NCERT ने कक्षा 9वीं की नई किताब जारी की, टैक्स लगाने को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

एनसीईआरटी किताब के अध्याय में इनकम टैक्स के विभिन्न स्लैब और उदाहरणों के जरिए टैक्स की गणना समझाई गई है। इसमें टैक्स भुगतान को नागरिक जिम्मेदारी से भी जोड़ा गया है।

school
स्कूल

कक्षा 9 के छात्रों को अब सामाजिक विज्ञान की पढ़ाई में पर्सनल इनकम टैक्स, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और स्टार्टअप व उद्यमिता से जुड़े विषय भी पढ़ाए जाएंगे। नई सामाजिक विज्ञान की एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तक के भाग-2 ‘Understanding Society: India and Beyond’ में इन विषयों को शामिल किया गया है। किताब के राजनीतिक विज्ञान से जुड़े अध्यायों में भारतीय शासन परंपराएं, नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण को प्रमुख विषय बनाया गया है। मंगलवार को जारी की गई इस नई किताब में छात्रों को नई टैक्स व्यवस्था के तहत अलग-अलग आयकर स्लैब के आधार पर वास्तविक आयकर गणना भी समझाई गई है।

टैक्स और नागरिक जिम्मेदारी

किताब के ‘Managing Your Personal Finances’ अध्याय में इनकम टैक्स के विभिन्न स्लैब और उदाहरणों के जरिए टैक्स की गणना समझाई गई है। इसमें टैक्स भुगतान को नागरिक जिम्मेदारी से भी जोड़ा गया है। छात्रों को बताया गया है कि “ईमानदारी से और समय पर टैक्स का भुगतान करना” नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। किताब में यह भी समझाया गया है कि सरकार को मिलने वाला टैक्स राजस्व देश के विकास में किस तरह योगदान देता है।

इसी अध्याय में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (Ayushman Bharat PM-JAY) को कम आय वाले परिवारों के लिए वित्तीय सुरक्षा के उदाहरण के तौर पर शामिल किया गया है। इस तरह किताब में स्वास्थ्य बीमा, टैक्स और व्यक्तिगत वित्तीय प्रबंधन को नागरिकों की व्यापक आर्थिक जिम्मेदारियों से जोड़कर समझाया गया है।

लिज्जत पापड़ से ओबेरॉय तक, उद्यमिता की कहानी

किताब का ‘From Ideas to Startups’ अध्याय छात्रों को उद्यमिता और स्टार्टअप की दुनिया से परिचित कराता है। इसमें लिज्जत पापड़ की सफलता की कहानी दी गई है। किताब के अनुसार, 1959 में मुंबई की सात गृहिणियों ने मिलकर 80 रु की शुरुआती पूंजी से इसकी शुरुआत की थी। आगे चलकर यह पहल एक सहकारी संस्था में बदल गई, जिसमें 45,000 सदस्य जुड़े और 2023 तक इसका रिपोर्टेड टर्नओवर 1,600 करोड़ रु बताया गया है।

इसके अलावा किताब में पद्म भूषण से सम्मानित होटल व्यवसायी मोहन सिंह ओबेरॉय की कहानी भी शामिल है। उनके सफर की शुरुआत एक होटल में डेस्क क्लर्क की नौकरी से हुई थी, जहां उन्हें 50 रु प्रति माह वेतन मिलता था। आगे चलकर उन्होंने अपना कारोबार खड़ा किया और भारत की बड़ी होटल श्रृंखलाओं में से एक की नींव रखी। नई किताब में इन उदाहरणों के जरिए छात्रों को वित्तीय समझ, नागरिक जिम्मेदारी, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों से व्यावहारिक तरीके से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।

धार्मिक वजहों से 7वीं सदी से भारत पर शुरू हुए हमले

सामाजिक विज्ञान की नई किताब में गुमनाम नायकों की शौर्य गाथा बताई गई है। इसमें भारतीय उपमहाद्वीप में सातवीं सदी के बाद हुए विभिन्न आक्रमणों और उनके खिलाफ हुए विरोध का विस्तृत

उल्लेख किया गया है। इन आक्रमणों के पीछे क्षेत्रीय विस्तार के साथ धार्मिक उद्देश्य भी रहे।

किताब के दूसरे भाग में ‘रेजिस्टेंस एंड रेजिलिएंस (1000-1700 ईस्वी)’ नाम का एक अध्याय है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए प्रतिरोध के कई उदाहरण दिए गए हैं। इसमें चालुक्य वंश की रानी नायकी देवी और उल्लाल की रानी अब्बक्का चौटा जैसी अपेक्षाकृत कम चर्चित महिला शासकों का भी उल्लेख है।

किताब के मुताबिक रानी नायकी देवी ने 1178 में माउंट आबू के पास कासहरड़ा में मुहम्मद गौरी को पराजित किया था। इसमें हिंदू शाही शासकों, चंदेलों, सोलंकियों और चौहानों द्वारा तुर्क आक्रमणकारियों के खिलाफ किए गए प्रतिरोध का भी उल्लेख है।

सिख गुरुओं की शहादत का भी उल्लेख

अध्याय में सिख समुदाय के प्रतिरोध और गुरु अर्जन देव तथा गुरु तेग बहादुर की शहादत का भी उल्लेख किया गया है। किताब के अनुसार सिख गुरुओं के बढ़ते सामाजिक-सांस्कृतिक प्रभाव के कारण 17वीं सदी की शुरुआत से मुगल शासन ने उनके मामलों में हस्तक्षेप बढ़ाया। इसमें जहांगीर के शासनकाल में गुरु अर्जन देव और औरंगजेब के शासनकाल में 1675 में गुरु तेग बहादुर को मृत्युदंड दिए जाने को सिख इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं के रूप में बताया गया है।

महाराणा प्रताप और अहोम प्रतिरोध

किताब में 1582 में उदयपुर के पास हुए देवैर के युद्ध का भी जिक्र है। इसके अनुसार इस युद्ध में मेवाड़ में मुगल सेना की कई महत्वपूर्ण चौकियां ध्वस्त हुईं और महाराणा प्रताप को मेवाड़ के बड़े हिस्से पर फिर नियंत्रण हासिल करने में मदद मिली। उनके उत्तराधिकारी महाराणा अमर सिंह ने भी मुगल विस्तार के खिलाफ प्रतिरोध जारी रखा।

मुगलों के खिलाफ जाटों का विद्रोह

किताब में मुगल साम्राज्य के खिलाफ जाटों के प्रतिरोध का भी विवरण है। इसके अनुसार गंगा-यमुना दोआब में रहने वाले जाटों पर भारी कर और शोषण का दबाव था। उन्होंने 1669 में गोकुल जाट के नेतृत्व में विद्रोह किया। इसके बाद 1686 में सिनसिनी और सोगर के जमींदारों के नेतृत्व में दूसरा विद्रोह हुआ। पाठ्यपुस्तक में कहा गया है कि भारी कर और शोषण के साथ औरंगजेब की धार्मिक नीतियों ने जाटों में असंतोष बढ़ाया। मुगल सेना को 1669 के विद्रोह को दबाने में कई महीने लगे।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़NCERT ने कक्षा 9वीं की नई किताब जारी की, टैक्स लगाने को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा