आ गई खुशखबरी! डिप्लोमा-डिग्री वालों की मौज, MP में सब इंजीनियर के 1040 पदों पर भर्ती

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

MPESB Group 3, Sub Engineer Recruitment 2026: इस भर्ती के तहत 1040 पदों पर 18 अगस्त से आवेदन शुरू होने जा रहे हैं।

MPESB Group 3, Sub Engineer Recruitment 2026
MP में सब इंजीनियर के 1040 पदों पर भर्ती

MPESB Group 3, Sub Engineer Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश में बैठे इंजीनियरिंग डिप्लोमा और डिग्री धारकों के लिए मध्य प्रदेश से एक बड़ी और शानदार खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल यानी MPESB ने ग्रुप-3 सब इंजीनियर के पदों पर भर्ती निकालने का ऐलान कर दिया है। इस भर्ती के जरिए कुल 1040 पदों को भरा जाएगा, जो अपने आप में एक बड़ी संख्या है और हजारों उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका साबित हो सकती है। जो भी उम्मीदवार इस भर्ती में आवेदन करने के इच्छुक हैं उनके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से शुरू हो रही है और फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 1 सितंबर 2026 तय की गई है। यह भर्ती मध्य प्रदेश के विभिन्न तकनीकी विभागों में सब इंजीनियर के पदों को भरने के लिए निकाली गई है। बोर्ड ने साफ कहा है कि उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ लें, क्योंकि उसमें आयु सीमा, पात्रता, अनुभव, परीक्षा पैटर्न, सिलेबस, वेतनमान, सैलरी और चयन प्रक्रिया जैसी हर जरूरी बात विस्तार से दी गई है।

कब से कब तक कर सकेंगे आवेदन

बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन 18 अगस्त 2026 से शुरू होकर 1 सितंबर 2026 तक चलेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख भी 18 अगस्त 2026 ही रखी गई है, इसलिए फीस भरने में देरी करना उम्मीदवारों को भारी पड़ सकता है। जिन उम्मीदवारों से फॉर्म भरते वक्त कोई गलती हो जाती है, उनके लिए फॉर्म में सुधार करने की सुविधा 6 सितंबर 2026 तक दी गई है। एडमिट कार्ड कब जारी होगा, यह अभी तय नहीं है और इसकी जानकारी शेड्यूल के हिसाब से बाद में दी जाएगी। हालांकि परीक्षा की तारीख पहले ही घोषित कर दी गई है, जो 6 अक्टूबर 2026 है। रिजल्ट कब आएगा, इसका भी ऐलान बाद में समय के अनुसार किया जाएगा।

आवेदन शुल्क कितना देना होगा

सामान्य वर्ग और अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 560 रुपये चुकाने होंगे, जबकि ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क घटाकर 310 रुपये रखा गया है। इसमें 60 रुपये पोर्टल चार्ज के तौर पर पहले से शामिल हैं। फीस जमा करने के लिए उम्मीदवार ऑनलाइन पेमेंट का सहारा ले सकते हैं या फिर एमपी कियोस्क के जरिए भी भुगतान कर सकते हैं।

उम्र सीमा में किसे कितनी छूट

आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। इसके तहत उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों और अन्य श्रेणियों को मिलने वाली आयु सीमा में छूट का पूरा ब्योरा आधिकारिक नोटिफिकेशन में दिया गया है, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे इसे ध्यान से पढ़ें।

कितनी सीटें, किस वर्ग में कितना आरक्षण

कुल 1040 पदों में से सामान्य वर्ग के लिए 381, ओबीसी वर्ग के लिए 272, ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 90, एससी वर्ग के लिए 156 और एसटी वर्ग के लिए 141 सीटें आरक्षित की गई हैं। यह आंकड़े साफ बताते हैं कि हर वर्ग के उम्मीदवारों के पास अच्छी खासी संख्या में अवसर मौजूद हैं।

पात्रता में क्या चाहिए

इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का भारत की किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से डिग्री या डिप्लोमा पास होना जरूरी है। हालांकि अलग-अलग ब्रांच के हिसाब से पात्रता की शर्तें अलग हो सकती हैं, इसलिए ब्रांच वाइज पूरी जानकारी के लिए नोटिफिकेशन देखना ही सही रहेगा।

क्या है चयन प्रक्रिया

वेतनमान, सैलरी और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सारी जानकारी बोर्ड ने आधिकारिक नोटिफिकेशन में उपलब्ध कराई है। उम्मीदवारों को सुझाव दिया जाता है कि आवेदन करने से पहले इसे अच्छी तरह पढ़ लें ताकि किसी तरह की उलझन न हो।

कैसे करें आवेदन

आवेदन करने का तरीका बेहद आसान रखा गया है। सबसे पहले उम्मीदवारों को MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाना होगा। वहां "MPESB Group 3 Sub Engineer 2026 Apply Online" के लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद वैध ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर मिली आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में निजी जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और श्रेणी से जुड़ी डिटेल्स भरनी होंगी। इसके बाद फोटो, हस्ताक्षर जैसे जरूरी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करने होंगे। सारी जानकारी भरने के बाद ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क जमा करना होगा और अंत में फॉर्म सबमिट करके उसका कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड या प्रिंट करके रख लेना होगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि बोर्ड ने साफ किया है कि उम्मीदवार फॉर्म भरने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें, ताकि किसी भी तरह की गलती की गुंजाइश न रहे।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।