NEET Topper : नीट टॉपर ने ठुकराई AIIMS की MBBS सीट, इंडियन आर्मी में बनीं लेफ्टिनेंट
गोवा की अभिडा बैरेटो ने AFMC से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के साथ ही भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट और मेडिकल ऑफिसर के रूप में कमीशन हासिल किया है। उन्होंने एम्स की एमबीबीएस सीट पर दाखिला नहीं लिया था।

NEET UG Indian Army Success Story : कामयाबी का मतलब मोटी कमाई नहीं होता। असली सफलता तब है, जब इंसान अपने जुनून के साथ समझौता करने से इनकार कर दे, चाहे सामने कितना भी बड़ा ऑफर या जैकपॉट क्यों न हो। जिसमें पैशन हो, उसी क्षेत्र की बुलंदियों को छूना ही असल जीत है। गोवा की अभिडा बैरेटो ने अपने पक्के इरादे और जुनून से देश के युवाओं के सामने शानदार मिसाल कायम की है। कैनाकोना की रहने वाली 23 वर्षीय अभिडा ने पुणे स्थित आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के साथ ही भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट और मेडिकल ऑफिसर के रूप में कमीशन हासिल किया है।
स्कूल में ही लिया था फैसला
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अभिडा का परिवार सैन्य पृष्ठभूमि से नहीं है। लेकिन स्कूल के दिनों में सेना की वर्दी पहने एक अधिकारी को देखकर उनके मन में देशसेवा का सपना जागा था। कक्षा 12वीं के दौरान शिक्षकों ने उन्हें सेना के AFMC संस्थान के बारे में बताया, जहां डॉक्टर बनने के साथ-साथ देश की सेवा करने का अवसर मिलता है। तभी उन्होंने इस दिशा में आगे बढ़ने का फैसला कर लिया।
नीट की गोवा टॉपर
लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभिडा ने कड़ी मेहनत की और नीट यूजी ( NEET UG 2021 ) में गोवा में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 720 में से 680 मार्क्स (पर्सेंटाइल 99.93)हासिल किए। ये स्कोर 2021 तक किसी भी गोवा के विद्यार्थी द्वारा प्राप्त किया गया सबसे अधिक स्कोर था। इसके लिए उन्होंने दो साल तक मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कड़ी मेहनत की थी। नीट में गोवा टॉपर बनने पर कैनाकोना नगर परिषद ने उनका सम्मान भी किया। तब उनके पास AIIMS और JIPMER जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से MBBS करने का मौका था। लेकिन उन्होंने देशसेवा को प्राथमिकता देते हुए AFMC को चुना। वह AIIMS और JIPMER से एमबीबीएस कर नामी डॉक्टर बन सकती थी। डॉक्टरी की प्रतिष्ठित डिग्रियों के दमपर मरीजों से ऊंची फीस लेकर मोटा पैसा कमा सकती थीं पर उन्होंने अपने ख्वाब और जुनून को सर्वोपरि रखा।
AFMC में भी अभिडा ने गाड़े झंडे
AFMC में भी अभिडा का प्रदर्शन शानदार रहा। वर्ष 2025 में उन्हें मेजर जनरल एन. डी. पी. करानी ट्रॉफी से सम्मानित किया गया और वे संस्थान की दूसरी सर्वश्रेष्ठ छात्रा रहीं। इसके अलावा उन्होंने एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, पीडियाट्रिक्स और फार्माकोलॉजी में गोल्ड मेडल जीते। द गोवान की रिपोर्ट के मुताबिक अब अभिडा का इंटर्नशिप के लिए जम्मू में चयन हुआ है, जहां से वे सेना में अपनी अगली जिम्मेदारियों की शुरुआत करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से पूरे कैनाकोना में खुशी का माहौल है और लोग इसे स्थानीय सपनों के राष्ट्रीय स्तर पर साकार होने का प्रतीक मान रहे हैं।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


