37 साल पहले छूटी थी पढ़ाई, अब 59 की उम्र में निकले 10वीं पास करने
59 साल के सिल्वेस्टर शादाप ने 37 साल बाद मेघालय के सेकंड चांस लर्निंग प्रोग्राम के तहत दोबारा 10वीं की परीक्षा देने का फैसला किया है

कहते हैं न कि पढ़ने-लिखने और कुछ नया सीखने की कोई उम्र नहीं होती। जज्बा हो तो इंसान किसी भी उम्र में अपने अधूरे सपनों को पंख लगा सकता है और एक नई शुरुआत कर सकता है। मेघालय के रहने वाले 59 साल के सिल्वेस्टर शादाप इस बात को सौ फीसदी सच साबित कर रहे हैं। जिस उम्र में आमतौर पर लोग अपने रिटायरमेंट की प्लानिंग करते हैं और नाती-पोतों के साथ सुकून का वक्त गुजारने के बारे में सोचते हैं, उस उम्र में सिल्वेस्टर एक बार फिर हाथों में किताबें थामे नजर आ रहे हैं। करीब चार दशक पहले, यानी 37 साल पहले उन्हें अपना स्कूल छोड़ना पड़ा था। लेकिन अब वो दोबारा एग्जामिनेशन हॉल में बैठने की तैयारी कर रहे हैं। उनका मकसद सिर्फ 10वीं पास करना ही नहीं है, बल्कि उन तमाम लोगों के लिए एक मिसाल कायम करना है जिन्हें जिंदगी की किसी न किसी मजबूरी की वजह से अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी थी।
सिल्वेस्टर शादाप ने साल 1989 में स्कूल का मुंह आखिरी बार देखा था। मेघालय सरकार के 'सेकंड चांस लर्निंग प्रोग्राम' के तहत इस बार कुल 9,767 पुराने ड्रॉपआउट स्टूडेंट्स 10वीं की परीक्षा प्राइवेट कैंडिडेट के तौर पर दे रहे हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि इनमें सिल्वेस्टर सबसे उम्रदराज स्टूडेंट हैं। इस खास प्रोग्राम का मकसद ही यही है कि जो लोग स्कूल छोड़ चुके हैं, उन्हें अपनी पढ़ाई पूरी करने का एक नया मौका दिया जाए।
1989 से छोड़ी थी पढ़ाई
री भोई जिले के थादरांग उमंगेम गांव के रहने वाले सिल्वेस्टर बड़े ही फख्र से बताते हैं, "वापस लौटकर 10वीं का इम्तिहान देना मेरे लिए सिर्फ एक एग्जाम पास करना नहीं है, बल्कि यह एक मिसाल तय करने के बारे में है। मैं आज की जनरेशन के बच्चों को, अपने परिवार के लोगों को और उन सभी को हिम्मत देना चाहता हूं जिन्हें स्कूल छोड़ना पड़ा था।" जब सिल्वेस्टर से पूछा गया कि आखिर 1989 में उन्होंने पढ़ाई क्यों छोड़ी थी, तो उनकी आंखों में गुजरे वक्त की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने बताया कि उस वक्त घर की जिम्मेदारियों का सारा बोझ उनके छोटे से कंधों पर आ गया था।
उन्होंने बताया, "पैसे की तंगी और आर्थिक दिक्कतों की वजह से मेरे लिए पढ़ाई जारी रखना बहुत मुश्किल हो गया था। उस वक्त मेरे लिए अपनी पढ़ाई से ज्यादा जरूरी अपने परिवार को सपोर्ट करना और उनके लिए रोटी कमाना था। इसलिए मैंने स्कूल जाना बंद कर दिया। उसके बाद कई साल बीत गए, लेकिन मेरे दिल के किसी कोने में हमेशा यह टीस बनी रही कि मैंने जिंदगी में कुछ अधूरा छोड़ दिया है। भागदौड़ भरी इस जिंदगी में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि 59 साल की उम्र में मुझे अपनी 10वीं की पढ़ाई पूरी करने का दोबारा मौका मिलेगा।"
अधिकारियों का कहना है कि 'सेकंड चांस लर्निंग प्रोग्राम' में उम्र की कोई पाबंदी नहीं है। इसमें कोई 'अपर एज लिमिट' नहीं रखी गई है, जिसकी वजह से किशोर, नौजवान और मेघालय के सभी 12 जिलों के उम्रदराज लोग भी फिर से एजुकेशन सिस्टम से जुड़ सकते हैं। यह शानदार पहल मेघालय सरकार, मेघालय स्कूल शिक्षा बोर्ड (MBOSE) और MPOWER (मेघालय प्रोग्राम फॉर अडोलसेंट वेलबीइंग, एम्पावरमेंट एंड रेजिलिएंस) की मिली-जुली कोशिश का नतीजा है। दिसंबर के महीने में इनकी परीक्षाएं होने वाली हैं।
पढ़ाई के लिए कितनी चुनौतियां
जाहिर सी बात है कि 37 साल के लंबे गैप के बाद दोबारा किताबों की दुनिया में लौटना कोई बच्चों का खेल नहीं है। सिल्वेस्टर के लिए भी यह सफर चुनौतियों से भरा रहा है। इतने सालों में पढ़ाई का तरीका और सिलेबस पूरी तरह से बदल चुका है। सिल्वेस्टर जब पहले पढ़ते थे, तब का सिलेबस और आज के सिलेबस में जमीन-आसमान का फर्क है। वो खुद इस बात को मानते हैं कि इस नए सिलेबस में खुद को ढालना उनके लिए एक बड़ा चैलेंज रहा है। वो मुस्कुराते हुए कहते हैं, "सिलेबस के इन बदलावों के साथ खुद को एडजस्ट करना यकीनन एक चुनौती रही है। लेकिन, मैंने ठान लिया है कि मैं इस इम्तिहान के लिए जी-तोड़ मेहनत करूंगा और कामयाबी हासिल करके रहूंगा।"
MBOSE के शिलॉन्ग रीजनल ऑफिस के डायरेक्टर मैकडोनाल्ड माराबानियांग इस पूरी पहल से काफी खुश हैं। वो कहते हैं कि प्राइवेट SSLC के लिए जिस तरह का शानदार रिस्पॉन्स मिला है, वो साफ तौर पर दिखाता है कि बहुत से लोग, जिन्हें मजबूरी में स्कूल छोड़ना पड़ा था, वो आज भी अपनी पढ़ाई पूरी करने की ललक रखते हैं। उन्हें बस एक मौके की तलाश थी।
इस प्रोग्राम के तहत पूरे मेघालय में 171 लर्निंग और असेसमेंट सेंटर बनाए गए हैं। अकेले री भोई जिले से 690 उम्मीदवारों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इस प्रोग्राम के जरिए इन लोगों को आगे चलकर हायर सेकेंडरी एजुकेशन, वोकेशनल ट्रेनिंग और स्किल डेवलपमेंट से भी जोड़ा जाएगा, जो कि नई एजुकेशन पॉलिसी (NEP) के विजन से पूरी तरह मेल खाता है। सिल्वेस्टर शादाप की यह कहानी हमें यही सिखाती है कि अगर हौसला हो, तो शुरुआत करने में कभी देर नहीं होती।


