PhD थीसिस की बाइंडिंग के लिए तय हुए 3 रंग, UGC का आदेश लागू, कई सुधार को हरी झंडी
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ( यूजीसी - UGC) के आदेश के मुताबिक डॉक्टरेट के काम के डॉक्यूमेंटेशन और वेरिफिकेशन को आसान बनाने के लिए एलयू काउंसिल ने PhD थीसिस बाइंडिंग के लिए फैकल्टी वाइज कलर कोडिंग को मंजूरी दी।

लखनऊ विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की बैठक गुरुवार को कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी की अध्यक्षता में प्रशासनिक भवन के मंथन कक्ष में हुई। बैठक में शोध, शिक्षण, छात्र सुविधाओं, संबद्ध कॉलेजों, कर्मचारियों और आधारभूत ढांचे से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा समेत कार्य परिषद के सभी सदस्य बैठक में मौजूद रहे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ( यूजीसी - UGC) के आदेश के मुताबिक डॉक्टरेट के काम के डॉक्यूमेंटेशन और वेरिफिकेशन को आसान बनाने के लिए काउंसिल ने PhD थीसिस बाइंडिंग के लिए फैकल्टी वाइज कलर कोडिंग को मंजूरी दी।
पीएचडी शोध प्रबंध के लिए रंग निर्धारित
शोध की गुणवत्ता और दस्तावेजीकरण को बेहतर बनाने के लिए पीएचडी शोध प्रबंधों की फैकल्टी वाइज कलर सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया। प्रबंधन, वाणिज्य, शिक्षा, विज्ञान और इंजीनियरिंग फैकल्टी के शोध प्रबंध नीले रंग में होंगे। कला, ललित कला, विधि और अभिनवगुप्त संस्थान के लिए मैरून तथा कृषि, योग एवं वैकल्पिक चिकित्सा, आयुर्वेद और यूनानी फैकल्टी के लिए फॉरेस्ट ग्रीन रंग निर्धारित किया गया है।
एक और फैसले में सरकारी और एडेड संबद्ध डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों को पार्ट टाइम पीएचडी विद्यार्थियों को सुपरवाइज करने की इजाजत दी गई।
रेगुलर से पार्ट टाइम पीएचडी में बदलाव तय
रेगुलकर से पार्ट टाइम पीएचडी में बदलाव के लिए पांच चरणों वाली SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) को मंजूरी दी गई। इसके तहत विभागाध्यक्ष को आवेदन, विभागीय शोध समिति की संस्तुति, कुलपति की स्वीकृति कुलसचिव की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) और निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम यानी एईडीपी अध्यादेश को राजभवन से औपचारिक मंजूरी मिलने की जानकारी परिषद को दी गई।
नीला रंग: मैनेजमेंट, कॉमर्स, एजुकेशन, साइंस और इंजीनियरिंग।
मैरून रंग: आर्ट्स, फाइन आर्ट्स, लॉ और अभिनवगुप्त संस्थान।
फॉरेस्ट ग्रीन रंग: एग्रीकल्चर, योग एवं वैकल्पिक चिकित्सा, आयुर्वेद और यूनानी।
पांच प्रतिशत आरक्षण
विश्वविद्यालय इन शोधार्थियों के लिए नोडल शोध केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इसके अलावा कॉलेज शिक्षक संघ की मांग पर संबद्ध कॉलेज शिक्षकों के पाल्यों को पीएचडी प्रवेश में स्नातक और परास्नातक की तर्ज पर पांच प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
खेल परिसर का नाम पूर्व कुलपति के नाम पर रखा जाएगा
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि नवनिर्मित खेल परिसर का नाम पूर्व कुलपति प्रो. डीपी सिंह के नाम पर 'प्रो. डीपी सिंह क्रीड़ा भवन' रखा जाएगा।
पांच वर्षीय LLB कार्यक्रम में 17 नए पद मंजूर
परिषद ने विश्वविद्यालय के विधि संकाय के अंतर्गत संचालित पांच वर्षीय LLB कार्यक्रम के लिए 17 नए स्व-वित्तपोषित शिक्षण पदों को मंजूरी दी है। इससे इस कार्यक्रम के शिक्षण कार्यों के संचालन में सहायता मिलने की उम्मीद है।

