NEET UG 2026 Re-Exam: कड़े नियम, चप्पे-चप्पे पर नजर, 51 हजार जैमर्स की जद में नीट परीक्षा पूरी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

NEET UG 2026 Re-Exam : एनटीए द्वारा आयोजित नीट यूजी की दोबारा परीक्षा 2 बजे से शुरू हुई थी। 1:30 एंट्री गेट बंद कर दिया गया था।

neet

NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने का ख्वाब देखने वाले 22 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के लिए आज का दिन बेहद अहम रहा। 3 मई को हुए इम्तिहान के रद्द होने के बाद, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए आज यानी 21 जून 2026 को NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित की। पिछली बार पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों के भरोसे को जो ठेस पहुंचाई थी, उससे सबक लेते हुए इस बार एनटीए ने सुरक्षा के ऐसे पुख्ता इंतजाम किए जो शायद ही पहले कभी देखे गए हों। हालात ये हैं कि परिंदे को भी पर मारने की इजाजत नहीं थी।

इस बार पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखने के लिए भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया गया। देश भर के 5440 परीक्षा केंद्रों पर एक लाख अड़तीस हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी गई। नकल और किसी भी तरह की धांधली को जड़ से खत्म करने के लिए 51 हजार से ज्यादा जैमर भी लगाए गए। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चली। छात्रों को इस बार 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया था। इस महा-इम्तिहान से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और ताजा अपडेट्स के लिए बने रहें लाइव हिन्दुस्तान के साथ…

5:15 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : पूरी हुई परीक्षा, छात्रों केंद्रों से बाहर निकले

देशभर में आयोजित NEET UG 2026 री-एग्जाम रविवार शाम 5:15 बजे सफलतापूर्वक समाप्त हो गया। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई थी, जबकि सभी केंद्रों पर 1:30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए थे। कड़े सुरक्षा प्रबंधों और निगरानी के बीच आयोजित इस मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लेने की संभावना हैं। हालांकि, आखिरी आंकड़ा एनटीए द्वारा जारी किया जाएगा।

4:27 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : भीषण सड़क हादसे के बाद भी NEET परीक्षा में शामिल हुई छात्रा, धर्मेंद्र प्रधान ने परिवार की बातचीत

गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल होने और बड़ी सर्जरी से गुजरने के बावजूद श्रिष्टि दुबे ने नीट परीक्षा देने का अपना संकल्प नहीं छोड़ा। परिवार के अनुरोध पर परीक्षा केंद्र में उनके लिए अलग कमरा, आवश्यक चिकित्सा सहायता, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की विशेष व्यवस्था की गई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्वयं श्रिष्टि के माता-पिता से फोन पर बात कर उनकी सेहत की जानकारी ली और हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

3:14 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : NEET परीक्षा में न आए बाधा, एयरपोर्ट पर रुके रहे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे अपने आवास नहीं गए, बल्कि कुछ समय तक एयरपोर्ट पर ही रुके रहे। सूत्रों के अनुसार, दोपहर 2 बजे नीट परीक्षा शुरू होने वाली थी और प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित करने के लिए अपने प्रस्थान में देरी की कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा राजधानी में यातायात सामान्य और सुचारु बना रहे। इससे परीक्षार्थियों की आवाजाही पर वीआईपी मूवमेंट का असर नहीं पड़ा।

2:36 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: रास्ते में हुआ था हादसा, एग्जाम में देर से पहुंचे दो छात्रों को नहीं मिली एंट्री

मध्य प्रदेश की भोपाल में नीट की दोबारा पुनर्परीक्षा के दौरान देर से पहुंचने पर दो छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। एक अभ्यर्थी के चाचा आमिर कादरी ने बताया कि परीक्षा केंद्र जाते समय उनका एक्सीडेंट हो गया था, जिसके कारण उनके भतीजे को प्राथमिक उपचार दिलाना पड़ा और वे निर्धारित समय से कुछ देर बाद केंद्र पहुंचे। हालांकि, केंद्र प्रशासन ने यह कहते हुए प्रवेश देने से इनकार कर दिया कि परीक्षा शुरू हो चुकी है और नियमों के तहत अब एंट्री संभव नहीं है।

