पीएचडी नियमों पर सख्ती, किस विश्वविद्यालय में किस पर हो रही रिसर्च, सब होगा सार्वजनिक
बिहार के विश्वविद्यालयों में कौन-सा शोध हो रहा है, यह अब सार्वजनिक होगा। लोकभवन ने सभी विश्वविद्यालयों को इसका निर्देश दिया है। पीएचडी के रेगुलेशन के तहत सभी विश्वविद्यालयों को अपने यहां होने वाले रिसर्च को विवि की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा

बिहार के विश्वविद्यालयों में कौन-सा शोध हो रहा है, यह अब सार्वजनिक होगा। लोकभवन ने सभी विश्वविद्यालयों को इसका निर्देश दिया है। पीएचडी के रेगुलेशन के तहत सभी विश्वविद्यालयों को अपने यहां होने वाले रिसर्च को विवि की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। शोध के दोहराव पर अंकुश लगाने के लिए लोकभवन ने यह निर्देश सभी विश्वविद्यालयों को दिया है। विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर सभी शोध के टॉपिक अपलोड किये जाएंगे जिससे पता चल सकेगा कि किस विश्वविद्यालय में किस विषय में कौन से टॉपिक पर शोध किया जा रहा है। बीआरएबीयू के डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह का कहना है कि लोकभवन की यह बेहतर पहल है। इससे छात्रों को भी फायदा होगा।
विश्वविद्यालयों में गाइड के नाम किये जाएंगे सार्वजनिक
सभी विश्वविद्यालयों में शोध गाइड के नाम भी सार्वजनिक होंगे। विश्वविद्यालयों को अपनी वेबसाइट पर बताना होगा कि किस विषय में कौन से प्रोफेसर सा एसोसिएट प्रोफेसर गाइड हैं। गाइड के साथ कितने शोधार्थी रजिस्टर्ड हैं। गाइड अपने साथ किन-किन टॉपिक पर शोध करा रहे हैं। शोध की यह नई व्यवस्था वर्ष 2025 के पैट से शुरू होगी। सभी विभागों को पैट 2025 के रेगुलेशन की कॉपी भेज दी गई है।
बीआरएबीयू में पैट के लिए लिये जा रहे आवेदन
बीआरएबीयू में वर्ष 2025 और 2026 पैट के लिए अभी आवेदन लिये जा रहे हैं। पैट में तीन अक्टूबर तक आवेदन लिये जाएंगे। पीएचडी में अब से सिर्फ नेट या जेआरएफ पास छात्र ही आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद छात्रों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। बीआरएबीयू में सबसे अधिक सीट हिन्दी और इतिहास विषयों में है। जूलॉजी में एक भी सीट नहीं है। नये रेगुलेशन के मुताबिक पीएचडी नामांकन में नेट के स्कोर पर 80 अंक और इंटरव्यू में 20 अंक का मानक तय किया गया है।
सेवा संपुष्ट वाले शिक्षक ही कराएंगे शोध
वही शिक्षक अब शोध कराएंगे, जिनकी सेवा कंफर्म हो गयी हो। विवि प्रशासन ने इसका फैसला किया है। सेवा कंफर्म होने वाले सहायक प्राध्यापक भी शोध कराएंगे। अभी पीएचडी 2023-24 का कोर्स वर्क चल रहा है और वर्ष 2022 की पीएचडी का सिनाप्सिस पीजीआरसी से पास हुआ है।
तुलसी और कबीर की रचना में पर्यावरण संरक्षण खोजेंगे छात्र
बीआरएबीयू के हिन्दी के छात्र तुलसी और कबीर की रचना में पर्यावरण चेतना के तत्व खोजेंगे। एलएस कॉलेज के डॉ. शिवेश मौर्य के दिशा निर्देश में शोध को किया जा रहा है। इतिहास के छात्र भिखारी ठाकुर की रचनाओं में महिलाओं की स्थिति पर शोध करेंगे। हिन्दी विभाग के डॉ. सुशांत के निर्देशन में बज्जिका बोली पर शोध कराया जा रहा है।

