NEET पेपर लीक के 2 आरोपी छात्र MBBS की रेस में, कोर्ट ने दी काउंसलिंग में शामिल होने की इजाजत
दिल्ली हाईकोर्ट ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को निर्देश दिया है कि वह 24 घंटे के भीतर नीट यूजी री एग्जाम के दो उम्मीदवारों के रिजल्ट जारी करे। इन दोनों छात्रों के परिणाम कथित प्रश्नपत्र लीक से जुड़े होने के आरोपों के कारण रोक दिए गए थे।

दिल्ली हाईकोर्ट ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को निर्देश दिया है कि वह 24 घंटे के भीतर नीट यूजी री एग्जाम के दो उम्मीदवारों के रिजल्ट जारी करे। इन दोनों छात्रों के परिणाम कथित प्रश्नपत्र लीक से जुड़े होने के आरोपों के कारण रोक दिए गए थे। जस्टिस जसमीम सिंह ने कहा कि CBI ने अपनी चार्जशीट में दोनों छात्रों को आरोपी के तौर पर नामित नहीं किया है। सुनवाई के दौरान CBI ने अदालत को बताया कि दोनों छात्रों ने प्रश्नपत्र हासिल करने के लिए पैसे दिए थे, लेकिन उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है। इस पर अदालत ने कहा कि फिलहाल यह केवल एक आरोप है। इसलिए याचिकाकर्ताओं को ऐसे व्यक्ति के रूप में नहीं माना जा सकता जिनके खिलाफ आपराधिक जिम्मेदारी साबित हो चुकी है या जिन्होंने किसी गैरकानूनी गतिविधि के लिए दोषी पाया गया है।
अदालत छात्रों की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उन्होंने री-NEET के परिणाम जारी करने और चल रही काउंसलिंग में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। CBI की चार्जशीट में दोनों याचिकाकर्ताओं को गवाह के रूप में शामिल किया गया है, आरोपी के रूप में नहीं। हालांकि एनटीए ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके परिणाम रोक दिए थे।
सुनवाई के दौरान NTA ने बताया कि उसने CBI से मिली जानकारी के आधार पर परिणाम रोके थे। CBI ने उसे सूचित किया था कि कई उम्मीदवारों को 3 मई को हुई परीक्षा का प्रश्नपत्र कथित तौर पर मिला था या उन्होंने उसे साझा किया था। वहीं नीट पेपर लीक की जांच कर रही सीबीआई ने अदालत में कहा कि याचिकाकर्ताओं को प्रश्नपत्र मिला था और उनके अंदर कथित तौर पर गैरकानूनी काम करने की मंशा थी क्योंकि उन्होंने प्रश्नपत्र हासिल करने के लिए पैसे दिए थे।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक हाईकोर्ट ने कहा कि दोनों छात्र अपने करियर के शुरुआती दौर में हैं। केवल ऐसे आरोपों के आधार पर जिनकी अभी जांच या न्यायिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है, उनके परिणाम रोकने से उन्हें गंभीर नुकसान हो सकता है। जस्टिस जसमीम सिंह ने कहा कि छात्रों को अपने परिणाम जानने का अधिकार दिया जाना चाहिए और मामले के अंतिम परिणाम के अधीन उन्हें NTA द्वारा आयोजित काउंसलिंग के आगे के चरणों में शामिल होने की अनुमति दी जानी चाहिए।
अदालत ने यह भी कहा कि इस समय छात्रों को काउंसलिंग में शामिल होने का अवसर नहीं देने से ऐसे नतीजे हो सकते हैं जिनकी बाद में भरपाई करना संभव नहीं होगा।

