यदि एमपी बोर्ड में 10वीं-12वीं के आए कम अंक? मई में दोबारा परीक्षा देकर सुधारें अपना स्कोर
MP Board Result 2026 आज जारी होने जा रहा है। छात्र अब 10वीं-12वीं का परिणाम देख सकेंगे। साथ ही, कम नंबर वाले छात्रों के लिए मई में दूसरी बोर्ड परीक्षा का मौका दिया जा रहा है। यहां जानें पूरी प्रक्रिया।

MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) के लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म होने वाला है। जारी होने पर यहां देखें एमपी बोर्ड का रिजल्ट। बोर्ड ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस साल का रिजल्ट न केवल छात्रों के भविष्य का फैसला कर रहा है बल्कि उन छात्रों के लिए एक नई उम्मीद भी लेकर आया है जो किसी कारणवश मुख्य परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाए।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की सिफारिशों को लागू करते हुए मध्य प्रदेश बोर्ड ने इस साल एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब छात्रों को साल भर इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि बोर्ड मई 2026 में ही 'दूसरी बोर्ड परीक्षा' आयोजित करने जा रहा है।
आज से ही शुरू होंगे दूसरी परीक्षा के रजिस्ट्रेशन
रिजल्ट घोषित होने के साथ ही उन छात्रों के लिए पोर्टल खोल दिया गया है जो अपनी परफॉर्मेंस से संतुष्ट नहीं हैं या किसी विषय में फेल हो गए हैं। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन की खिड़की आज यानी रिजल्ट जारी होने के दिन से ही खुल गई है। छात्रों के पास आवेदन करने के लिए केवल सात दिनों का समय होगा। ऐसे में देरी किए बिना छात्रों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना रोल नंबर डालना होगा, विषय चुनने होंगे और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
फेल विषयों में बैठना अनिवार्य
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र पहले मुख्य एग्जाम में फेल हुए हैं, उन्हें उन विषयों को चुनना ही होगा। वहीं, जो छात्र पास हो चुके हैं लेकिन अपने नंबरों से खुश नहीं हैं, उनके लिए यह विकल्प वैकल्पिक रखा गया है। यानी आप पास होने के बावजूद अपना स्कोर सुधारने के लिए दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। यह कदम छात्रों के मानसिक तनाव को कम करने और उन्हें बेहतर भविष्य देने के लिए उठाया गया है।
मई में शुरू होगा परीक्षाओं का दौर
एमपी बोर्ड ने दूसरी परीक्षा का पूरा शेड्यूल पहले ही 11 मार्च को जारी कर दिया था। टाइमटेबल के मुताबिक,
कक्षा 10वीं: दूसरी बोर्ड परीक्षा 7 मई से शुरू होकर 19 मई 2026 तक चलेगी।
कक्षा 12वीं: हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं 7 मई से 25 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तय किया गया है। हालांकि, कड़े नियमों के पालन के तहत छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा ताकि थर्मल स्कैनिंग और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा किया जा सके।
कैसे करें आवेदन?
अगर आप दूसरी परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:
1. MPBSE के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
2. 'Second Board Exam 2026 Application' लिंक पर क्लिक करें।
3. अपना रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें।
4. उन विषयों का चयन करें जिनकी परीक्षा आप दोबारा देना चाहते हैं।
5. ऑनलाइन फीस का भुगतान करें और रसीद अपने पास सुरक्षित रख लें।
मध्य प्रदेश बोर्ड का यह प्रयास उन छात्रों के लिए वरदान साबित होगा जिनका एक पेपर खराब होने की वजह से पूरा साल बर्बाद हो जाता था। अब छात्र अपनी मेहनत के दम पर मई में ही अपने अंकों में सुधार कर उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ा सकेंगे।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


