बीटेक छात्र को मिला 1.16 करोड़ का पैकेज, कंप्यूटर साइंस वालों की हुई चांदी, जानें औसत सैलरी
NIT Placement: NIT जालंधर के प्लेसमेंट ड्राइव 2026 में 350 से अधिक दिग्गज कंपनियों ने भाग लिया। संस्थान में अधिकतम पैकेज 1.16 करोड़ रुपये और औसत पैकेज 11.14 रुपये LPA रहा, जिसमें 88.9% छात्रों का चयन हुआ।

NIT Campus Placement: इंजीनियरिंग संस्थान डॉ. बी. आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जालंधर (NIT) के बीटेक और एमटेक छात्रों के लिए प्लेसमेंट सेशन बेहद शानदार रहा है। मंदी की खबरों के बीच संस्थान के प्रतिभाशाली छात्रों ने अपनी मेहनत और कौशल के दम पर दुनिया की दिग्गज मल्टीनेशनल कंपनियों (MNCs) में शानदार जॉब ऑफर्स हासिल किए हैं। संस्थान का कुल प्लेसमेंट प्रतिशत 88.9% दर्ज किया गया है। प्लेसमेंट रिपोर्ट के अनुसार, ग्लोबल टेक कंपनियों गूगल (Google), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) और अमेजन (Amazon) जैसी दिग्गज कंपनियों ने कैंपस में आकर एक छात्र को 1.16 करोड़ रुपये प्रति वर्ष तक का हाईएस्ट पैकेज ऑफर किया है।
350 से अधिक कंपनियों ने दर्ज की मौजूदगी
NIT जालंधर में आयोजित इस प्लेसमेंट अभियान के दौरान 350 से अधिक नामी रिक्रूटर्स कैंपस पहुंचे। छात्रों को मिलने वाला औसत पैकेज 11.14 लाख प्रति वर्ष (LPA) रहा है। टेक, बैंकिंग, कंसल्टिंग, कोर इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग जैसे हर प्रमुख क्षेत्र की प्रमुख दिग्गज कंपनियों ने संस्थान के होनहार छात्रों को आकर्षक पदों के लिए चुना है।
टॉप रिक्रूटर्स और प्रमुख कंपनियां
कैंपस में प्लेसमेंट और इंटर्नशिप के लिए आने वाली कंपनियों में गूगल (Google), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), अमेजन (Amazon), एपल (Apple), एनवीडिया (NVIDIA), एडोबी (Adobe), सैमसंग (Samsung), और गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) जैसे टेक एवं फाइनेंस दिग्गज शामिल हैं।
इसके अलावा सिटी, इंफोसिस, विप्रो, डेलॉइट (Deloitte), EY, KPMG, IBM, TCS, कैपजेमिनी, फ्लिपकार्ट, ICICI बैंक और HDFC बैंक जैसी कंपनियों ने भी छात्रों को प्लेसमेंट और इंटर्नशिप का अवसर प्रदान किया।
कोर्स और बैच वाइज प्लेसमेंट अवसर
संस्थान ने बी.टेक (B.Tech), एम.टेक (M.Tech), एम.एससी (M.Sc) और एमबीए (MBA) के विभिन्न बैचों के लिए अलग-अलग प्लेसमेंट और इंटर्नशिप फॉर्मेट निर्धारित किए हैं।
B.Tech व पोस्ट-ग्रेजुएट फाइनल ईयर (2027 बैच): छात्रों को सीधे फुल टाइम रोल (FTE) के तहत जॉब ऑफर्स मिले हैं, जिनकी जॉइनिंग जून 2027 से होगी।
B.Tech फाइनल ईयर का दूसरा ग्रुप: छात्रों को जनवरी से जुलाई तक 6 महीने की इंटर्नशिप का अवसर दिया जाएगा, जिसके बाद प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) का मौका मिलेगा।
प्री-फाइनल ईयर (2028 बैच): बी.टेक छात्रों के लिए 6 से 8 हफ्तों की समर इंटर्नशिप और एम.टेक छात्रों के लिए 11 महीने तक की लॉन्ग-टर्म इंटर्नशिप के रास्ते खोले गए हैं।
एनआईटी जालंधर का यह शानदार प्लेसमेंट रिकॉर्ड देशभर के उन लाखों छात्रों के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है जो जेईई मेन (JEE Main) परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। यह साबित करता है कि यदि आपके पास सही स्किल, निरंतर मेहनत और तकनीकी समझ है, तो देश के टॉप एनआईटी संस्थान आपको सफलता के उस मुकाम तक पहुंचा सकते हैं जहां गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां सीधे आपके पास आती हैं।


