
SWAYAM Free Course: एनसीईआरटी की शानदार पहल, 12वीं के छात्रों के लिए स्वयं पर मुफ्त ऑनलाइन फिजिक्स कोर्स
Class 12 Physics courses on SWAYAM: एनसीईआरटी ने 12वीं के छात्रों के लिए फिजिक्स के फ्री ऑनलाइन कोर्स शुरू किए हैं। ये कोर्स भारत सरकार के स्वयं प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।
Class 12 Physics Courses on SWAYAM: देश भर के उन लाखों छात्रों के लिए एक बहुत ही अच्छी खबर है, जो कक्षा 12वीं में साइंस स्ट्रीम की पढ़ाई कर रहे हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने 12वीं के छात्रों के लिए फिजिक्स के फ्री ऑनलाइन कोर्स शुरू किए हैं। ये कोर्स भारत सरकार के स्वयं प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के हर कोने में खासकर ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले छात्रों तक बेस्ट क्वालिटी वाली साइंस एजुकेशन को फ्री में पहुंचाना है। इन कोर्स को MOOCs के रूप में डिजाइन किया गया है ताकि छात्र अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सकें और मुशिकल कॉन्सेप्ट को आसानी से समझ सकें।
पूरा सिलेबस कवर, एक्सपर्ट ने किया तैयार-
एनसीईआरटी के एक्सपर्ट द्वारा तैयार किए गए ये मॉड्यूल, 12वीं के ऑफिशियल फिजिक्स सिलेबस पर बेस्ड हैं। इसमें छात्रों को मल्टीमीडिया और डिजिटल टूल्स की मदद से सिखाया जाएगा, जिससे वे विषयों को विजुअल और प्रैक्टिकल लर्निंग से समझ सकेंगे।
इन कोर्स में फिजिक्स के प्रमुख विषय शामिल हैं जिनमें-
इलेक्ट्रोस्टैटिक्स
करंट इलेक्ट्रिसिटी
मैग्नेटिक इफेक्ट्स ऑफ करंट एंड मैग्नेटिज्म
इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव
रे ऑप्टिक्स और वेव ऑप्टिक्स
एटम्स एंड न्यूक्लियाई
सेमीकंडक्टर्स और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
ये सभी मॉड्यूल छात्रों को मूलभूत से लेकर एडवांस्ड कॉन्सेप्ट के बीच की खाई को पूरा करने में मदद करेंगे।
कोर्स की विशेषताएं और सर्टिफिकेशन -
इन ऑनलाइन कोर्सेस को छात्रों के लिए पूरी तरह से इंटरैक्टिव और सहायक बनाया गया है। हर कोर्स में चार मुख्य तत्व शामिल हैं-
वीडियो लेक्चर: विषय को समझाने वाले वीडियो क्लासेस।
ई-टेक्स्ट: डाउनलोड करने योग्य स्टडी मटेरियल।
अभ्यास प्रश्न: अभ्यास करने के लिए सेल्फ-असेसमेंट टूल और असाइनमेंट।
ऑनलाइन फोरम: जहाँ छात्र अपने सवालों पर चर्चा कर सकते हैं।
सबसे खास बात यह है कि इन कोर्स में रजिस्ट्रेशन बिल्कुल फ्री है। छात्र स्वयं पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने और एसेसमेंट में पास होने पर छात्रों को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। यह सर्टिफिकेट न केवल उनके ज्ञान को बढ़ाएगा, बल्कि उनके रिज्यूमे में भी एक मूल्यवान योग्यता जोड़ सकता है।
यह एनसीईआरटी की ओर से शिक्षा में डिजिटल डिवाइड को कम करने और हर छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इच्छुक छात्र स्वयं पोर्टल पर जाकर इन कोर्स को आज ही शुरू कर सकते हैं।