2:00 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: देशभर में शुरू हुई परीक्षा, 5:15 बजे तक चलेगा एग्जाम

देशभर के परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी 2026 री-एग्जाम दोपहर 2 बजे शुरू हो गया है। निर्धारित समय के अनुसार 1:30 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। कड़े सुरक्षा इंतजामों और निगरानी के बीच आयोजित हो रही यह परीक्षा शाम 5:15 बजे तक चलेगी। 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी देश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

1:30 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: एंट्री बंद, 2 बजे से शुरू होगी परीक्षा

नीट री-एग्जाम के लिए एनटीएन ने पहले से ही आधिकारिक घोषणा की थी कि 1:30 बजे एंट्री गेट बंद हो जाएगा। इसके बाद छात्रों की एंट्री नहीं हो पाएगी। बता दें कि परीक्षा 2 बजे से शुरू होगी, जो 5 बजकर 15 मिनट तक चलेगी।

1:20 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: हर रूम में सीसीटीवी, 95000 से ज्यादा है रूम

95,000 से ज्यादा एग्जाम रूम हैं, जिनमें से हर एक में CCTV लगा है। 1,38,560 CCTV कैमरे, जिनकी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर लाइव निगरानी की जा रही है। CCTV फीड का AI-आधारित विश्लेषण।51,311 जैमर लगाए गए (ECIL + BEL)।

1:00 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: नीट री-एग्जाम पर बोले कर्नाटक के मुख्यमंत्री- सरकार ने पिछली घटनाओं से सबक लिया होगा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "आज करीब 22 लाख छात्र NEET परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार ने पिछली घटनाओं से सबक लिया होगा। परीक्षा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। मैं सभी छात्रों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"

12:45 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: 1:30 बजे गेट होगा बंद, एग्जाम सेंटर्स पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बता दें कि 11 बजे से ही एग्जाम सेंटर्स में नीट अभ्यार्थियों का प्रवेश जारी है। 1.30 बजे तक प्रवेश बंद हो जाएगा। इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वो निर्धारित समय पर एग्जाम सेंटर्स पहुंचे। साथ ही एग्जाम सेंटर्स पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

नीट एग्जाम सेंटर्स

12:35 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: AI कैमरे से की जाएगी मॉनिटरिंग

NTA ने देशभर के परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,700 ऑब्जर्वर्स तैनात किए हैं। इसके अलावा, 100 से ज्यादा वर्चुअल ऑब्जर्वर्स केंद्रीय स्तर पर लाइव CCTV फुटेज पर नजर रखेंगे। एजेंसी ने बताया कि CCTV फुटेज की जांच AI तकनीक की मदद से भी की जाएगी, ताकि किसी भी गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, यह अतिरिक्त निगरानी व्यवस्था उन अनियमितताओं को पकड़ने में भी मदद करेगी जो सामान्य जांच में छूट सकती हैं।

12:20 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE:पहले जैसा उत्साह नहीं, परीक्षार्थी ने बताया

नीट यूजी री-एग्जाम के लिए सुबह 11 बजे से 1.30 बजे तक प्रवेश है। अपनी सुविधा के अनुसार अभ्यर्थी जा रहे हैं। परीक्षार्थी वेदार्थ ने बताया कि अब उतना उत्साह नहीं महसूस कर पा रहा हूं परीक्षा को लेकर। मैंने तैयारी की है लेकिन देखते हैं क्या होता है।

12:00 PM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: कई राज्यों में फ्री बस सेवा उपलब्ध

21 जून को नीट यूजी री-एग्जाम होना है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को एक शहर से दूसरे शहर और अलग-अलग जिलों में बने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना होता है। इसे देखते हुए परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को समय पर सेंटर पहुंचाने के लिए कई राज्यों में फ्री या रियायती बस सफर की घोषणा की गई है। उड़ीसा, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, बिहार आदि राज्यों में नीट अभ्यार्थियों के लिए फ्री बस सेवा है।

11:45 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: नीट री-एग्जाम को लेकर क्या बोले उम्मीदवार

