एमबीबीएस और बीडीएस की 1078 सीटें रह गईं खाली, राजस्थान वाले क्यों जा रहे यूपी
राजस्थान में स्टेट कोटा की नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के तीन राउंड पूरे होने के बाद भी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में 1217 सीटें खाली रह गई हैं। इसमें एमबीबीएस की 1,078 (88.6 फीसदी) और बीडीएस की 139 (11.4 फीसदी) सीटें हैं।

राजस्थान में स्टेट कोटा की नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के तीन राउंड पूरे होने के बाद भी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में 1217 सीटें खाली रह गई हैं। अब ये स्ट्रे राउंड से भरी जा रही हैं जो कि शुरू हो चुका है। इसमें एमबीबीएस की 1,078 (88.6 फीसदी) और बीडीएस की 139 (11.4 फीसदी) सीटें हैं। एमबीबीएस में पहले 1039 सीटें खाली थीं। राउंड-3 में रिपोर्टिंग नहीं करने वाले अभ्यर्थियों के कारण 39 सीटें और बढ़ गईं। नीट-यूजी 2026 काउंसलिंग के चेयरमैन डॉ. बी.एल. कुमावत के अनुसार स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसमें शामिल होने वालों को तय समय सीमा में दस्तावेजों का फिजिकल वेरिफिकेशन कराना होगा।
स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल
प्रोविजनल रिक्त सीट मैट्रिक्स जारी होना: 16 अक्टूबर 2026
ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा करने की अवधि: 16 अक्टूबर से 17 अक्टूबर
मूल दस्तावेजों का ऑफलाइन सत्यापन और बॉन्ड जमा करना (SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर): 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर
अस्थाई संयुक्त मेरिट सूची का प्रकाशन: 20 अक्टूबर
सिक्योरिटी जमा होगी- 19 से 21 अक्टूबर
ऑनलाइन चॉइस फिलिंग : 19 से 21 अक्टूबर
प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी होना: 22 अक्टूबर
आवंटित कॉलेज डेस्क पर रिपोर्टिंग एवं दस्तावेज जमा करना (SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर): 22 अक्टूबर से 26 अक्टूबर
यूपी वाले क्यों कर रहे राजस्थान का रुख
कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि राजस्थान के डीम्ड और प्राइवेट कॉलेजों में सीट खाली रहने का सीधा कारण एमबीबीएस की फीस ज्यादा होना है। इसके चलते ज्यादातर विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश का रुख कर लिया है। वहां के निजी और डीम्ड मेडिकल कॉलेजों में फीस कम है।
राजस्थान में 1.46 करोड़ तक फीस
राजस्थान में जनरल कोटा के तहत डीम्ड या प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की सीट पर 85.05 लाख से 1.08 करोड़ रुपए के बीच फीस है। जबकि मैनेजमेंट कोटा में यह फीस 1.13 से 1.46 करोड़ के बीच है। जनरल और मैनेजमेंट कोटा में 25 से 30 फीसदी (27 से 40 लाख) के आसपास फीस का अंतर है।

