NEET UG : नीट छात्रों को दिल्ली सरकार का दूसरा तोहफा, फ्री यात्रा के बाद एक और सुविधा का ऐलान
दिल्ली सरकार ने 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष कूलिंग जोन बनाने का फैसला किया है। इन जोनों में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शिकंजी और गर्मी से राहत के इंतजाम होंगे।

NEET UG : 21 जून को आयोजित होने जा रही मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी के अभ्यर्थियों को दिल्ली सरकार ने फ्री यात्रा के बाद दूसरा बड़ा तोहफा दिया है। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने मानवीय पहल करते हुए परीक्षार्थियों के अभिभावकों की सुविधा का भी खास प्रबंध किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहली बार है जब परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने वालों के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिजनों के आराम एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए कूलिंग जोन बनाए जा रहे हैं, जहां उनके बैठने की सुविधा, स्वच्छ पेयजल, शिकंजी आदि आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
इससे पहले दिल्ली सरकार ने नीट छात्रों के लिए 21 जून को फ्री डीटीसी बस यात्रा का ऐलान किया था। छात्रों को इस सुविधा का फायदा लेने के लिए किसी अलग पास या रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी। उम्मीदवार सिर्फ अपना वैध NEET एडमिट कार्ड बस कंडक्टर को दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इससे खासतौर पर उन छात्रों और परिवारों को राहत मिलेगी जो परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करते हैं।
वेटिंग के लिए आरामदायक जगह का इंतजाम रहेगा
उन्होंने कहा कि अब तक अक्सर देखा जाता था कि परीक्षा के दौरान परिजन कभी किसी पेड़ की छांव तलाशते थे, कभी पार्क में बैठकर समय बिताते थे, तो कभी आसपास की बाजारों में इधर-उधर भटकते रहते थे। कई लोगों को भीषण गर्मी में लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ता था। अब ऐसी स्थिति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर ही उनके लिए आरामदायक प्रतीक्षा व्यवस्था उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि डिविजनल कमिश्नर (डीएम) के निर्देश से संबंधित अधिकारी सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास कूलिंग जोन की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। इन कूलिंग जोन में बैठने की सुविधा, स्वच्छ पेयजल, शिकंजी, ओआरएस, चाय तथा प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
राजधानी के विभिन्न इलाकों में 85 शेड स्थापित किए गए हैं, 15 कूलिंग जोन संचालित हो रहे हैं तथा 13 मोबाइल राहत वैन (मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट) लगातार विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचा रही हैं।
अब बिना बैंक डिटेल्स के डाउनलोड करें नीट एडमिट कार्ड, NTA ने दी राहत
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 री एग्जाम एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। परीक्षा एजेंसी ने छात्रों को बिना बैंक अकाउंट डिटेल्स डाले एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की इजाजत दे दी है। पहले बैंक अकाउंट डिटेल्स डालने की शर्त से काफी छात्रों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में दिक्कत हो रही थी। बुधवार को नोटिस जारी कर एनटीए ने साफ किया कि उम्मीदवार neet.nta.nic.in पर जाकर अब पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और परीक्षा शुल्क रिफंड प्रक्रिया के लिए जरूरी बैंक अकाउंट वेरिफिकेशन बाद में पूरा कर सकते हैं। उम्मीदवार कभी भी यह वेरिफिकेशन पूरा करें, वे शुल्क रिफंड के लिए पूरी तरह योग्य रहेंगे।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी कि वे जल्द से जल्द अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और 21 जून को होने वाली नीट यूजी री एग्जाम से पहले अपने परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य विवरणों को ध्यान से देख लें। डाउनलोड करने के बाद छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और व्यक्तिगत जानकारी सहित सभी विवरणों को ध्यान से जांच लें और परीक्षा के दिन के लिए एडमिट कार्ड की दो प्रिंटेड कॉपी तैयार रखें।
एडमिट कार्ड की दो कॉपियां रखें तैयारी
एनटीए ने कहा, 'आज ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और परीक्षा के दिन के लिए दोनों प्रिंटेड कॉपी तैयार रखें। सभी NEET 2026 उम्मीदवारों को शुभकामनाएं।' पेपर लीक के चलते 3 मई को हुई नीट परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब यह 21 जून को एक ही शिफ्ट में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।


