Hindi Newsकरियर न्यूज़MBBS Seats In India : NEET UG good news MBBS seat count crosses 1 29 lakh 19 states get new medical colleges
NEET UG : खुशखबरी, देश मे MBBS सीटें 1.29 लाख के पार, NMC का लेटेस्ट सीट मैट्रिक्स, देखें राज्यवार ब्योरा

NEET UG : खुशखबरी, देश मे MBBS सीटें 1.29 लाख के पार, NMC का लेटेस्ट सीट मैट्रिक्स, देखें राज्यवार ब्योरा

संक्षेप:

MBBS Seats In India : शैक्षणिक वर्ष 2025–26 के दौरान भारत में एमबीबीएस सीटों का अब तक का सबसे बड़ा इजाफा देखा गया है। महज एक साल में इतनी बढ़ोतरी कभी नहीं देखी गई है। देश में कुल एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 129026 हो गई है।

Dec 18, 2025 06:44 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

MBBS Seats In India : नीट यूजी छात्रों के लिए अच्छी खबरी है। देश में एमबीबीएस की सीटों में लगातार इजाफा हो रहा है। शैक्षणिक वर्ष 2025–26 के दौरान भारत में एमबीबीएस सीटों का अब तक का सबसे बड़ा इजाफा देखा गया है। महज एक साल में इतनी बढ़ोतरी कभी नहीं देखी गई है। देश में कुल एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 1,29,026 हो गई है। कुछ दिनों पहले सरकार ने संसद में एनएमसी के हवाले से जानकारी दी थी देश में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या 128875 है। लेकिन नेशनल मेडिकल कमिश (एनएमसी - NMC) की ओर से सोमवार को जारी सबसे लेटेस्ट एमबीबीएस सीट मैट्रिक्स के अनुसार इस वर्ष कुल 11,276 नई सीटें जोड़ी गई हैं। और देश में एमबीबीएस की 1,29,026 सीटें हो गई हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

हालांकि एनएमसी ने नए मेडिकल कॉलेजों में 3,300 एमबीबीएस सीटों को मंजूरी दी है, लेकिन बड़ी संख्या में सीटों की वृद्धि मौजूदा मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाए जाने के कारण हुई है। कुल सीटों की संख्या 2024 में 1,17,750 से बढ़कर 2025 में 1,29,026 हो गई है। इन 11,501 एमबीबीएस सीटों में एम्स और जिपमर की 231 सीटें शामिल नहीं हैं।

केंद्र सरकार द्वारा केंद्र प्रायोजित योजना (सीएसएस) के चरण-3 के तहत 10,000 स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल सीटें जोड़ने को कैबिनेट की मंजूरी दिए जाने के बाद NMC ने एमबीबीएस सीट मैट्रिक्स में संशोधन और अपडेट किया।

19 राज्यों में नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी

लेटेस्ट सीट मैट्रिक्स के अनुसार, इस वर्ष कम से कम 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को नए मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी मिली है। 3,300 नई सीटों में से राजस्थान को सबसे अधिक लाभ मिला है, जहां छह नए मेडिकल कॉलेजों के जरिए 500 एमबीबीएस सीटें जोड़ी गई हैं। ये कॉलेज जैसलमेर, जयपुर और कोटा सहित अन्य स्थानों पर स्थित हैं। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को चार-चार मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी मिली है। इसके चलते एमपी में 400 और महाराष्ट्र में 300 सीटें बढ़ी हैं।

बिहार, केरल और पश्चिम बंगाल को तीन-तीन नए मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा असम, हरियाणा, गुजरात, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश सहित कई अन्य राज्यों को भी एक या दो नए मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी दी गई है।

ये भी पढ़ें:MBBS की 57 सीटें खाली क्यों जा रही,कोर्ट के एक्शन से कम अंक वालों में जगी उम्मीद

सबसे अधिक एमबीबीएस सीटें किन राज्यों में

एनएमसी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, 3 दिसंबर 2025 तक कर्नाटक में देश में सबसे अधिक 13,944 एमबीबीएस सीटें हैं। इसके बाद तमिलनाडु (13,050), उत्तर प्रदेश (13,425) और महाराष्ट्र (12,824) का स्थान है।

एमबीबीएस सीटों की वापसी और रोक

ताजा एमबीबीएस सीट मैट्रिक्स में देश के पांच मेडिकल कॉलेजों में सीटों की वापसी या सशर्त मंजूरी भी दर्शाई गई है। दिल्ली स्थित हमदर्द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च की 150 सीटें लंबित अदालती मामले के कारण समाप्त कर दी गई हैं। गुजरात के स्वामीनारायण इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च में 50 नई सीटों की वृद्धि अदालत और CBI मामले के नतीजे पर निर्भर करेगी। इसी तरह कर्नाटक के बेलगावी स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित नेशनल कैपिटल रीजन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में सीटों की वृद्धि भी लंबित कानूनी मामलों के कारण रुकी हुई है। इसके अलावा एनएमसी NMC ने उच्च न्यायालय के आदेश के बाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू में एक सुपरन्यूमेरेरी (अतिरिक्त) सीट भी जोड़ी है।

राज्य - MBBS सीटें (2025-26)

राज्य एमबीबीएस सीट मैट्रिक्स 2025–26

अंडमान और निकोबार 114

आंध्र प्रदेश 7,215

अरुणाचल प्रदेश 100

असम 1,975

बिहार 3,545

चंडीगढ़ 150

छत्तीसगढ़ 2,455

दादरा और नगर हवेली 177

दिल्ली 1,396

गोवा 200

गुजरात 7,525

हरियाणा 2,710

हिमाचल प्रदेश 970

जम्मू और कश्मीर 1,726

झारखंड 1,255

कर्नाटक 13,944

केरल 5,404

मध्य प्रदेश 5,725

महाराष्ट्र 12,824

मणिपुर 525

मेघालय 200

मिजोरम 100

नागालैंड 100

ओडिशा 3,025

पुदुचेरी 1,873

पंजाब 1,899

राजस्थान 7,330

सिक्किम 150

तमिलनाडु 13,050

तेलंगाना 9,540

त्रिपुरा 450

उत्तर प्रदेश 13,425

उत्तराखंड 1,450

पश्चिम बंगाल 6,499

कुल एमबीबीएस सीटें 1,29,026

केंद्र सरकार ने राज्यसभा में कहा- 6 वर्षों में एमबीबीएस की 48563 और मेडिकल पीजी की 29080 सीटें शामिल हुईं

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने राज्यसभा में एक प्रश्न के जवाब में सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच देश में एमबीबीएस की 48,563 सीटों और पीजी की 29,080 सीटों की वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2028-29 के दौरान सरकारी मेडिकल कॉलेजों में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 10,023 नई मेडिकल सीटें जोड़ने को स्वीकृति दी है।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।