एमबीबीएस छात्रों को राहत, फर्स्ट ईयर के लिए अब 5 मौके, पर 10 साल वाले नियम में ढील नहीं
वर्ष 2019-20 और उसके बाद MBBS में एडमिशन लेने वाले मेडिकल विद्यार्थियों को फर्स्ट ईयर की परीक्षा पास करने के लिए एक अतिरिक्त मर्सी अटैम्प्ट मिलेगा। पर उन्हें MBBS 10 साल में पूरा करना ही होगा।

नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने एमबीबीएस फर्स्ट ईयर वर्ष के छात्रों को बड़ी राहत दी है। वर्ष 2019-20 और उसके बाद एडमिशन लेने वाले मेडिकल विद्यार्थियों को फर्स्ट ईयर की परीक्षा पास करने के लिए एक अतिरिक्त मर्सी अटैम्प्ट मिलेगा। अब फर्स्ट ईयर की परीक्षा पास करने के लिए 5 मौके मिलेंगे जबकि पहले 4 ही अवसर मिलते थे। यह छूट उन छात्रों को भी मिलेगी, जिन्होंने फर्स्ट ईयर का पाठ्यक्रम पूरा करने की निर्धारित 4 साल की अवधि पार कर ली है, बशर्ते उनका दाखिला वैध हो और संबंधित विश्वविद्यालय या कॉलेज ने रद्द नहीं किया हो।
यह कदम उन मेडिकल छात्रों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया है, जो पहले साल के विषयों में बैकलॉग के कारण अपनी पढ़ाई में हो रही देरी से परेशान थे। यह अतिरिक्त मौका पात्र छात्रों को अपनी जरूरी परीक्षाएं पास करने और अपनी मेडिकल ट्रेनिंग को आगे बढ़ाने का एक और अवसर दे सकता है। मर्सी अटेम्प्ट देने के प्रस्ताव पर 23 सितंबर 2026 को NMC की 18वीं बैठक में चर्चा की गई थी। कमीशन को छात्रों, विश्वविद्यालयों और अन्य संबंधित पक्षों से कई आवेदन मिले थे, जिनमें फर्स्ट प्रोफेशनल MBBS परीक्षा पास करने के लिए और अधिक मौके देने की मांग की गई थी। छात्रों ने अपने अनुरोधों में कोविड 19 महामारी के कारण पढ़ाई में रुकावट, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और व्यक्तिगत मुश्किल परिस्थितियां जैसे कारण गिनाए थे। आपको बता दें कि एनएमसी ही देश में मेडिकल शिक्षा की देखरेख करती है।
सिर्फ एक बार के लिए छूट
यह नया फैसला लंबित मामलों के लिए एक बार दी जाने वाली अस्थायी छूट है। यह पहले साल की MBBS परीक्षा को लेकर कोई ऐसा नियम नहीं बनाता है जिसे असीमित बार दिया जा सके। यानी यह छूट सिर्फ एक बार के लिए दी गई है हमेशा के लिए नहीं।
10 साल में ही पास करना होगा एमबीबीएस
इस अतिरिक्त मौके का मतलब यह नहीं है कि छात्र अपनी मेडिकल डिग्री पूरी करने के लिए जितना चाहें उतना समय ले सकते हैं। NMC ने स्पष्ट किया है कि इस निर्णय के अनुसार MBBS कोर्स पूरा करने की अधिकतम समय सीमा एडमिशन की तारीख से 10 साल है।
NMC ने सभी संबंधित विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य हितधारकों को सलाह दी है कि वे इस निर्णय पर ध्यान दें और पात्र मामलों पर उसी के अनुसार कार्रवाई करें।
किसे एक और मौका नहीं मिल सकता
जिन छात्रों ने पहले ही एक मर्सी अटेम्प्ट का इस्तेमाल कर लिया है और अपने सभी पांच मौके पूरे कर लिए हैं, वे इस नए फैसले के तहत किसी और मौके के लिए पात्र नहीं होंगे। NMC ने स्पष्ट किया है कि ऐसे छात्रों को इस छूट के तहत छठा मौका नहीं दिया जाएगा, भले ही वे आयोग के किसी पुराने फैसले या अदालत के किसी निर्देश का हवाला दें।

