 (गुरुवार) को की। अशिष सूद ने साफ कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों को प्रदूषण की सजा नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 10 हजार कक्षाओं को कवर किया जाएगा और उसके बाद इसे दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों की हर कक्षा तक विस्तार दिया जाएगा। मंत्री ने कहा, “हम बच्चों की सांसों से कोई समझौता नहीं करते और न ही किसी को करने देंगे।”

अब तक यह बहस चलती रही है कि निजी स्कूलों में जहां पहले से एयर प्यूरीफायर लगे हैं, वहीं सरकारी स्कूलों के बच्चे प्रदूषण में पढ़ने को मजबूर हैं। सरकार का यह कदम बच्चों की सेहत और बराबरी की शिक्षा व्यवस्था की दिशा में अहम माना जा रहा है।

प्रदूषण के चलते स्कूलों में बदला पढ़ाई का तरीका

दिल्ली ही नहीं, बल्कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में भी प्रदूषण के चलते स्कूलों की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दिल्ली में नर्सरी से कक्षा 5 तक केवल ऑनलाइन क्लास चल रही हैं। कक्षा 6 से 11 तक हाइब्रिड मोड है, जबकि कक्षा 10 और 12 की ऑफलाइन कक्षाएं जारी हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में सभी छात्रों को हाइब्रिड मोड का विकल्प दिया गया है। बोर्ड परीक्षाओं 2026 को देखते हुए कक्षा 10 और 12 के छात्रों के लिए ऑफलाइन पढ़ाई जारी रखी गई है।

पटना में ठंड का कहर, स्कूलों की टाइमिंग बदली

बिहार की राजधानी पटना में लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है। 20 दिसंबर से 25 दिसंबर तक स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही चलेंगे। डीएम डॉ. थियागराजन एस.एम. ने आदेश जारी करते हुए कहा कि बच्चों की सेहत और सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाओं को इस आदेश से छूट दी गई है।

यूपी में ठंड और कोहरे से स्कूलों पर ब्रेक

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ठंड और घने कोहरे का असर साफ दिख रहा है। अंबेडकरनगर में 20 दिसंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। गोंडा और संभल में 19 और 20 दिसंबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। रिपोर्ट्स की मानें तो कानपुर, कानपुर देहात, उरई और औरैया में 12वीं तक के स्कूल 20 दिसंबर तक बंद हैं। कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग सुबह 9 या 10 बजे से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।