पीएचडी की डिग्री तभी मिलेगी जब थीसिस शोध गंगा पर अपलोड होगी, UGC नियम सख्ती से होगा लागू
शोधगंगा पोर्टल पर पीएचडी रिसर्च थीसिस अपलोड किए बिना किसी शोधार्थी को पीएचडी की उपाधि नहीं मिल सकेगी। इसे लेकर बिहार राज्यपाल कार्यालय ने कुलपतियों को स्पष्ट निर्देश दिया है।

बिहार के विश्वविद्यालयों को पीएचडी की डिग्री प्रदान करने से पहले शोध गंगा पोर्टल पर शोध प्रबंध की थीसिस अपलोड करना होगा। पोर्टल पर रिसर्च थीसिस अपलोड किए बिना किसी शोधार्थी को पीएचडी की उपाधि नहीं मिल सकेगी। इसे लेकर लोकभवन ने कुलपतियों को स्पष्ट निर्देश दिया है। साथ ही सचिवालय प्रशासन ने पोर्टल पर अपलोड किए गए पीएचडी थीसिस के बारे में रिपोर्ट देने को कहा है। निर्देश में स्पष्ट है कि पीएचडी मौखिक परीक्षा संपन्न होने के हफ्ते भर के अंदर शोधार्थी के शोध प्रबंध पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
दरअसल यूजीसी ने पहले से पीएचडी के शोध कार्य में नकल पर नकेल कसने के उद्देश्य से शोध गंगा पोर्टल पर रिसर्च थीसिस को अपलोड करना अनिवार्य कर दिया है। लेकिन इस मामले में राज्य के विश्वविद्यालयों द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति सचिवालय ने नाराजगी व्यक्त की है।
लोकभवन से मिली जानकारी के अनुसार अब तक राज्य के विश्वविद्यालयों में पहले कर चुके 20152 पीएचडी धारकों की थीसिस को पोर्टल पर ऑनलाइन किया है। जबकि करीब पचास हजार पीएचडी धारकों की थीसिस पोर्टल पर अपलोड कार्य पूरा करना है।
क्या है यूजीसी नियम
यूजीसी गाइडलाइंस के मुताबिक विश्वविद्यालयों के लिए छात्रों के सभी शोध को प्लेगरिज्म जांच के बाद शोधगंगा पर अपलोड करना जरूरी है। दरअसल यूजीसी ने कुछ साल पहले एक वर्चुअल इनफार्मेशन एंड लाइब्रेरी नेटवर्क की स्थापना की थी जिसकी वेबसाइट शोधगंगा है। इससे पीएचडी स्कॉलरों के शोध कार्यों की जानकारी देश के दूसरे विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को मिलेगी। इससे थीसिस कंटेंट चोरी पर लगाम भी लगेगी। यूजीसी शोध में साहित्य की चोरी यानी प्लेजरिजम रुकेगा।
पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी ने मई में जारी किए थे निर्देश
बिहार के पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने सभी शोधार्थियों के लिए यह नियम मई में लागू कर दिया था। कुलाधिपति ने इस संबंध में सभी विश्वविद्यालयों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद पाटलिपुत्र विवि ने भी अधिसूचना जारी कर दी थी। कहा गया था कि नियम का पालन नहीं करने पर पीएचडी अवार्ड की अधिसूचना जारी नहीं की जाएगी और शोधार्थी को डिग्री नहीं मिलेगी।
क्या थे मानक
पेन ड्राइव में थीसिस जमा करने के लिए विश्वविद्यालय ने एक मानक प्रारूप भी तय किया था। इस प्रारूप के अनुसार थीसिस को अलग-अलग हिस्सों में बांटना होगा। इसमें पहला भाग टाइटल (केवल टाइटल पेज), दूसरा प्रीलिम पेज (टाइटल, डिक्लेरेशन, डेडिकेशन, सर्टिफिकेट, एक्नॉलेजमेंट, टेबल्स एवं फिगर्स की सूची), तीसरा कंटेंट (विषय सूची), चौथा एब्स्ट्रैक्ट, पांचवें से नौवें तक चैप्टर 1 से 5, दसवां एनेक्सर (बिब्लियोग्राफी, रेफरेंसेस, प्रश्नावली, मानचित्र, प्रकाशन, सीवी आदि), 11वां 80 रिकमेंडेशन (टाइटल पेज सहित निष्कर्ष, सारांश एवं भविष्य का कार्य) और 12वां 90 प्लेजरिज्म रिपोर्ट होगा। इन सभी दस्तावेजों को अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

