
MCC NEET PG Counselling 2025: नीट पीजी राउंड 2 में चाॅइस फिलिंग की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 12 दिसंबर तक भरें चाॅइस
MCC NEET PG Counselling 2025: NEET PG काउंसलिंग 2025 के राउंड 2 के लिए चाॅइस फिलिंग की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। उम्मीदवार शुक्रवार, 12 दिसंबर 2025 तक अपने चाॅइस को भर और लॉक कर सकते हैं।
MCC NEET PG Counselling 2025: मेडिकल की पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सीटों पर एडमिशन के लिए काउंसलिंग करा रही मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने उम्मीदवारों को एक बड़ी राहत दी है। NEET PG काउंसलिंग 2025 के राउंड 2 के लिए चाॅइस फिलिंग की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है।

पहले चॉइस फिलिंग की अंतिम समय सीमा आज 9 दिसंबर को समाप्त हो रही थी, लेकिन अब उम्मीदवार शुक्रवार, 12 दिसंबर 2025 तक अपने चाॅइस को भर और लॉक कर सकते हैं। यह फैसला उन उम्मीदवारों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है जो अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और स्पेशलाइजेशन को सावधानीपूर्वक चुनना चाहते हैं।
क्या है चॉइस फिलिंग और क्यों है यह जरूरी?
काउंसलिंग प्रक्रिया में चॉइस फिलिंग एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां उम्मीदवार अपनी रैंक और योग्यता के आधार पर उन कॉलेजों और कोर्सेज की लिस्ट बनाते हैं, जिनमें वे एडमिशन लेना चाहते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी चाॅइस को प्रिफरेंस ऑर्डर में भरें, यानी जिस कॉलेज या विषय को वे सबसे पहले पाना चाहते हैं, उसे लिस्ट में सबसे ऊपर रखें।
चाॅइस भरने के बाद, उन्हें निर्धारित समय के भीतर 'चॉइस लॉक' करना अनिवार्य है। अगर उम्मीदवार चॉइस लॉक नहीं करते हैं, तो उनका आखिरी भरी गई चाॅइस ही ऑटो-लॉक हो जाती है। MCC ने उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी चाॅइस भर लें, क्योंकि अंतिम समय में वेबसाइट पर अत्यधिक लोड के कारण तकनीकी समस्या आ सकती है।
राउंड 2 के लिए चाॅइस कैसे भरें?
दूसरे राउंड के लिए चॉइस फिलिंग करने की प्रक्रिया बहुत आसान है।
1. सबसे पहले MCC की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाएं।
2. होम पेज पर मौजूद "MCC NEET PG Counselling 2025 Round 2 Choice Filling" लिंक पर क्लिक करें।
3. लॉगिन पेज पर अपने रजिस्ट्रेशन डिटेल्स दर्ज करके सबमिट करें।
4. अब आप विकल्पों को भर सकते हैं। सभी कॉलेजों और विषयों को सावधानी से चुनें।
5. विकल्प भरने के बाद, उसे 'लॉक' करें और कंफर्मेशन पेज को डाउनलोड करके प्रिंटआउट ले लें।
राउंड 1 सीट छोड़ने की सुविधा भी खुली
MCC ने इसके साथ ही राउंड 1 में सीट आवंटित किए गए, लेकिन अब उस सीट को छोड़ना चाहने वाले उम्मीदवारों के लिए भी एक सुविधा खोली है। राउंड 1 की सीट छोड़ने की सुविधा 8 दिसंबर से 10 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन मोड में फिर से शुरू कर दी गई है। सीट छोड़ने के लिए उम्मीदवारों को आवंटित कॉलेज जाकर इस्तीफा प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यह विस्तार और सुविधा उन सभी मेडिकल छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो अपने करियर की दिशा तय करने जा रहे हैं।





