एबीबीएस और बीडीएस की फीस 6 गुना बढ़ी, ज्यादा आय वाले NEET छात्रों से वसूले जाएंगे अधिक रुपये
MBBS BDS fees : असम सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस कोर्स के लिए सालाना सरकारी फीस लगभग पांच से छह गुना बढ़ा दी है। अब जिन परिवारों की सालाना कमाई 9 लाख से अधिक है, उनके छात्रों को हर साल 1 लाख रुपये देने होंगे।

MBBS BDS fees : असम सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस कोर्स के लिए सालाना सरकारी फीस लगभग पांच से छह गुना बढ़ा दी है। अब जिन परिवारों की सालाना कमाई 9 लाख से अधिक है, उनके छात्रों को हर साल 1 लाख रुपये देने होंगे। वहीं बीडीएस कोर्स के लिए ज्यादा से ज्यादा सालाना फीस 75000 रुपये तय की गई है। यह बढ़ोतरी एम्स (AIIMS) के मुकाबले बहुत ज्यादा है। एम्स में पूरे साढ़े पांच साल के MBBS कोर्स की फीस 5856 है। नई फीस स्ट्रक्चर में आय के आधार पर अलग-अलग स्लैब बनाए गए हैं जिससे अमीर परिवारों के छात्रों पर ज्यादा आर्थिक बोझ पड़ेगा जबकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को छूट मिलेगी।
9 लाख रुपये से ज्यादा आय वाले देंगे 1 लाख सालाना
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक जिन परिवारों की सालाना कमाई 9 लाख रुपये से ज्यादा है, उनके MBBS छात्र हर साल 1 लाख रुपये देंगे, जबकि बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले) और कम आय वाले परिवारों के छात्र 5000 रुपये देंगे। 4 लाख से 9 लाख रुपये की आय वाले परिवारों के छात्र हर साल 50000 रुपये देंगे।
बीडीएस की फीस
बीडीएस कोर्स के लिए 9 लाख रुपये या उससे अधिक कमाने वाले परिवारों के छात्र हर साल 75000 रुपये देंगे। बीपीएल और कम आय वाले छात्र 3750 देंगे, जबकि मध्यम आय वर्ग के छात्र 50 फीसदी छूn
ट के बाद 37500 रुपये देंगे। अधिकारियों ने कहा कि आय-आधारित स्लैब पुरानी एक जैसी फीस व्यवस्था से अलग हैं, जिसमें अमीर परिवारों के छात्र लागत का ज्यादा हिस्सा उठाएंगे।
पहले आय से कोई फर्क नहीं पड़ता था
एमबीबीएस और बीडीएस एवं दूसरे मेडिकल कोर्स की फीस 2022 से नहीं बदली थी। अब तक आय के आधार पर कोई अंतर नहीं किया जाता था। हॉस्टल में रहने वाले MBBS छात्र एडमिशन के समय नॉन-गवर्नमेंट फीस के तौर पर 21500 रुपये देते थे, जबकि हॉस्टल में न रहने वाले छात्र 15500 रुपये देते थे। इन शुल्कों में हॉस्टल फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट, यूनियन फीस और स्टूडेंट वेलफेयर फंड जैसे खर्च शामिल हैं। बीडीएस छात्रों के लिए यही शुल्क हॉस्टल में रहने वालों के लिए 13000 रुपये और हॉस्टल में न रहने वालों के लिए 11000 रुपये था।
छात्र एक बार सरकारी एडमिशन फीस के तौर पर 2400 रुपये भी देते थे। दूसरे साल से MBBS के लिए सालाना नॉन-गवर्नमेंट फीस 8000 रुपये और BDS के लिए 4000 रुपये थी।
एक अधिकारी ने कहा, “इसलिए बदला हुआ फीस स्ट्रक्चर पहले की एक जैसी फीस व्यवस्था से अलग है। यह मेडिकल एजुकेशन के फाइनेंशियल बोझ को सीधे परिवार की इनकम से जोड़ता है, जिसमें ज्यादा इनकम वाले ग्रुप को काफी ज्यादा फीस देनी होगी और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को काफी छूट मिलेगी।”
इस ऐकेडमिक सेशन से नई फीस ली जाएगी
असम के मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के दो राउंड पूरे हो चुके हैं, जबकि तीसरा और आखिरी राउंड अभी बाकी है। एक सरकारी मेडिकल कॉलेज के अधिकारी ने कहा कि मौजूदा एकेडमिक सेशन में एडमिशन लेने वाले छात्रों से जल्द ही बदली हुई सरकारी फीस ली जाएगी जो अभी तक नहीं ली गई है।
पहले दो राउंड में एडमिशन लेने वाले छात्र पहले ही 21500 रुपये की एक बार की नॉन-गवर्नमेंट फीस दे चुके हैं, जो पिछले कुछ सालों से बदली नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि बदला हुआ सरकारी फीस स्ट्रक्चर मौजूदा एकेडमिक सेशन से एडमिशन लेने वाले छात्रों पर लागू होगा। मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के सूत्रों ने कहा कि मेंटेनेंस और ऑपरेशनल खर्चों में बढ़ोतरी को देखते हुए यह बढ़ोतरी जरूरी थी।
एक सूत्र ने कहा, "मेडिकल कॉलेजों के मेंटेनेंस की बढ़ती लागत और इससे जुड़े खर्चों में बढ़ोतरी को देखते हुए, सरकारी फीस में बदलाव जरूरी समझा गया। हालांकि, सरकार ने संशोधित शुल्क ढांचे को लागू करने के पीछे कोई स्पष्ट या विशेष कारण नहीं बताया है।
प्रिंसिपलों को छूट देने का अधिकार
अधिसूचना में सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों के प्रिंसिपलों को यह अधिकार भी दिया गया है कि वे असाधारण परिस्थितियों का सामना कर रहे छात्रों की लागू सरकारी फीस में 50 फीसदी तक की छूट दे सकते हैं। यह छूट उन मामलों में दी जा सकती है जहां आर्थिक या अन्य गंभीर परिस्थितियों के कारण छात्र को अपनी MBBS या BDS की पढ़ाई बीच में छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

