नीट पीजी आंसर-की 2026 का इंतजार, natboard.edu.in पर मिलेगा डाउनलोड लिंक
NEET PG 2026 Answer Key Date: नीट पीजी 2026 की प्रोविजनल आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट जल्द ही एनबीईएमएस द्वारा natboard.edu.in पर जारी की जाएगी। छात्र लॉगिन क्रेडेंशियल से अपना अनुमानित स्कोर चेक कर सकेंगे।

NBEMS NEET PG Answer Key 2026 Date: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट फॉर पोस्टग्रेजुएट (NEET PG 2026) की परीक्षा में शामिल हुए लाखों युवा डॉक्टरों के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण अपडेट है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) जल्द ही नीट पीजी 2026 की प्रोविजनल आंसर-की और अभ्यर्थियों की रिस्पॉन्स शीट जारी करने जा रहा है। आंसर-की जारी होने के बाद सभी अभ्यर्थी एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in या nbe.edu.in पर जाकर इसे आसानी से डाउनलोड और चेक कर सकेंगे।
पारदर्शिता के लिए पहली बार जारी हो रही है नीट पीजी आंसर-की
आपको बता दें कि इस साल सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण निर्देशों और परीक्षा प्रणाली में अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से एनबीईएमएस पहली बार आधिकारिक आंसर-की और उम्मीदवारों की दर्ज की गई रिस्पॉन्स शीट सार्वजनिक कर रहा है। इससे पहले एनबीईएमएस द्वारा सीधे रिजल्ट घोषित किए जाते थे। इस नई व्यवस्था से छात्र परीक्षा में दिए गए अपने उत्तरों का सही मिलान कर सकेंगे और रिजल्ट आने से पहले ही अपने संभावित अंकों और रैंक का अनुमान लगा सकेंगे।
कब आयोजित हुई थी परीक्षा और कब आएगा रिजल्ट?
नीट पीजी 2026 परीक्षा का सफल आयोजन 30 अगस्त 2026 को देश भर के विभिन्न केंद्रों पर किया गया था, जिसमें लगभग 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। जयपुर के दो केंद्रों पर आई तकनीकी खराबी के बाद प्रभावित 2,445 उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर 2026 को री-एग्जाम आयोजित किया गया था। री-एग्जाम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आंसर की सितंबर में जारी होने की पूरी उम्मीद है। नीट पीजी 2026 का रिजल्ट 30 सितंबर 2026 तक घोषित किए जाने का शेड्यूल है।
आंसर की और रिस्पॉन्स शीट कैसे डाउनलोड करें?
- सबसे पहले एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाएं।
- होमपेज पर 'Examinations' टैब के तहत 'NEET PG' वाले विकल्प पर क्लिक करें।
- अब 'NEET PG 2026 Answer Key and Response Sheet' के लिंक पर क्लिक करें।
- अपना यूजर आईडी (User ID) और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें।
- आपकी रिस्पॉन्स शीट और आधिकारिक आंसर-की स्क्रीन पर ओपन हो जाएगी।
- इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट निकाल लें।
आपत्ति दर्ज करने का मिलेगा मौका
प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न या उसके उत्तर पर कोई आपत्ति होती है, तो एनबीईएमएस ऑब्जेक्शन विंडो भी खोलेगा। छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर और तय शुल्क का भुगतान करके अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। विशेषज्ञों द्वारा सभी आपत्तियों की समीक्षा करने के बाद ही फाइनल आंसर-की और रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी फर्जी या अनऑफिशियल लिंक के झांसे में न आएं और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही नजर बनाए रखें।