शिमला पहुंची नीट की उम्मीदवार दीक्षा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि नीट री-एग्जाम को लेकर मैं थोड़ा परेशान और डरी हुई हूं। मेहनत करने वाले छात्रों को निष्पक्ष परिणाम मिलना चाहिए। लेकिन दोबारा पढ़ाई करना और लगातार उसी स्तर की तैयारी बनाए रखना बहुत मुश्किल है। अब बस यही उम्मीद है कि परीक्षा अच्छी जाए। बता दें कि यह बयान नीट री-एग्जाम को लेकर छात्रों की चिंता और मानसिक दबाव को दिखाता है।

11:30 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: ड्रेस कोड कैसा होना चाहिए?

एनटीए ने एक सख्त ड्रेस कोड लागू किया है जिसे मानना सबके लिए जरूरी है। लड़के और लड़कियां, दोनों के लिए साफ हिदायत है कि वे हल्के रंग के और आधी बांह वाले साधारण कपड़े पहनकर आएं। पैरों में सिर्फ चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनने की ही इजाजत है। भारी कपड़े, पूरी बांह की शर्ट, जूते या बड़े बटन वाले कपड़े पहनकर आना सख्त मना है। इसके साथ ही किसी भी तरह की जूलरी जैसे अंगूठी, कान की बाली, नेकलेस या ब्रेसलेट पहनकर न जाएं। ये सभी नियम इसलिए बनाए गए हैं ताकि सिक्योरिटी चेक जल्दी हो सके और एग्जाम में पूरी तरह से ईमानदारी बनी रहे।

11:15 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: खास लिबास वालों के लिए अलग से समय

ऐसे छात्र जो अपने धर्म या मान्यताओं के अनुसार खास लिबास पहनकर आ रहे हैं, उन्हें चेकिंग के लिए थोड़ा ज्यादा वक्त चाहिए होता है। एनटीए ने ऐसे छात्रों को दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे के बीच सेंटर पर रिपोर्ट करने को कहा है, ताकि बिना किसी हड़बड़ी के उनकी सिक्योरिटी चेकिंग पूरी हो सके।

11:00 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE:आखिर क्यों हो रही है दोबारा परीक्षा?

आपको याद दिला दें कि 3 मई को हुए इम्तिहान के बाद पेपर लीक के गंभीर आरोप लगे थे। लाखों छात्रों के भविष्य और चयन प्रक्रिया में ईमानदारी को बनाए रखने के लिए ही एनटीए ने उस परीक्षा को रद्द कर आज दोबारा एग्जाम करवाने का फैसला लिया था।

10:45 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: एग्जाम से पहले हुई मॉक ड्रिल

आज के दिन कोई भी तकनीकी या प्रशासनिक दिक्कत न आए, इसके लिए एनटीए और स्थानीय प्रशासन ने कई परीक्षा केंद्रों पर पहले ही मॉक ड्रिल कर ली थी। इसमें छात्रों की चेकिंग और सिक्योरिटी स्क्रीनिंग की पूरी प्रैक्टिस की गई।

10:30 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE:ध्यान रहे कि 1:30 बजे बंद हो जाएंगे गेट

एनटीए ने बार बार इस बात पर जोर दिया है कि परीक्षा केंद्र के गेट ठीक 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद चाहे जो भी वजह हो, किसी भी छात्र को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसलिए बेहतर है कि आप समय रहते सेंटर पहुंच जाएं।

10:15 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और सख्त तलाशी

आज के एग्जाम में हर उम्मीदवार को सख्त तलाशी और बायोमेट्रिक चेकिंग से गुजरना होगा। अधिकारियों ने छात्रों से सहयोग की अपील की है ताकि भीड़ और जाम से बचा जा सके और सब कुछ तय वक्त पर पूरा हो जाए।

10:00 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: डर नहीं आत्मविश्वास के साथ दें परीक्षा, परीक्षा से पहले शिक्षा धर्मेंद्र प्रधान की अपील

