NCERT ने 9वीं कक्षा की विज्ञान की नई किताब जारी की, कौन से नए चैप्टर, क्या हुए बदलाव
एनसीईआरटी ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 9 के विज्ञान विषय की नई पाठ्य पुस्तक जारी कर दी। इस किताब में आधुनिक विज्ञान को भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के साथ जोड़ा गया है।

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 9 के विज्ञान विषय की नई पाठ्य पुस्तक जारी कर दी। इस किताब में आधुनिक विज्ञान को भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के साथ जोड़ा गया है। नई बुक में भारतीय वैज्ञानिकों व संस्थानों जैसे भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC) मुंबई और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मीटियोरोलॉजी (IITM), पुणे के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया है।
पुरानी किताब पहली बार 2006 में आई थी
'एक्सप्लोरेशन' (Exploration) नाम की इस 13 अध्यायों वाली टेक्स्टबुक ने पुरानी किताब की जगह ली है जो पहली बार 2006 में प्रकाशित हुई थी। उस पुरानी किताब में मूल रूप से 15 अध्याय थे, जिन्हें 2022 में पाठ्यक्रम को तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया के दौरान घटाकर 12 कर दिया गया था।
एनईपी के मुताबिक है बुक
इस विषय पर एनसीईआरटी के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम रूपरेखा (NCF-SE) 2023 के अनुरूप तैयार की गई यह नई किताब जिज्ञासा, प्रयोग, डेटा एनालिसिस और असल जीवन में विज्ञान के इस्तेमाल पर केंद्रित है। यह रटने के सिस्टम को खत्म करने का प्रयास है।
क्या हटाया , क्या रखा और क्या बदला
बुक का पहला अध्याय छात्रों को माध्यमिक स्तर के विज्ञान में उपयोग होने वाली वैज्ञानिक विधियों, अवधारणाओं और शब्दावली से परिचित कराता है। कोशिकाएं, ऊतक, गति, मिश्रण, बल, कार्य और ऊर्जा, परमाणु तथा ध्वनि जैसे मुख्य विषयों को संशोधित रूप में इस किताब में बनाए रखा गया है। हालांकि गुरुत्वाकर्षण और खाद्य संसाधनों में सुधार पर आधारित अलग-अलग अध्यायों को हटा दिया गया है।
अधिकारी ने बताया, "हम अगले साल कक्षा 10 में गुरुत्वाकर्षण और कृषि से संबंधित अवधारणाओं पर आधारित अध्याय शामिल करेंगे। यह कदम एनईपी 2020 और NCF-SE 2023 के मुताबिक विज्ञान की टेक्स्टबुक्स में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। जो छात्र अभी कक्षा 9 में हैं, वे इन अवधारणाओं को कक्षा 10 में पढ़ेंगे।'
नया अध्याय जुड़ा
इस टेक्स्टबुक में "रीप्रोडक्शन: जीवन कैसे आगे बढ़ता है" शीर्षक से एक नया अध्याय जोड़ा गया है। यह विषय पहले कक्षा 10 में पढ़ाया जाता था और इसमें पौधों व मनुष्यों में प्रजनन, मासिक धर्म, स्वच्छता तथा अनचाहे गर्भधारण की रोकथाम जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा इस किताब में पौधों और जीव जंतुओं की विविधता व वर्गीकरण, तथा पृथ्वी एक तंत्र के रूप में जैसे अध्यायों को भी वापस शामिल किया गया है। इन अध्यायों को पहले पाठ्यक्रम को तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया के दौरान हटा दिया गया था।
भारतीय वैज्ञानिकों को भी जानेंगे
इस किताब के माध्यम से छात्रों को सी. वी. रमन, मेघनाद साहा और होमी जहांगीर भाभा जैसे भारतीय वैज्ञानिकों से भी परिचित कराया गया है। साथ ही, इस किताब में भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के संदर्भ भी शामिल किए गए हैं। उदाहरण के लिए, इसमें आर्यभटीय (5वीं सदी ) में गति की अवधारणा, कन्नौज के इत्र उद्योग में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक 'देग-भपका' आसवन विधि, और वैशेषिक सूत्रों से आचार्य कणाद की 'परमाणु' की अवधारणा का जिक्र किया गया है; साथ ही, अनुभव-आधारित सीखने को बढ़ावा देने के लिए वास्तविक जीवन के उदाहरण और गतिविधियां भी शामिल हैं।
कक्षा 9 की नई हिन्दी किताब भी जारी
साइंस के अलावा एनसीईआरटी ने शुक्रवार को कक्षा 9 की हिन्दी की नई पाठ्यपुस्तक ‘गंगा’ भी जारी की। पुस्तक में संत रैदास के पदों से लेकर राम-लक्ष्मण-परशुराम-संवाद और झांसी की रानी तक भक्ति, देशभक्ति की कहानियों और कविताओं को समाहित किया गया है। पुस्कत भाषा सीखने पर भी जोर देती है। पुस्तक के प्रमुख पाठों में झलकारी बाई, परमवीर चक्र विजेता निर्मलजीत सिंह सेखों की जीवनगाथा भी शामिल हैं। इसके अलावा नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों पर लाला लाजपत राय के विचार भी शामिल हैं। मुंशी प्रेमचंद, पदमलाल पुन्नालाल बख्शी, शेखर जोशी की कहानियां, जगदीश चंद्र माथुर का नाटक, मोहन राकेश का यात्रा वृत्तांत, लता मंगेशकर का साक्षात्कार, संत नामदेव, मैथिलीशरण गुप्त की रचनाएं भी पुस्तक में हैं।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


