NEET UG 2026 के रिजस्ट्रेशन के लिए ये डॉक्यूमेंट्स जरूरी, यहां देखें पूरी लिस्ट
NEET UG 2026 आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जानिए आखिरी तारीख, जरूरी दस्तावेज, लाइव फोटो कैप्चर नियम, साइज-फॉर्मेट गाइडलाइन और पूरा आवेदन प्रोसेस आसान भाषा में।

NEET UG 2026: मेडिकल की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का आवेदन फॉर्म 8 फरवरी 2026 से जारी कर दिया है। उम्मीदवार 8 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यही वो पहला और सबसे जरूरी कदम है, जिसके बिना MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स का सपना अधूरा रह जाएगा।
इस बार आवेदन प्रक्रिया में एक अहम बदलाव किया गया है। NEET 2026 फॉर्म में पहली बार लाइव फोटो कैप्चर की सुविधा जोड़ी गई है, जिससे फर्जी फोटो या गलत अपलोड की गुंजाइश कम हो जाएगी।
NEET 2026 आवेदन की मोटी-मोटी प्रक्रिया
NEET 2026 में आवेदन दो हिस्सों में होता है। पहले रजिस्ट्रेशन, फिर पूरा फॉर्म भरना और डॉक्यूमेंट अपलोड। रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार को Application Number और Password मिलता है। इन्हीं डिटेल्स से आगे फॉर्म भरा जाता है। फॉर्म भरते समय व्यक्तिगत जानकारी, पहचान, परीक्षा केंद्र, शैक्षणिक योग्यता, फोटो-सिग्नेचर और फीस भुगतान करना होता है।
NEET 2026 के लिए जरूरी दस्तावेजों की पूरी लिस्ट
फॉर्म भरने से पहले सभी डॉक्यूमेंट डिजिटल (PDF/JPG) और हार्ड कॉपी दोनों में तैयार रखना बेहद जरूरी है।
NEET 2026 आवेदन के लिए मुख्य दस्तावेज इस प्रकार हैं:
- पासपोर्ट साइज फोटो
- पोस्टकार्ड साइज फोटो (4×6 इंच)
- लाइव फोटो कैप्चर (वेबकैम या मोबाइल से)
- सिग्नेचर
- बाएं और दाएं हाथ की उंगलियों व अंगूठे के निशान
- कक्षा 10 की मार्कशीट
- कक्षा 10 पास सर्टिफिकेट
- CGPA को प्रतिशत में बदलने का सर्टिफिकेट (अगर लागू हो)
- कैटेगरी सर्टिफिकेट (SC/ST/OBC/EWS/PwBD)
- पहचान प्रमाण (अगर आधार या डिजिलॉकर नहीं है)
- वर्तमान और स्थायी पता प्रमाण
- PwBD सर्टिफिकेट (अगर लागू हो)
- NRI/OCI/विदेशी उम्मीदवारों के लिए नागरिकता प्रमाण
NEET 2026 लाइव फोटो कैप्चर: क्या है नया नियम?
NTA ने इस बार फोटो अपलोड को और सख्त बना दिया है। उम्मीदवार को फॉर्म भरते समय लाइव फोटो खींचनी होगी।
- कैमरा या वेबकैम चालू होना चाहिए
- अगर लैपटॉप में कैमरा नहीं है, तो QR कोड स्कैन कर मोबाइल से फोटो लें
- बैकग्राउंड हल्के रंग का होना चाहिए
- फोटो का मिलान आधार डेटाबेस से किया जाएगा
इसका मकसद है कि कोई और व्यक्ति परीक्षा के लिए आवेदन न कर सके।
फोटो, सिग्नेचर और डॉक्यूमेंट का साइज-फॉर्मेट
NTA ने साफ निर्देश दिए हैं कि गलत साइज या फॉर्मेट की फाइल अपलोड होते ही फॉर्म रिजेक्ट हो सकता है।
मुख्य साइज नियम:
- पासपोर्ट फोटो: 10 KB – 200 KB (JPG/JPEG)
- पोस्टकार्ड फोटो: 10 KB – 200 KB (JPG/JPEG)
- सिग्नेचर: 10 KB – 100 KB (JPG/JPEG)
- अंगूठा और उंगलियों के निशान: 10 KB – 200 KB
- सर्टिफिकेट और मार्कशीट: 50 KB – 300 KB (PDF)
फोटो और सिग्नेचर अपलोड करते समय ध्यान रखने वाली बातें
- फोटो तीन महीने से ज्यादा पुरानी न हो
- चेहरे का 80% हिस्सा साफ दिखे, बिना मास्क
- कान साफ नजर आने चाहिए
- सफेद बैकग्राउंड जरूरी
- सिग्नेचर काले पेन से, सफेद कागज पर
- सिग्नेचर बड़े अक्षरों में नहीं, सामान्य लिखावट में हो
अगर किसी और का सिग्नेचर अपलोड हुआ, तो कैंडिडेचर रद्द हो सकता है और कानूनी कार्रवाई भी संभव है।
NRI, OCI और विदेशी उम्मीदवारों के लिए खास नियम
विदेशी नागरिक, NRI या OCI उम्मीदवारों को पासपोर्ट या नागरिकता प्रमाण से जुड़ा डॉक्यूमेंट अपलोड करना होगा, जिसमें राष्ट्रीयता, जारी करने वाली अथॉरिटी और वैधता साफ दिखाई दे।
NEET 2026 आवेदन कैसे करें?
- आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं
- “New Candidate Register Here” पर क्लिक करें
- जरूरी जानकारी भरें और रजिस्ट्रेशन पूरा करें
- लॉगिन करके पूरा आवेदन फॉर्म भरें
- सभी डॉक्यूमेंट अपलोड करें
- फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करें



