Hindi Newsकरियर न्यूज़mppsc pcs exam 2026 sdm dsp 155 posts application date pre exam details
MPPSC PCS Exam 2026: SDM-DSP समेत 155 पद, 26 अप्रैल को प्री परीक्षा; जानें 5 बड़ी बातें

MPPSC PCS Exam 2026: SDM-DSP समेत 155 पद, 26 अप्रैल को प्री परीक्षा; जानें 5 बड़ी बातें

संक्षेप:

MPPSC PCS Exam 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस बार SDM-DSP समेत 155 पदों पर भर्ती हैं। आवेदन 10 जनवरी से निर्धारित हैं। प्री परीक्षा 26 अप्रैल को होगी। योग्यता, आयु सीमा और फीस की पूरी जानकारी यहां पढ़ें।

Jan 10, 2026 07:18 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

MPPSC PCS Exam 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए आज की तारीख बेहद अहम है। प्रशासनिक और पुलिस सेवा में जाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा यानी पीसीएस 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन पहले ही जारी कर दिया था और आज से आवेदन प्रक्रिया भी शुरू होनी निर्धारित है।। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य प्रशासन के कई अहम विभागों में कुल 155 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि इस बार आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा में पहली बार नेगेटिव मार्किंग लागू करने का फैसला लिया है, जिससे परीक्षा का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों ही बढ़ने वाले हैं। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए जरूरी हो जाता है कि वे पूरी जानकारी के साथ आवेदन करें और रणनीति बनाकर तैयारी शुरू करें।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

MPPSC PCS 2026: 155 पदों पर भर्ती का बड़ा मौका

एमपीपीएससी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, PCS 2026 के तहत डिप्टी कलेक्टर (SDM), डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), नायब तहसीलदार, विकास खंड अधिकारी, सहकारिता विस्तार अधिकारी, अतिरिक्त सहायक विकास आयुक्त जैसे कई प्रतिष्ठित पदों पर भर्तियां की जाएंगी। कुल 155 पदों में सबसे अधिक 39 पद विकास खंड महिला सशक्तिकरण अधिकारी के रखे गए हैं। इसके अलावा DSP (डीएसपी) के 18 पद, अपर कलेक्टर के 17 पद, सहकारिता विस्तार अधिकारी के 16 पद, अतिरिक्त सहायक विकास आयुक्त के 15 पद शामिल हैं। वहीं अन्य प्रशासनिक और विभागीय पद भी शामिल हैं। यह भर्ती न केवल प्रतिष्ठा और अधिकार देती है, बल्कि समाज और शासन व्यवस्था में सीधी भागीदारी का मौका भी प्रदान करती है।

आवेदन प्रक्रिया: आज से शुरू, जान लें पूरी टाइमलाइन

MPPSC PCS Exam 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट mppsc.mp.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

  • आवेदन की अंतिम तिथि: 9 फरवरी 2026
  • करेक्शन विंडो: 15 जनवरी से 11 फरवरी 2026

यानी अगर आवेदन करते समय किसी तरह की गलती हो जाती है, तो उम्मीदवारों को सुधार का पूरा मौका मिलेगा। आयोग की ओर से यह सुविधा इसलिए दी गई है ताकि तकनीकी या मानवीय त्रुटियों की वजह से किसी अभ्यर्थी का फॉर्म रद्द न हो।

योग्यता और आयु सीमा: कौन कर सकता है आवेदन?

MPPSC PCS 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 21 वर्ष है, अधिकतम आयु (गैर-वर्दीधारी पद) 40 वर्ष है। अधिकतम आयु वर्दीधारी पद जैसे DSP के लिए 33 वर्ष है। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को मध्य प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया: तीन चरणों में होगा चयन

MPPSC PCS 2026 की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी -

1. प्रारंभिक परीक्षा (Prelims)

2. मुख्य परीक्षा (Mains)

3. साक्षात्कार (Interview)

प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल 2026 को मध्य प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 16 अप्रैल 2026 से उपलब्ध होंगे।

सबसे अहम बदलाव यह है कि इस बार प्रारंभिक परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू की गई है। यानी गलत उत्तर देने पर अंक काटे जाएंगे। इससे उम्मीदवारों को अनुमान के आधार पर जवाब देने से बचना होगा और सटीक तैयारी पर ज्यादा जोर देना पड़ेगा।

आवेदन शुल्क: किस वर्ग के लिए कितना?

MPPSC PCS Exam 2026 के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय किया गया है -

  • मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांग उम्मीदवार: 250 रुपये
  • अन्य सभी श्रेणियां और मध्य प्रदेश से बाहर के उम्मीदवार: 500 रुपये

जो उम्मीदवार समय पर आवेदन नहीं कर पाएंगे, उनके लिए आयोग ने लेट फीस के साथ आवेदन करने का विकल्प भी दिया है। हालांकि, उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अतिरिक्त शुल्क से बचने के लिए अंतिम तारीख से पहले ही आवेदन कर लें।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।