विदेश मंत्रालय में इंटर्नशिप का मौका, UP समेत 14 राज्यों के छात्रों के लिए आई खुशखबरी; यात्रा खर्च भी मिलेगा
विदेश मंत्रालय ने इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 टर्म II के लिए आवेदन मंगाए हैं। इसके तहत योग्य उम्मीदवार 27 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन करें।

अगर आप विदेश नीति और कूटनीति की दुनिया को करीब से समझना चाहते हैं तो आपके लिए एक बेहतरीन मौका आया है। विदेश मंत्रालय ने अपने इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 के दूसरे टर्म के लिए आवेदन मंगाए हैं। यह इंटर्नशिप अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक चलेगी और इच्छुक छात्र-छात्राएं मंत्रालय के आधिकारिक इंटर्नशिप पोर्टल पर 27 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्रोग्राम छात्रों को मंत्रालय के रोजमर्रा के कामकाज को नजदीक से देखने और समझने का मौका देता है। इसमें विदेश नीति कैसे बनाई जाती है, उसे कैसे अमल में लाया जाता है और मंत्रालय आम भारतीय नागरिकों से किस तरह जुड़ता है, इन सबकी जानकारी इंटर्न्स को मिलेगी। चुने गए उम्मीदवारों को संबंधित डिवीजन के हिसाब से काम सौंपा जाएगा, जिसमें रिसर्च करना, रिपोर्ट तैयार करना और मौजूदा घटनाक्रमों का विश्लेषण करना शामिल हो सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन
मंत्रालय के मुताबिक, यह इंटर्नशिप उन भारतीय नागरिकों के लिए खुली है जिन्होंने आवेदन के समय किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री पूरी कर ली हो। खास बात यह है कि अंडरग्रेजुएट कोर्स के आखिरी साल में पढ़ रहे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते इंटर्नशिप उनके पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा हो। उम्र सीमा की बात करें तो आवेदकों की उम्र 31 दिसंबर 2026 तक 25 साल या उससे कम होनी चाहिए। अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 वाले इस टर्म में 14 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों के आवेदकों को शामिल किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्य प्रमुख हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, लक्षद्वीप और पुडुचेरी को केंद्र शासित प्रदेशों की सूची में रखा गया है।
कितना मिलेगा स्टाइपेंड
चुने गए उम्मीदवारों को इंटर्नशिप के दौरान हर महीने 10,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा मंत्रालय दिल्ली और उम्मीदवार के गृह राज्य की राजधानी या उनके कॉलेज/विश्वविद्यालय के स्थान के बीच एक बार की आने-जाने की हवाई यात्रा का खर्च भी वहन करेगा, हालांकि यह इकॉनमी क्लास के किराये की तय सीमा के अधीन होगा। लेकिन एक बात ध्यान रखने वाली है कि दिल्ली में रहने और खाने-पीने का खर्च इंटर्न्स को खुद उठाना होगा।
कैसे होगा चयन
चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसमें दो चरण होंगे। पहला प्रारंभिक स्क्रीनिंग और दूसरा पर्सनल इंटरव्यू। प्रारंभिक स्क्रीनिंग में 12वीं और ग्रेजुएशन के अकादमिक प्रदर्शन को आधार बनाया जाएगा। मंत्रालय चयन के लिए कोटा-कम-वेटेज सिस्टम अपनाता है। जिन उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, उनका वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पर्सनल इंटरव्यू लिया जाएगा। इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने वाले उम्मीदवारों की संख्या, कुल चुने जाने वाले इंटर्न्स की संख्या से तीन गुना तक हो सकती है।
इस टर्म के लिए अधिकतम 30 इंटर्न्स को चुना जाएगा। मंत्रालय, एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट्स प्रोग्राम के तहत आने वाले जिलों के उम्मीदवारों को प्रारंभिक स्क्रीनिंग में प्राथमिकता देता है, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को इंटरव्यू चरण में तरजीह दी जाती है। साथ ही कम से कम 30 प्रतिशत सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखी जा सकती हैं।
इंटर्न्स को क्या करना होगा
इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को मंत्रालय के कामकाज के अलग-अलग पहलुओं, उसके संबद्ध कार्यालयों और आम जनता से जुड़े इंटरफेस से रूबरू कराया जाएगा। इंटर्न्स को खास असाइनमेंट भी दिए जा सकते हैं, जिनमें रिसर्च, रिपोर्ट राइटिंग और मौजूदा घटनाक्रमों का विश्लेषण शामिल है। इंटर्नशिप खत्म होने पर उन्हें अपने काम की विस्तृत रिपोर्ट जमा करनी होगी और जरूरत पड़ने पर प्रेजेंटेशन भी देना पड़ सकता है। मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि चयन आवश्यक सुरक्षा मंजूरी के अधीन है और इंटर्न्स को मंत्रालय से जुड़ी जानकारी को गोपनीय रखना अनिवार्य होगा।

