
MBBS Doctor Jobs: उत्तराखंड में MBBS डॉक्टरों के लिए बढ़ी चुनौती, 287 सरकारी पदों के लिए 2200 आवेदन
Medical Officer Jobs: उत्तराखंड में एमबीबीएस डॉक्टरों को भी अब सरकारी नौकरी के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। मेडिकल अफसर के 287 पदों के लिए 2200 आवेदन मिले हैं।
Medical Officer Jobs: उत्तराखंड में एमबीबीएस डॉक्टरों को भी अब सरकारी नौकरी के लिए कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। पढ़ाई पूरी होते ही शर्तिया नौकरी वाले मेडकल अफसर के पदों के लिए भी अब प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग में खाली चल रहे 287 पदों के लिए चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड की ओर से विज्ञप्ति प्रकाशित की गई थी। इन पदों के लिए अभी तक 2200 के करीब आवेदन मिल चुके हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में एमबीबीएस डॉक्टरों के सरकारी नौकरी की दौड़ से बाहर होने की नौबत खड़ी हो गई है। राज्य में हाल के सालों में बड़ी संख्या में सरकारी और प्राइवेट कॉलेज खुले हैं। जिस वजह से हर साल 1300 के करीब एमबीबीएस डॉक्टर तैयार हो रहे हैं। यही वजह है कि मेडिकल अफसर पद के लिए भारी संख्या में आवेदन मिले हैं।
राज्य में पहली बार ऐसी स्थिति पैदा हुई है जब मेडिकल अफसर की नौकरी के लिए एमबीबीएस डॉक्टरों को एक पद के लिए आठ डॉक्टरों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। विदित है कि इस भर्ती के बाद राज्य में मेडिकल अफसर के सभी पद भर जाएंगे और डॉक्टरों के नौकरी छोड़ने या रिटायर होने पर ही पद खाली हो पाएंगे। ऐसे में एमबीबीएस के लिए नौकरी और मुश्किल होगी।
मेडिकल अफसर के 287 पदों के लिए 2200 आवेदन मिले हैं। राज्य में हर साल बड़ी संख्या में एमबीबीएस डॉक्टर तैयार हो रहे हैं जिससे यह नौबत आई है। आने वाले दो सालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के अधिकांश पद भी भर जाएंगे जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिल जाएगी -डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री।
मेरिट- पीजी वालों को ही मिल पाएगी नौकरी
मेडिकल अफसर के 287 पदों के लिए 2200 से अधिक आवेदन आने के बाद अब उन्हीं डॉक्टरों को नौकरी मिल पाएगी जिनका एकेडमिक रिकार्ड अच्छा होगा और उन्होंने पीजी भी किया हो।





