
राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा के आवेदन 26 से, नौवीं से 12वीं क्लास के स्टूडेंट्स को जानें कितनी छात्रवृत्ति
NMMS Scholarship registration: राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना भारत सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए संचालित है।
राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) शैक्षिक सत्र 2025-26 (परियोजना वर्ष 2025-26) के लिए आवेदन 26 जनवरी से शुरू होगा। 15 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की वेबसाइट scert. bihar. gov. in पर जाकर आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। आपको बता दें कि बिहार से 5,433 और देशभर में एक लाख से अधिक स्टूडेंट्स का चयन इस एग्जाम से होता है।
कब होगी राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा
परीक्षा 8 मार्च 2026 को होगी। जिसके लिए प्रवेश पत्र 5 मार्च से परीक्षा की तिथि तक मिलेगा। इस बार प्राचार्यों को भी अपने विद्यालय में इस योजना के पात्र विद्यार्थियों के आवेदन खुद से करने की जिम्मेदारी दी गई है। मालूम हो कि बिहार से इस योजना के तहत 5433 समेत देशभर से 1 लाख छात्र- छात्राओं का चयन होगा।
कौन कर सकता है राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन
परीक्षा की औपबंधित उत्तर कुंजी 9 मार्च को जारी होगी। वहीं आपत्ति दर्ज करने की तिथि 13 मार्च निर्धारित है। सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय में पढ़ रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। बशर्ते वह 7वीं 55% अंकों से उत्तीर्ण हों। अनुसूचित जाति- जनजाति और नि:शक्त छात्र- छात्राओं को उत्तीर्णांक पर 5% की छूट मिलेगी। योजना के तहत छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए अर्हता प्राप्त विद्यार्थियों का चयन एससीईआरटी द्वारा लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
कैसा होगा राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा का पैटर्न
परीक्षा दो विषयों की होगी। इनमें मानसिक योग्यता परीक्षा (मैट) और शैक्षिक योग्यता परीक्षा (सैट) शामिल है। दोनों ही विषयों में 90-90 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। चयनित होने के लिए मैट और सैट के प्राप्तांकों को जोड़कर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को न्यूनतम 40 अंक लाना होगा। वहीं अनुसूचित जाति-जनजाति और नि:शक्त जन को न्यूनतम 32 अंक लाना होगा।
किस टाइम होगी राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में 10:30 सक 12 बजे मैट की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में सैट की परीक्षा होगी। परीक्षा 1 बजे से 2:30 बजे तक चलेगी। दृष्टिबाधित और लिखने में असमर्थ अभ्यर्थियों को 30 मिनट अतिरिक्त दिया जाएगा। आवदेन से संबंधित समस्या होने पर ई- मेल आइडी ntsenmmssexam. scertbihar@ gmail. com पर मेल कर सकते हैं। या फिर 9473035530,9430283921 पर संपर्क कर सकते हैं।
क्या है राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना
राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना भारत सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए संचालित है। सफल छात्र-छात्राओं को राज्य के राजकीय, राजकीयकृत, राज्य व केंद्र सरकार के अनुदान से संचालित विद्यालयों, मान्यता प्राप्त अनुदानित अल्पसंख्यक विद्यालयों, मदरसा एवं संस्कृत विद्यालयों के छात्र- छात्राओं को कक्षा से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रति वर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाती है।





