3 महीने बाद भी Re-NEET ड्यूटी का नहीं आया पैसा, BHU के डेढ़ सौ शिक्षकों ने किया था काम
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से 21 जून को कराई गई री-नीट परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करने वाले शिक्षक अब भी मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा के लगभग तीन महीने बीत चुके हैं और परिणाम भी जारी हो गए हैं।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से 21 जून को कराई गई री-नीट परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करने वाले शिक्षक अब भी मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा के लगभग तीन महीने बीत चुके हैं और परिणाम भी जारी हो गए हैं। इसके बावजूद 150 से ज्यादा शिक्षकों को मानदेय नहीं मिला। इनके बीएचयू और संबद्ध महाविद्यालयों के भी कई शिक्षक शामिल हैं।
पेपर लीक के बाद रद्द हुआ था एग्जाम
तीन मई को कराई गई नीट परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को पुन: परीक्षा कराई गई। दोनों परीक्षाओं में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करने वाले शिक्षकों ने बताया कि लगभग आठ घंटे की ड्यूटी के लिए तीन मई की परीक्षा के बाद सभी को मानदेय का भुगतान दो से तीन दिन के अंदर ही कर दिया गया था।
कितना दिया जाएगा मानदेय
हालांकि री-नीट के बाद अब तक एनटीए की तरफ से मानदेय नहीं दिया गया। बताया कि डेढ़ सौ शिक्षक बीएचयू के महिला महाविद्यालय में बने परीक्षा केंद्र से ही हैं। लगभग एक महीने पहले केंद्र व्यवस्थापक की तरफ से सभी को आधा भुगतान (डेढ़ हजार रुपये) करने का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि शिक्षकों ने इससे इनकार कर दिया। इस प्रकरण पर परीक्षा के समन्वयक और केंद्रीय विद्यालय आयर के प्राचार्य डॉ. पीएन सिंह ने बताया कि एनटीए की तरफ से सीधे परीक्षा केंद्र को व्यवस्थाओं के लिए भुगतान किया जाता है।
कैसे होगा भुगतान
कक्ष निरीक्षकों का भुगतान सीधे केंद्र व्यवस्थापक के खाते में दिया जाता है। इसमें समन्वयक की कोई भूमिका नहीं होती। उन्होंने कहा कि किसी तकनीकी कारण से भुगतान में विलंब हो रहा होगा। सभी को जल्द भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षकों का कहना है कि काम कराने के इतने दिन बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं किया जाना घोर लापरवाही है।
बीएचयू के सात डॉक्टर बने एनएएमएस के सदस्य
वहीं, चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आईएमएस-बीएचयू के सात चिकित्सकों का चयन नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनएएमएस) के 2026 के सदस्यों के रूप में हुआ है। चयनित सदस्यों में कार्डियोलॉजी के डॉ. सौमिक घोष, न्यूरोलॉजी के डॉ. वरुण कुमार सिंह, न्यूरोलॉजी के डॉ. अभिषेक पाठक, डेंटल सर्जरी के डॉ. अखिलेश चंद्र, ईएनटी के डॉ. विश्वंभर सिंह, एनाटॉमी के डॉ. प्रसेनजीत बोस और पैथोलॉजी की डॉ. दीपा रानी शामिल हैं। इन चिकित्सकों का चयन चिकित्सा क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों, समर्पण और योगदान को देखते हुए हुआ है। आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने कहा कि आईएमएस के लिए ये गौरव का विषय है।
एक साथ सात सदस्यों का चयन आईएमएस-बीएचयू में अलग-अलग चिकित्सा विधाओं में हो रहे अकादमिक, शोध और चिकित्सकीय कार्यों को भी रेखांकित करता है। एनएएमएस सेल, आईएमएस-बीएचयू के संयोजक प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने बधाई दी है।

