MBBS की 4 सीटें अब आतंकवाद पीड़ितों के पत्नी-बच्चों को, NEET अनिवार्य, 3 कैटेगरी में प्राथमिकता
केंद्र सरकार ने केंद्रीय पूल से MBBS की 4 सीटें आतंकवाद के शिकार नागरिकों के जीवनसाथी और बच्चों के लिए आवंटित की हैं। इनके लिए निर्धारित विभिन्न मेडिकल कॉलेजों या संस्थानों में प्रवेश में उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी

केंद्र सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय पूल से एमबीबीएस की चार सीटें आतंकवाद के शिकार नागरिकों के जीवनसाथी और बच्चों के लिए आवंटित की हैं। इनके लिए निर्धारित विभिन्न मेडिकल कॉलेजों या संस्थानों में प्रवेश में उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इस श्रेणी में एक-एक एमबीबीएस सीट बिहार के गया जिले के एएन मगध मेडिकल कॉलेज और महाराष्ट्र के मुंबई के ग्रैंड मेडिकल कॉलेज में आरक्षित है। बकि शेष दो सीटें छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के पंडित जेएनएम मेडिकल कॉलेज में आवंटित की गई हैं। गृह मंत्रालय के आतंकवाद एवं कट्टरपंथ रोधी प्रभाग ने इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र भेजकर ‘आतंकवाद के पीड़ित नागरिक’ श्रेणी से पात्र उम्मीदवारों के नाम मांगे हैं।
मंत्रालय ने आवेदन और नामांकन की अंतिम तारीख 12 सितंबर तय की है। पात्र उम्मीदवारों के आवेदन संबंधित प्रमाणित दस्तावेजों के साथ गृह मंत्रालय को भेजने होंगे। 12 सितंबर तक प्राप्त आवेदनों पर ही सीट आवंटन के लिए विचार किया जाएगा।
तीन श्रेणियों में प्राथमिकता
सर्वोच्च प्राथमिकता उन बच्चों को दी जाएगी जिनके माता-पिता दोनों आतंकवादियों द्वारा मारे गए हैं, उसके बाद उन परिवारों के बच्चों को जिनके एकमात्र कमाने वाले को आतंकवादियों द्वारा मार दिया गया है। इसके बाद स्थायी विकलांगता और गंभीर चोट के शिकार लोगों के आश्रितों को तरजीह मिलेगी।
पात्रता मानदंड तय
गृह मंत्रालय ने उम्मीदवारों के लिए पात्रता मानदंड भी तय किए हैं। इनके अनुसार, उम्मीदवार आतंकवाद के शिकार किसी मृत या विकलांग नागरिक का जीवनसाथी या संतान होना चाहिए। एमबीबीएस प्रथम वर्ष में प्रवेश के समय उम्मीदवार की आयु 17 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के तहत उम्मीदवार को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के स्नातक चिकित्सा शिक्षा नियमों की शर्तें पूरी करनी होंगी।
नीट (NEET UG) पास करना जरूरी
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को पहले नीट-यूजी 2026 में निर्धारित न्यूनतम पात्रता पर्सेंटाइल हासिल करना होगा। अनारक्षित और सामान्य-ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50वां पर्सेंटाइल, जबकि एससी/एसटी और ओबीसी के लिए 40वां पर्सेंटाइल निर्धारित है। दिव्यांगके लिए अनारक्षित और सामान्य-ईडब्ल्यूएस वर्ग में 45वां पर्सेंटाइल तथा एससी/एसटी और ओबीसी वर्ग में 40वां पर्सेंटाइल जरूरी है।

