
NEET UG counselling 2025: नीट यूजी काउंसलिंग 2025 चॉइस फिलिंग की आखिरी तारीख बढ़ी, 1232 एमबीबीएस सीटें खाली
MCC NEET UG counselling 2025: एमसीसी ने चॉइस फिलिंग और चॉइस लॉकिंग की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। यह फैसला ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के तहत 1,232 एमबीबीएस (MBBS) सीटों के खाली रह जाने के बाद लिया गया है।
MCC NEET UG counselling 2025: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने नीट यूजी 2025 काउंसलिंग के स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए उम्मीदवारों को बड़ी राहत दी है। एमसीसी ने चॉइस फिलिंग और चॉइस लॉकिंग की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है।

यह फैसला ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के तहत 1,232 एमबीबीएस (MBBS) सीटों के खाली रह जाने के बाद लिया गया है। खाली सीटों की अंतिम लिस्ट जारी होने के बाद, MCC ने उम्मीदवारों को कॉलेजों और कोर्स की अपनी पसंद भरने के लिए समय बढ़ा दिया है।
अब कब तक भर सकते हैं चॉइस?
उम्मीदवार अब 13 नवंबर 2025 की रात 11:55 बजे तक अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और कोर्स भर सकते हैं और उन्हें लॉक कर सकते हैं। यह पूरी प्रक्रिया MCC की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर ऑनलाइन पूरी करनी होगी।
ये नियम जानना है जरूरी-
एमसीसी ने स्ट्रे वैकेंसी राउंड में भाग लेने वाले उम्मीदवारों के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
नया रजिस्ट्रेशन जरूरी: MCC ने साफ किया है कि इस स्ट्रे वैकेंसी राउंड में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए नया रजिस्ट्रेशन करना और चॉइस फिलिंग करना जरूरी है।
PwD उम्मीदवारों के लिए समय सीमा: दिव्यांग (PwD) कैटेगरी के तहत एडमिशन चाहने वाले उम्मीदवारों के लिए भी डेडलाइन को आगे बढ़ाया गया है। अब वे 12 नवंबर 2025 को MCC द्वारा अधिकृत दिव्यांगता केंद्रों से अपना सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं।
NRI उम्मीदवारों के लिए: जो उम्मीदवार एनआरआई कैटेगरी के तहत आवेदन कर रहे थे, उन्हें अपने जरूरी डॉक्यूमेंट 11 नवंबर 2025 को दोपहर 2 बजे तक ईमेल के ज़रिए भेजने के निर्देश दिए गए थे।
अलॉटमेंट रिजल्ट में हो सकती है देरी
चॉइस फिलिंग की समय सीमा बढ़ने के कारण, सीट अलॉटमेंट के नतीजे जो पहले 12 नवंबर 2025 को ही घोषित होने वाले थे, अब देरी से जारी किए जाने की संभावना है। MCC जल्द ही इस संबंध में नई तारीखों की घोषणा कर सकती है।
कई राज्यों के काउंसलिंग अधिकारियों ने भी अपने राज्य स्तरीय नीट यूजी काउंसलिंग शेड्यूल को MCC के नए शेड्यूल के साथ तालमेल बिठाने के लिए बदल दिया है। राज्य स्तरीय सीटों का अलॉटमेंट AIQ स्ट्रे वैकेंसी अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।
सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अपडेट या घोषणा के लिए नियमित रूप से MCC की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in को चेक करते रहें।