री-नीट 2026 परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बिना किसी डर और तनाव के परीक्षा में शामिल होने की अपील की। दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित एक योग कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), राज्य सरकारों, जिला प्रशासन और देश के शिक्षा समुदाय पर पूरा भरोसा है। उन्होंने सभी पक्षों से जिम्मेदारी निभाने और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करने का आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को विद्यार्थियों की आकांक्षाओं का मजाक नहीं बनाना चाहिए।

9:58 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: दिल्ली में नीट परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष कूलिंग जोन

नीट परीक्षा के मद्देनजर दिल्ली में परीक्षा केंद्रों के बाहर राज्य सरकार की ओर से विशेष कूलिंग जोन स्थापित किए गए हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों, उनके माता-पिता और अन्य परिजनों की सुविधा के लिए इंतजार करने की विशेष व्यवस्था की गई है। इन कूलिंग जोन में छाया, बैठने और राहत संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर मौजूद लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

9:55 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: नीट अभ्यर्थियों को अभिजीत दीपके ने दी शुभकामनाएं, परीक्षा बाद जंतर-मंतर बुलाया

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने नीट की दोबारा परीक्षा में शामिल होने जा रहे सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा देने जा रहे छात्रों को उनकी ओर से ढेरों शुभकामनाएं हैं और वे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। अभिजीत दीपके ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वे जंतर-मंतर पहुंचें, जहां उनसे मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों से मिलने और उनकी बात सुनने के लिए उत्सुक है।

9:50 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: सेंटर पर ये चीजें ले जाना न भूलें

घर से निकलने से पहले एक बार फिर चेक कर लें कि आपके पास ये जरूरी कागजात मौजूद हों -

  • NEET UG 2026 का एडमिट कार्ड
  • सरकार द्वारा जारी कोई वैध फोटो आईडी (आधार कार्ड, वोटर आईडी आदि)
  • दो पासपोर्ट साइज की तस्वीरें
  • पारदर्शी पानी की बोतल (अगर आपको जरूरत हो तो)

9:42 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE: पेन पेपर मोड में ही होगा इम्तिहान

छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यह री एग्जाम भी पुराने और पारंपरिक पेन पेपर (ऑफलाइन) मोड में ही लिया जा रहा है। परीक्षा शाम 5:15 बजे खत्म होगी।

9:36 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचे प्रश्नपत्र

पेपर लीक जैसी किसी भी गुंजाइश को खत्म करने के लिए प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना के विमानों और हेलिकॉप्टरों के जरिए ले जाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर बांटने से पहले इन्हें चौबीसों घंटे निगरानी वाले सुरक्षित ठिकानों पर रखा गया था।

9:34 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : सुरक्षा का अभेद्य किला, 1.38 लाख CCTV और 51 हजार जैमर

एनटीए ने सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी है। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और 14 अंतरराष्ट्रीय लोकेशंस पर बने 5,440 केंद्रों पर हो रही है। 95,000 से ज्यादा कमरों में 1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर हो रही है। इसके अलावा 51,311 सिग्नल जैमर भी एक्टिव हैं ताकि कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस काम न कर सके।

9:27 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : परीक्षार्थियों के लिए क्विक गाइडलाइंस

एनटीए ने छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए कुछ जरूरी बातें याद दिलाई हैं -

  • सुबह 11 बजे से एंट्री शुरू हो चुकी है।
  • दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी हाल में एंट्री नहीं मिलेगी।
  • अपने साथ अपना एडमिट कार्ड और एक वैलिड फोटो आईडी जरूर रखें।
  • 2 पासपोर्ट साइज तस्वीरें भी साथ लाना लाजमी है।

9:15 AM - NEET UG 2026 Re-Exam LIVE : 22 लाख छात्रों के लिए एनटीए पूरी तरह तैयार

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने साफ कर दिया है कि 3 मई को रद्द हुए एग्जाम के बदले आज का री एग्जाम पूरी मुस्तैदी से लिया जा रहा है। देशभर के 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवार इसमें शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक होगी। बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और सख्त तलाशी से गुजरने के बाद ही छात्रों को अंदर जाने की इजाजत मिल रही है। छात्र अपना एडमिट कार्ड neet.एनटीए.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।