
NTA JEE Main 2026: जेईई मेन 2026 में नॉन-आधार आवेदकों के लिए फोटो वेरिफिकेशन का आज होगा बंद, जल्द करें अटेस्ट
NTA JEE Main 2026: जेईई मेन 2026 में जिन्होंने अपना रजिस्ट्रेशन आधार कार्ड के बिना किया है उनके लिए फोटो वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट अपलोड करने की अंतिम तिथि आज, 15 जनवरी 2026 है।
NTA JEE Main 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 'संयुक्त प्रवेश परीक्षा' (JEE Main) 2026 के उन उम्मीदवारों के लिए एक बेहद जरूरी अपडेट जारी किया है, जिन्होंने अपना रजिस्ट्रेशन आधार कार्ड के बिना किया है। एनटीए के अनुसार, ऐसे अभ्यर्थियों के लिए फोटो वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट अपलोड करने की अंतिम तिथि आज, 15 जनवरी 2026 है।
जिन छात्रों के आवेदन फॉर्म में अपलोड की गई 'लाइव फोटो' और उनके पहचान पत्र (PAN, पासपोर्ट आदि) की फोटो में गलती/गड़बड़ी पाई गई है, उन्हें रात तक इस प्रक्रिया को पूरा करना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर उनके एडमिट कार्ड रोके जा सकते हैं या उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित किया जा सकता है।
क्यों जरूरी है यह फोटो वेरिफिकेशन?
एनटीए ने आवेदन फॉर्म की बारीकी से जांच के दौरान पाया कि कई उम्मीदवारों ने आधार कार्ड के बजाय अन्य पहचान डॉक्यूमेंट का उपयोग किया था। इनमें से कुछ मामलों में, रजिस्ट्रेशन के समय वेबकैम से ली गई 'लाइव फोटो' और आधिकारिक डेटाबेस (जैसे UIDAI) में मौजूद फोटो मेल नहीं खा रहे थे।
परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की ‘धोखाधड़ी’ (Impersonation) को रोकने के लिए, एनटीए ने इन खास उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त फोटो आईडी वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है।
प्रमाण पत्र को वेरिफाई कराने के नियम
शुरुआत में, एनटीए ने केवल स्कूल या कॉलेज के प्रधानाचार्य से ही अटेस्टेशन कराने का नियम रखा था। लेकिन छात्रों की समस्याओं और छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए, अब नियमों में ढील दी गई है। अब उम्मीदवार इन अधिकारियों से भी अपने प्रमाण पत्र को वेरिफाई (अटैस्ट) करा सकते हैं:
स्कूल या कॉलेज के प्रधानाचार्य/हेडमास्टर।
क्लास-I राजपत्रित अधिकारी (गैडेटेड ऑफिसर): जैसे तहसीलदार, राजस्व अधिकारी, एसडीएम (SDM), या जिला मजिस्ट्रेट (DM)।
भारतीय दूतावास के क्लास-I राजपत्रित अधिकारी (केवल NRI उम्मीदवारों के लिए)।
कैसे पूरा करें वेरिफिकेशन प्रक्रिया? (स्टेप-बाय-स्टेप)
प्रभावित उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर एनटीए द्वारा एक लिंक भेजा गया है। प्रक्रिया इस प्रकार है:
पोर्टल पर जाएं: आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर लॉगिन करें।
सर्टिफिकेट डाउनलोड करें: अपने डैशबोर्ड से 'Photo Verification Certificate' का पीडीएफ डाउनलोड करें।
फोटो चिपकाएं: फॉर्म पर अपनी हालिया पासपोर्ट साइज फोटो लगाएं।
अटेस्टेशन कराएं: ऊपर बताए गए किसी भी अधिकारी से फोटो और फॉर्म पर सिग्नेचर व स्टेम्प लगवाएं।
अपलोड करें: स्कैन की गई पीडीएफ फाइल को आज रात तक पोर्टल पर अपलोड करें।
परीक्षा के दिन साथ ले जाना होगा प्रिंटआउट
केवल ऑनलाइन अपलोड करना ही काफी नहीं है। उम्मीदवारों को इस सत्यापित प्रमाण पत्र (Attested Certificate) की एक प्रिंटेड हार्ड कॉपी अपने साथ परीक्षा केंद्र पर भी ले जानी होगी। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान इस डॉक्यूमेंट की जांच की जाएगी।
जेईई मेन 2026 सेशन-1 की परीक्षाएं 21 जनवरी से 30 जनवरी 2026 के बीच आयोजित होनी हैं। एडमिट कार्ड जल्द ही जारी होने की उम्मीद है, इसलिए परीक्षार्थी बिना देरी किए इस अंतिम औपचारिकता को आज ही पूरा कर लें।

लेखक के बारे में
Prachiदिल्ली की रहने वाली प्राची लाइव हिन्दुस्तान में ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले 1.5 वर्षों से वे करियर और शिक्षा क्षेत्र की बारीकियों को कवर कर रही हैं। प्राची ने प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया है। लाइव हिन्दुस्तान से 2024 में जुड़ने से पहले, उन्होंने 'नन्ही खबर', 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे संस्थानों में कंटेंट लेखक के रूप में अपनी लेखनी को निखारा है। इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है।
और पढ़ें



