एमबीबीएस 217 अंक पर मिला , नीट काउंसलिंग में 5 अक्टूबर के बाद के प्रमाण पत्रों पर आरक्षण नहीं
नीट यूजी की राज्य काउंसलिंग में 5 अक्तूबर के बाद जारी स्थायी निवास, आरक्षित श्रेणी के प्रमाण-पत्र मान्य नहीं होंगे। एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि ने सोमवार को नोटिस जारी कर ऐसे प्रमाण पत्रों की अंतिम तारीख स्पष्ट कर दी।

नीट यूजी की राज्य काउंसलिंग में पांच अक्तूबर के बाद जारी स्थायी निवास, आरक्षित श्रेणी के प्रमाण-पत्र मान्य नहीं होंगे। एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि ने सोमवार को नोटिस जारी कर ऐसे प्रमाण पत्रों की अंतिम तारीख स्पष्ट कर दी। अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेजों की प्रामाणिकता और वैधता सुनिश्चित करनी होगी। लेकिन, फर्जी दस्तावेज पाए जाने पर एमबीबीएस सीट का आवंटन रद्द किया जाएगा। सार्वजनिक नोटिस में कहा गया-मूल निवास, श्रेणी और उपश्रेणी के प्रमाण-पत्र जारी करने की अंतिम तिथि पांच अक्तूबर 2026 तय थी। इसके बाद जारी प्रमाण-पत्र प्रवेश प्रक्रिया में स्वीकारे नहीं जाएंगे। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप बहुगुणा ने 22 और संदिग्धों की सूची जारी कर दस्तावेजों में संभावित फर्जीवाड़े की आशंका जताई है और जांच की मांग की है।
प्रदेशभर में तीसरे चरण में प्रोविजनल सीट आवंटन
कुलपति की अध्यक्षता में 12 अक्तूबर को हुई नीट यूजी काउंसलिंग बोर्ड की बैठक में मंजूरी के बाद तीसरे चरण का प्रोविजनल सीट आवंटन का परिणाम आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। अभ्यर्थियों की मेरिट और काउंसलिंग में भरे गए विकल्पों के आधार पर सीटें आवंटित की गईं।
कटऑफ की स्थिति
सरकारी मेडिकल कॉलेज
नीट यूजी की राज्य काउंसलिंग के तीसरे चरण के तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सामान्य वर्ग का कटऑफ 534 अंक रहा। वहीं, सामान्य महिला श्रेणी में 535 अंक पर सीट आवंटित हुई। वहीं ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) का कटऑफ 526, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का 509, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 428 और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 415 अंक तक रहा।
निजी मेडिकल कॉलेज
- निजी मेडिकल कॉलेजों में राज्य कोटे की सीट के लिए सामान्य वर्ग का कटऑफ 217 अंक रहा। ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) में 218, एससी वर्ग में 214 और एसटी वर्ग में 194 अंक पर सीट आवंटित हुई। निजी मेडिकल कॉलेजों के अखिल भारतीय कोटे में सामान्य श्रेणी का कटऑफ 234 अंक रहा।
छात्रों के लिए दिशानिर्देश
- अभ्यर्थी 13 अक्तूबर को दोपहर एक बजे के बाद अपना आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
पोर्टल पर अपलोड किए गए परिणाम में किसी तरह की त्रुटि पर 13 अक्तूबर को सुबह 11 बजे तक काउंसलिंग बोर्ड को ukneetcounselling@gmail.com पर ई-मेल से सूचना देनी होगी।
सीट आवंटन परिणाम अस्थायी है। बदलाव संभव है। प्रोविजनल आवंटन के आधार पर किसी अभ्यर्थी को सीट पर प्रवेश का अंतिम अधिकार नहीं मिलेगा।

