एमबीबीएस और बीडीएस के 778 दाखिलों की होगी जांच, नीट के कोटे में गोलमाल का शक
एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि ने कुल 1112 अभ्यर्थियों की सूची जारी की। 778 अभ्यर्थियों ने राज्य कोटे के तहत एमबीबीएस-बीडीएस में प्रवेश के लिए आरक्षण का लाभ लिया है।

उत्तराखंड में डॉक्टर बनने की राह पर निकले 778 अभ्यर्थियों के हर प्रकार के प्रमाण-पत्रों की जांच होगी। नीट यूजी काउंसलिंग में फर्जी कागजों के सहारे दाखिले सामने आने के बाद सरकारी तंत्र हरकत में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सख्त रुख के बाद इन सभी अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज उनके जिलों में सत्यापन के लिए भेज दिए गए हैं। सोमवार को एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विवि ने पहले और दूसरे चरण में प्रोविजनल प्रवेश और ‘फ्लोट’ का विकल्प चुनने वाले कुल 1112 अभ्यर्थियों की सूची जारी की। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल के मुताबिक, 778 अभ्यर्थियों ने राज्य कोटे के तहत एमबीबीएस-बीडीएस में प्रवेश के लिए एससी-एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और स्वतंत्रता सेनानी आश्रित जैसे आरक्षण का लाभ लिया है। इनके कागजों का सत्यापन अब जिला प्रशासन करेगा।
मंत्री तक पहुंचाई 370 संदिग्धों की सूची: सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप बहुगुणा ने हाल ही में 370 संदिग्ध अभ्यर्थियों की सूची स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को सौंपी। उन्होंने नीट प्रवेश में फर्जीवाड़े का संदेह जताया। हालांकि, स्वतंत्रता सेनानी कोटे में कुछ मामलों में फर्जी तरीके से प्रवेश की पुष्टि हो चुकी है, जिस पर एसआईटी जांच जारी है। बताया जा रहा है कि जल्द ही कुछ गिरफ्तारी भी हो सकती है।
हरिद्वार में मेरिट में आई छात्रा के दस्तावेज जब्त
देहरादून। स्वतंत्रता सेनानी कोटे में फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे एमबीबीएस में प्रवेश की जांच तेज हो गई है। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) सोमवार को एसपी जया बलोनी के नेतृत्व में दून से हरिद्वार मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां से छात्रा के सभी शैक्षिक-आरक्षण प्रपत्र सील कर कब्जे में लिए गए। एसपी के अनुसार, मेरिट लिस्ट के आधार पर छात्रा को हरिद्वार का मेडिकल कॉलेज मिला था। यहां के कुछ अफसरों से पूछताछ की और दाखिले के वक्त जमा एक-एक कागज जांचे गए।
‘ऑल इंडिया कोटे’ वाली 338 सीट की जांच नहीं
इधर, ऑल इंडिया कोटे की 338 सीटों पर दाखिले की जांच नहीं होगी। चूंकि, इन सीटों पर राज्य स्तरीय आरक्षण लागू नहीं है। लिहाजा, एमसीसी के शेड्यूल के मुताबिक, 28 सितंबर से 9 अक्तूबर के बीच तीसरे चरण की काउंसलिंग होगी। इससे पहले ही जिला स्तरीय सत्यापन पूरा हो सकता है।
स्टेट कोटे में प्रवेश और ‘फ्लोट’ की स्थिति
मेडिकल कॉलेज, प्रवेश, फ्लोट
दून मेडिकल कॉलेज देहरादून 106 05
हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज 89 05
वीसीएसजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज श्रीनगर 84 27
एसएसजे मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा 40 34
हरिद्वार मेडिकल कॉलेज 56 22
हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज जौलीग्रांट 82 20
एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज देहरादून 47 42
गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय देहरादून 25 21
सीमा डेंटल कॉलेज ऋषिकेश 25 11
उत्तरांचल डेंटल कॉलेज देहरादून 14 23
तहसील स्तर पर भी एसआईटी का शिकंजा
एमबीबीएस में प्रवेश के लिए फर्जी प्रमाण-पत्र कहां से और कैसे जारी हुए, इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए एसआईटी ने दून में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय से भी अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।
हल्द्वानी-श्रीनगर में खंगाली गईं फाइलें
इस पूरे नेटवर्क की परतें उधेड़ने को एसआईटी चौतरफा कार्रवाई कर रही है। इससे पहले, एसआईटी हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर वहां फर्जी दस्तावेजों से आवेदन करने वालों के प्रपत्र जब्त कर चुकी है।

