नीट पीजी काउंसलिंग राउंड 1 के लिए आज से रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स जरूरी, देखें पूरा शेड्यूल
पहले राउंड की शुरुआत सीट मैट्रिक्स की जांच से होगी। यह काम 10 से 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 12 से 21 अक्टूबर के बीच रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करनी होगी। चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की खिड़की 13 से 22 अक्टूबर तक खुली रहेगी।

नीट पीजी 2026 काउंसलिंग राउंड 1 के लिए आज यानी 12 अक्टूबर से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। नीट पीजी परीक्षा में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in के माध्यम से काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे। पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और परीक्षा संबंधी जानकारी भरनी होगी। बता दें कि एमसीसी के मुताबिक, काउंसिलिंग कुल 4 चरणों में पूरी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी तय तिथियों में रजिस्ट्रेशन, च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग कर सकेंगे।
पहले राउंड का शेड्यूल
बता दें कि पहले राउंड की शुरुआत सीट मैट्रिक्स की जांच से होगी। यह काम 10 से 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 12 से 21 अक्टूबर के बीच रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करनी होगी। चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की खिड़की 13 से 22 अक्टूबर तक खुली रहेगी। सीट आवंटन की प्रक्रिया 22 और 23 अक्टूबर को चलेगी। इसके बाद नतीजा 24 अक्टूबर को आएगा। जिन उम्मीदवारों को सीट मिल जाएगी, उन्हें 26 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। जॉइन कर चुके उम्मीदवारों का डेटा 3 नवंबर को वेरिफाई किया जाएगा।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन
1. सबसे पहले https://mcc.nic.in/pg-medical-counselling/ पर जाएं।
2. होमपेज पर जाकर MCC NEET PG Counselling Round 1 Registration 2026 लिंक पर क्लिक करें।
3.यहां अपना रजिस्ट्रेशन करें, पंजीकरण संख्या व पासवर्ड आपके मोबाइल पर एसएमएस के जरिए आ जाएगा।
4. इसके बाद एप्लीकेशन फॉर्म पूरा भरें।
5. यहां मांगे गए सभी दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करें।
6. अब आवेदन शुल्क का भुगतान कर सबमिट पर क्लिक करें।
7. आपका एप्लीकेशन फॉर्म स्वीकार कर लिया जाएगा।
8. नीचे प्रिंट पर क्लिक कर इसे अपने डेक्सटॉप पर सेव कर लें।
नीट पीजी 2026 के लिए क्या-क्या चाहिए डॉक्यूमेंट्स
स्कोरकार्ड
MBBS डिग्री व मार्कशीट
मेडिकल रजिस्ट्रेशन
इंटर्नशिप प्रमाणपत्र
फोटो आईडी
जन्मतिथि प्रमाण
श्रेणी/दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
माइग्रेशन सर्टिफिकेट (जहां जरूरी हो)
उम्मीदवार ध्यान रखें कि ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स के साथ स्कैन कॉपी भी रखें।
कितनी लगेगी फीस
काउंसलिंग में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी। इसके साथ रिफंड होने वाली सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा करनी होगी। 50 फीसदी अखिल भारतीय कोटा और केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सीटों के लिए जनरल उम्मीदवारों को 1000 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी। एससी, एसटी और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए यह 500 रुपये है। सिक्योरिटी डिपॉजिट जनरल के लिए 25000 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 10000 रुपये रखी गई है। डीम्ड विश्वविद्यालयों का हिसाब अलग है। यहां सभी वर्गों को 5000 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी। सिक्योरिटी डिपॉजिट 2 लाख रुपये की होगी और यह भी रिफंड होने वाली है।
राउंड 2 का शेड्यूल
राउंड 1 के बाद दूसरे राउंड में सीट मैट्रिक्स की जांच 6 और 7 नवंबर को होगी। रजिस्ट्रेशन 6 से 11 नवंबर तक चलेगा और चॉइस फिलिंग 7 से 12 नवंबर तक। आवंटन की प्रक्रिया 12 और 13 नवंबर को होगी। नतीजा 14 नवंबर को आएगा। कॉलेज में रिपोर्टिंग 16 से 23 नवंबर तक होगी और डेटा वेरिफिकेशन 24 नवंबर को।
राउंड 3 का कार्यक्रम
तीसरे राउंड की सीट मैट्रिक्स जांच 25 और 26 नवंबर को होगी। रजिस्ट्रेशन 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। चॉइस फिलिंग 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक होगी। आवंटन 2 और 3 दिसंबर को होगा और नतीजा 4 दिसंबर को आएगा। रिपोर्टिंग 5 से 12 दिसंबर तक चलेगी और डेटा वेरिफिकेशन 14 दिसंबर को होगा। जो सीटें फिर भी खाली रह जाएंगी उनके लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड रखा गया है। सीट मैट्रिक्स की जांच 15 दिसंबर को होगी। रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग दोनों 16 से 21 दिसंबर तक चलेंगे। आवंटन 22 और 23 दिसंबर को होगा। नतीजा 24 दिसंबर को आएगा और रिपोर्टिंग 24 से 31 दिसंबर तक चलेगी।

