
New Engineering Courses: अब MBA की जरूरत खत्म, इंजीनियरिंग के ये नए कोर्स करियर को देंगे तूफानी रफ्तार
New Engineering Courses: अगर आप एक इंजीनियर हैं और मैनेजमेंट की दुनिया में जाना चाहते हैं, तो अब सही समय है कि आप इन नए-जमाने के स्पेशलाइज्ड कोर्सेज को चुनें और अपने करियर को एक नई दिशा दें।
New Age Engineering Courses: इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद ज्यादातर स्टूडेंट्स मैनेजमेंट की दुनिया में कदम रखने के लिए MBA (मास्टर्स ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) करते थे। यह एक आम ट्रेंड बन गया था, जहां टेक्निकल नॉलेज रखने वाले इंजीनियर, लीडरशिप और बिजनेस स्किल्स सीखने के लिए MBA करते थे।
मगर अब शिक्षा और करियर की दुनिया तेजी से बदल रही है। बिजनेस वर्ल्ड की जरूरतों को देखते हुए कई प्रमुख इंजीनियरिंग कॉलेजों ने कुछ ऐसे नए जमाने के कोर्स शुरू किए हैं जो इंजीनियरिंग की अच्छी टेक्निकल नॉलेज के साथ-साथ बिजनेस और मैनेजमेंट के जरूरी गुण भी सिखाते हैं। एक्सपर्ट का मानना है कि ये स्पेशलाइज्ड कोर्सेज आने वाले समय में इंजीनियरों के लिए MBA की जरूरत को लगभग खत्म कर देंगे।
क्यों हो रहा है यह बदलाव?
पहले, एक इंजीनियर सिर्फ टेक्निकल वर्क करता था, और मैनेजमेंट का काम MBA वाले लोग संभालते थे। लेकिन आज की कंपनियां ऐसे प्रोफेशनल्स चाहती हैं जो टेक्निकल एक्सपर्ट भी हों और साथ ही बिजनेस के फैसले भी ले सकें।
यही कारण है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस, और प्रोडक्ट मैनेजमेंट जैसे नए इंजीनियरिंग कोर्सेज में अब फाइनेंस, मार्केटिंग, सप्लाई चेन और लीडरशिप जैसे मैनेजमेंट के टॉपिक भी शामिल किए जा रहे हैं।
ये हैं भविष्य के 5 खास इंजीनियरिंग कोर्स
कुछ प्रमुख इंजीनियरिंग ब्रांच जो टेक्निकल स्किल्स और बिजनेस समझ का सही मिश्रण देती हैं, वे इस प्रकार हैं-
डेटा साइंस और बिजनेस एनालिटिक्स : इस कोर्स में छात्र सीखते हैं कि बड़े डेटा का एनालाइज करके कैसे बिजनेस स्ट्रैटिजी बनाई जाती है। यह सीधे बिजनेस को प्रभावित करने वाला काम है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग (AI & ML): AI केवल टेक्नोलॉजी नहीं है, बल्कि यह बिजनेस के नए रास्ते खोलती है। इस क्षेत्र के इंजीनियरों को पता होता है कि AI को प्रोडक्ट या सर्विस के तौर पर कैसे बेचना है।
प्रोडक्ट इंजीनियरिंग/मैनेजमेंट: यह सीधे तौर पर एक ऐसा रोल है जहां इंजीनियर किसी प्रोडक्ट के विकास से लेकर मार्केट में उसकी सफलता तक की पूरी जिम्मेदारी संभालता है। यह काम MBA के बिना संभव नहीं था, लेकिन अब यह इंजीनियरिंग कोर्स में ही पढ़ाया जा रहा है।
साइबर सिक्योरिटी और एथिकल हैकिंग: आज के समय में तेजी से बढ़ते डिजिटल खतरों के बीच, इस क्षेत्र के एक्सपर्ट को सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि बिजनेस के रिस्क और पॉलिसी मैनेजमेंट की भी गहरी समझ होती है।
रोबोटिक्स और ऑटोमेशन: ये इंजीनियर बड़ी फैक्ट्रियों या ऑपरेशनल चेन को ऑटोमेट करते हैं। इस काम में एफिशिएंसी और मैनेजमेंट की समझ जरूरी होती है।
करियर को मिलेगी ऊंची उड़ान
इन नए-नए इंजीनियरिंग कोर्सेज को चुनने वाले छात्रों को यह बड़ा फायदा मिलता है कि वे अपनी पढ़ाई पूरी करते ही सीधे टेक्नो-मैनेजरियल रोल जैसे- प्रोडक्ट मैनेजर, बिजनेस एनालिस्ट या कंसल्टेंट के तौर पर काम शुरू कर सकते हैं।
इससे उनका करियर ट्रैक फास्ट हो जाता है और उन्हें MBA पर लगने वाले दो साल का समय और लाखों रुपये बचाने का मौका मिलता है। मार्केट में इनकी डिमांड बहुत ज्यादा है और इन्हें मिलने वाला सैलरी पैकेज भी नॉर्मल इंजीनियरिंग या MBA ग्रेजुएट्स की तुलना में काफी बेहतर होता है। अगर आप एक इंजीनियर हैं और मैनेजमेंट की दुनिया में जाना चाहते हैं, तो अब सही समय है कि आप इन नए-जमाने के स्पेशलाइज्ड कोर्सेज को चुनें और अपने करियर को एक नई दिशा दें।





