फिर विवादों में NTA! UGC NET इंग्लिश पेपर के 67 सवाल पुराने क्वेश्चन पेपर से मिलने का दावा
दावा किया जा रहा है कि इस साल आयोजित हुई यूजीसी नेट की अंग्रेजी परीक्षा में पूछे गए 150 में से 67 सवाल दो साल पुराने प्रश्नपत्र से हूबहू या लगभग समान पाए गए हैं। इसे लेकर एक बार फिर एनटीए की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एक बार फिर विवादों में आ गई है। हाल ही में पेपर लीक के बाद रद्द हुई NEET-UG परीक्षा का दोबारा सफल आयोजन करने का दावा करने वाली NTA पर अब UGC NET परीक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इस साल आयोजित हुई यूजीसी नेट की अंग्रेजी परीक्षा में पूछे गए 150 में से 67 सवाल दो साल पुराने प्रश्नपत्र से हूबहू या लगभग समान पाए गए हैं। इसे लेकर एक बार फिर एनटीए की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। आपको बता दें कि UGC NET का स्कोर देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की पात्रता तय करने और पीएचडी (PhD) में प्रवेश के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
शिक्षाविदों का दावा
द टेलीग्राफ में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक कुछ शिक्षा के जानकारों ने इस मामले के लिए NTA को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि एजेंसी की जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करने की होती है कि परीक्षा में पुराने सवाल दोबारा न पूछे जाएं। एक शिक्षाविद ने दावा किया कि प्रश्न ऐसे "संदिग्ध विशेषज्ञों" ने तैयार किए होंगे, जिन्होंने संभवतः पुराने प्रश्नपत्रों का सहारा लिया।
यूजीसी नेट परीक्षा कब हुई थी आयोजित
आपको बता दें कि NTA यूजीसी नेट की परीक्षा 22 जून से 30 जून तक दो शिफ्टों में आयोजित किया गया था। पहली शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा आयोजित हुई। इसके बाद दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक एग्जाम लिया गया।
2 पेपर
UGC NET परीक्षा दो पेपरों में होती है। पेपर-I सभी अभ्यर्थियों के लिए समान होता है, जिसमें रीजनिंग, सामान्य जागरूकता और शिक्षण-शोध अभिरुचि से जुड़े 50 प्रश्न पूछे जाते हैं। वहीं पेपर-II में संबंधित विषय के 100 प्रश्न होते हैं।
विकल्प भी एक जैसे हैं
रिपोर्ट के अनुसार, दावा किया जा रहा है कि इस साल अंग्रेजी विषय के पेपर में पूछे गए 150 बहुविकल्पीय प्रश्नों में से 67 प्रश्न पहले के प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। ये सभी दोहराए गए प्रश्न पेपर-II में पाए गए और यहां तक कि उनके उत्तर विकल्पों का क्रम भी पहले जैसा ही था। इस मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय की पूर्व डीन प्रोफेसर अनीता रामपाल ने कहा कि NTA के पास परीक्षा के प्रश्नों की गुणवत्ता और उद्देश्य की सही तरीके से जांच-परख करने की पर्याप्त क्षमता और शैक्षणिक विशेषज्ञता की कमी दिखाई देती है।
प्रोफेसर अनीता रामपाल ने कहा कि NTA की जिम्मेदारी होती है कि वह प्रश्नपत्र तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की सावधानी से जांच करे। उनके मुताबिक, सिर्फ दो साल पहले हुई परीक्षा से इतने अधिक विषय-विशेष के सवाल दोबारा पूछे जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इससे एजेंसी की लापरवाही और अच्छे व नए सवाल तैयार करने में उसकी कमजोरी साफ दिखाई देती है।
एनटीए के जवाब का इंतजार
वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय की ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष सावी ने कहा कि पुराने सवाल दोहराए जाने से कोचिंग करने वाले छात्रों को अनुचित लाभ मिल सकता है, क्योंकि कोचिंग संस्थानों में पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों की नियमित तैयारी कराई जाती है। फिलहाल, इस मामले में अभी तक एनटीए का कोई जवाब नहीं आया है।
लेखक के बारे में
Dheeraj Palसंक्षिप्त विवरण:
धीरज पाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 साल का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए इन्हें 4 साल हो गए हैं। धीरज एजुकेशन रिपोर्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। अपने करियर के दौरान धीरज ने राजनीति समाचार, एजुकेशन बीट के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
धीरज ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए इन मीडिया स्टडीज और राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज से जनसंचार एवं पत्रकारिता से परास्नातक की पढ़ाई की। धीरज पाल ने अपने पत्रकारिता कर की शुरुआत एपीएन न्यूज चैनल से की। इसके बाद उन्होंने लोकमत न्यूज हिंदी और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। हिंदुस्तान लाइव में यूपी बोर्ड से लेकर उन्होंने लोकसभा चुनाव कवर करने साथ-साथ खेल जैसे बीट पर काम किया। अब इनका एकमात्र उद्देश्य करियर और एजुकेशन से जुड़ी रुचिगत, सरल, प्रमाणिक और पाठक-हितैषी रूप में प्रस्तुत करना है।
व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता और ज्योतिषीय अध्ययन के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।
व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।


