
MBBS Seats : NEET छात्रों को तोहफा, 10650 नई एमबीबीएस सीटों और 41 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी
MBBS Seats In India : एनएमसी ने 10650 नई एमबीबीएस सीट को मंजूरी दे दी है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2024 के स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से 5 साल में मेडिकल की 75 हजार सीटें बढ़ाने का ऐलान किया था।
MBBS Seats In India : देश में मेडिकल एजुकेशन की देख-रेख करने वाली संस्थान राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए 10650 नई एमबीबीएस सीट को मंजूरी दे दी है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2024 के स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से 5 साल में मेडिकल की 75 हजार सीटें बढ़ाने का ऐलान किया था। एनएमसी प्रमुख डॉ. अभिजात शेठ ने बताया कि 41 नए मेडिकल कॉलेज के जुड़ने से देश में कुल चिकित्सा संस्थानों की संख्या 816 हो गई है। उन्होंने बताया कि कुल 10,650 एमबीबीएस सीट को मंजूरी दी गई है।

इससे 2024-25 शैक्षणिक वर्ष के लिए कुल एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 1,37,600 हो जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों (आईएनआई) की सीट भी शामिल हैं।
पीजी सीटों के लिए 3,500 से अधिक आवेदन प्राप्त
स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों के लिए, एनएमसी को नयी और नवीनीकृत सीटों के लिए 3,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। डॉ. शेठ ने कहा कि आयोग को लगभग 5,000 पीजी सीट की वृद्धि की उम्मीद है, जिससे देश भर में कुल पीजी सीट की संख्या 67,000 हो जाएगी। इस वर्ष यूजी और पीजी दोनों सीट में कुल वृद्धि लगभग 15,000 होगी।
अंतिम अनुमोदन प्रक्रिया और परामर्श में कुछ देरी हुई है, हालांकि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि ये प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।
आगामी शैक्षणिक वर्ष के लिए मान्यता, परीक्षाओं और सीट मैट्रिक्स अनुमोदन के कार्यक्रम का विवरण देने वाला एक खाका जल्द ही प्रकाशित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 2025-26 के आवेदनों के लिए पोर्टल नवंबर की शुरुआत में खुलने वाला है।
डॉ. शेठ ने विशेष रूप से इस बात पर प्रकाश डाला कि इस वर्ष हाल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि ‘मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड’ (एमएआरबी) के फैसलों के खिलाफ सभी अपीलों का निपटारा बिना किसी अदालती हस्तक्षेप के किया गया।
मानसिक दिव्यांगों को मिल सकता है आरक्षण
नई दिल्ली। मेडिकल एजुकेशन में दिव्यांगजनों को आरक्षण सुविधा देने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने एक अंतरिम गाइडलाइन जारी की है। इसमें कई श्रेणियों के दिव्यांगों के लिए मौके प्रदान किए गए हैं। गाइडलाइन में कहा गया कि मानसिक रूप से दिव्यांगों को भी आरक्षण प्रदान किया जाएगा, लेकिन अभी इसके आकलन के लिए पर्याप्त मानक उपलब्ध नहीं हैं।





